X
X

Fact Check : चार बाग स्टेशन पर 2022 में पुलिसकर्मी ने की थी पति-पत्नी की‍ पिटाई, वीडियो अब वायरल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। पड़ताल में पता चला कि मार्च 2022 की घटना के वीडियो को हालिया बताकर झूठ फैलाया जा रहा है।

नई दिल्‍ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया के विभिन्‍न प्‍लेटफॉर्म पर एक वीडियो क्लिप बड़े पैमाने पर वायरल करते हुए पुलिस पर निशाना साधा जा रहा है। इसमें एक पुलिसकर्मी को एक महिला और पुरुष के साथ मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में महिला को चप्‍पल से पुलिसकर्मी की पिटाई करते हुए देखा जा सकता है। इस घटना को लखनऊ के चारबाग रेलवे स्‍टेशन का अभी का बताकर शेयर किया जा रहा है।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। पड़ताल में पता चला कि मार्च 2022 की घटना के वीडियो को हालिया बताकर झूठ फैलाया जा रहा है। उस वक्‍त एक पुलिसकर्मी की रेलवे स्‍टेशन पर एक महिला और उसके पति से भिड़ंत हो गई थी। उसी वक्‍त के वीडियो को अब वायरल किया जा रहा है। हमारी जांच में वायरल पोस्‍ट भ्रामक साबित हुई।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक पेज UttarPradesh.Org ने 20 मार्च को एक वीडियो क्लिप अपलोड करते हुए दावा किया, “चारबाग रेलवे स्टेशन पर पुलिसकर्मी की दबंगई, बच्चे पर डंडा मारने के बाद बवाल। लखनऊ: चारबाग रेलवे स्टेशन से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक पुलिसकर्मी द्वारा बच्चे के हाथ पर डंडा मारने के बाद हंगामा मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्चे के माता-पिता इस घटना पर भड़क गए और पुलिसकर्मी से बहस करने लगे। विवाद बढ़ने पर गुस्साई महिला ने पुलिसकर्मी को चप्पल मार दी, जिस पर पुलिसकर्मी ने उसे धक्का दे दिया। लेकिन महिला भी पीछे नहीं हटी और लगातार दो-चार चप्पल और जड़ दीं। इस झगड़े को रोकने के लिए जब एक महिला पुलिसकर्मी बीच-बचाव करने आईं, तो आरोपी पुलिसकर्मी ने उन्हें भी धक्का दे दिया। चश्मदीदों का कहना है कि पुलिसकर्मी शराब के नशे में था। यह वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है, और अब पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की जा रही है।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई दूसरे यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आकाईव वर्जन यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल वीडियो के आधार पर कीवर्ड बनाकर यूट्यूब पर सर्च किया। हमें वायरल वीडियो से जुड़ी खबर एबीपी न्‍यूज के यूट्यूब चैनल पर मिली। 21 मार्च 2022 को अपलोड इस खबर में बताया गया कि लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर एक महिला और उसका पति पुलिसवाले से भीड़ गया। पुलिसवाले की मार से इनका बेटा बेहोश हो गया था। जिसके बाद इस पुलिसवाले की पिटाई कर दी गई। जब एक महिला पुलिसकर्मी मामले को सुलझाने के लिए आगे आई तो इस पुलिसवाले ने उसके साथ भी बदतमीजी की।

यूट्यूब सर्च के दौरान हमें HW News Network नाम के एक चैनल पर भी वायरल वीडियो से जुड़ी खबर मिली। 19 मार्च 2022 को अपलोड इस रिपोर्ट में बताया गया, “उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पुलिसकर्मी और कुछ लोगों के बीच लड़ाई-झगड़े का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरीके से लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट का सिपाही एक महिला को मार रहा है। साथ ही साथ एक पुरुष से भी उलझ रहा है। हालांकि, इस दौरान महिला ने भी सिपाही की चप्पल से थप्पड़ जड़े।”

जांच को आगे बढ़ाते हुए एसपी जीआरपी लखनऊ के आधिकारिक एक्‍स हैंडल को चेक किया गया। यहां हमें कई यूजर को जवाब देते हुए वीडियो को 2022 का बताया गया। 20 मार्च 2025 के जवाब को नीचे देखा जा सकता है।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच के दौरान दैनिक जागरण, लखनऊ के इनपुट हेड अम्बिका वाजपेयी से संपर्क किया। उन्‍होंने बताया कि चारबाग रेलवे स्टेशन का पुराना वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी द्वारा बच्चे के हाथ पर डंडा मारने के बाद लोग दौड़ रहे।

वीडियो को चारबाग के जीआरपी इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह ने भी पुराना बताया है। कहा, वीडियो में दिख रहा पुलिसकर्मी यहां अब तैनात नहीं है। वीडियो दो दिन से वायरल है। इसकी जांच की जा रही है।

पड़ताल के अंतिम चरण में हमने फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर की विस्‍तार से जांच की। उत्तरप्रदेश डॉट ओआरजी नाम के इस फेसबुक पेज को 1.96 लाख लोग फॉलो करते हैं। इस पेज पर यूपी से जुड़ी खबरें पोस्‍ट की जाती हैं।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में पता चला कि वर्ष 2022 के मार्च महीने में चारबाग रेलवे स्‍टेशन पर एक पुलिसकर्मी की एक पुरुष व महिला से भिड़ंत हो गई थी। उसी से जुड़े वीडियो को अब 2025 में हालिया घटना बताकर शेयर किया गया।

  • Claim Review : चारबाग रेलवे स्टेशन पर पुलिसकर्मी की दबंगई, बच्चे पर डंडा मारने के बाद बवाल
  • Claimed By : FB Page UttarPradesh.Org
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later