Fact Check : बाइक सवार पर तलवार से हमले का वीडियो पंजाब का है, बंगाल का नहीं, सांप्रदायिक दावा भी गलत
पंजाब के लुधियाना के समराला में एक शख्स ने वकील और उसके परिजनों पर हमला कर दिया था। हमले का आरोपी मुस्लिम नहीं है। उस वारदात के वीडियो को गलत सांप्रदायिक दावे के साथ पश्चिम बंगाल का बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Aug 14, 2025 at 04:25 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अगले साल पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो भड़काऊ और सांप्रदायिक दावे के साथ वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक को बाइक सवार पर तलवार से हमला करते हुए दिखाया गया है। इसके साथ में दावा किया गया है कि पश्चिम बंगाल में मुस्लिम शख्स ने हिंदू बाइक सवार पर हमला किया है।
वायरल वीडियो की जांच में पता चला कि बाइक सवार पर तलवार से हमले का यह वीडियो पंजाब के लुधियाना जिले का है, जहां पड़ोसी ने बाइक सवार और उसके परिवार के सदस्यों पर तलवार से हमला किया था। इसमें तीन लोग घायल हो गए थे। इस वीडियो में आरोपी मुस्लिम नहीं है। वीडियो को बंगाल का बताकर गलत सांप्रदायिक दावा किया जा रहा है।
वायरल पोस्ट
एक्स यूजर Pinki Bhaiya ने 13 अगस्त को वीडियो को सांप्रदायिक दावे के साथ पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए इसे बंगाल का बताया है।
फेसबुक यूजर Udai Lal Gurjar ने भी इस वीडियो (आर्काइव लिंक) को बंगाल का बताते हुए सांप्रदायिक दावा किया है।

पड़ताल
वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने इसका कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। हमें यह वीडियो patialaexpress82 इंस्टा हैंडल पर मिला। इसे 12 अगस्त को अपलोड किया गया है। हालांकि, इसमें कोई जानकारी नहीं दी गई है।

कीवर्ड से सर्च करने पर Punjab News के यूट्यूब चैनल पर इससे संबंधित वीडियो न्यूज मिली। इसमें वायरल सीसीटीवी फुटेज को भी देखा जा सकता है। वीडियो न्यूज के अनुसार, मामला पंजाब के खन्ना का है, जहां कपिला कॉलोनी में रहने वाले एडवोकेट कुलतार सिंह, उनकी पत्नी मनप्रीत कौर और मां शरनजीत कौर पर उनके पड़ोसी बिल्लू ने तलवार से हमला कर दिया था। तीनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। समराला पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
द ट्रिब्यून में भी इस वारदात से संबंधित खबर को देखा जा सकता है। इसके अनुसार, पड़ोसियों का कहना है कि हमले का आरोपी बिल्लू नशे का आदी है और पहले भी कई बार पीड़ित के साथ झगड़ा कर चुका है।

हिन्दुस्तान टाइम्स की खबर में लिखा है कि सुरिंदर सिंह उर्फ बिल्लू ने कुलतार पर हमला किया था।
इस बारे में हमने समराला में दैनिक जागरण के रिपोर्टर मनीष से संपर्क किया। उनका कहना है कि आरोपी सुरिंदर सिंह उर्फ बिल्लू नशे का आदी था और वह कुलतार सिंह के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को लेकर नाराज था। वह इसको लेकर पहले भी पीड़ित के साथ झगड़ा कर चुका था। आरोपी मुस्लिम नहीं है।
वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर एक विचारधारा से प्रभावित है।
निष्कर्ष: पंजाब के लुधियाना के समराला में एक शख्स ने वकील और उसके परिजनों पर हमला कर दिया था। हमले का आरोपी मुस्लिम नहीं है। उस वारदात के वीडियो को गलत सांप्रदायिक दावे के साथ पश्चिम बंगाल का बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है।
- Claim Review : पश्चिम बंगाल में मुस्लिम शख्स ने हिंदू बाइक सवार पर हमला किया है।
- Claimed By : X User- Pinki Bhaiya
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












