X
X

Fact Check : संत प्रेमानंद नहीं हैं अस्पताल में भर्ती, फर्जी पोस्ट वायरल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। प्रेमानंद का वीडियो पुराना साबित हुआ। मथुरा पुलिस और संत प्रेमानंद महाराज की ओर से भी खंडन करते हुए बताया गया कि वे बिल्कुल स्वस्थ हैं।

  • By: Ashish Maharishi
  • Published: Oct 10, 2025 at 04:28 PM
  • Updated: Oct 10, 2025 at 06:25 PM

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। संत प्रेमानंद की तबीयत को लेकर पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर अफवाहों का बाजार गर्म है। अब एक वीडियो को वायरल करते हुए दावा किया जा रहा है कि प्रेमानंद की तबीयत बहुत खराब है। वे अस्‍पताल में भर्ती हैं। इसे सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स वायरल कर रहे हैं।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। प्रेमानंद का वीडियो पुराना साबित हुआ। मथुरा पुलिस और संत प्रेमानंद महाराज की ओर से भी खंडन करते हुए बताया गया कि वे बिल्कुल स्वस्थ हैं। पदयात्रा को स्‍थगित किया गया है। बाकी दैनिक दिनचर्या में कोई बदलाव नहीं आया है।

क्‍या हो रहा है वायरल?

सोशल मीडिया के एक ग्रुप पर वायरल वीडियो को पोस्‍ट करते हुए लिखा गया, “प्रेमानंद जी महाराज जी की तबीयत बहुत ही खराब है। सभी भगवान से विनती करें जल्द ही स्वस्थ हो राधे राधे जी।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

सर्च के दौरान हमें भास्‍कर डॉट कॉम पर 10 अक्‍टूबर को पब्लिश एक खबर मिली। इसमें बताया गया कि प्रेमानंद महाराज 2 अक्‍टूबर से पदयात्रा नहीं कर रहे हैं। हालांकि, आश्रम में अनुयायियों से एकांत मुलाकात कर रहे हैं।

जांच के दौरान हमने मथुरा से प्रकाशित दैनिक जागरण अखबार को स्‍कैन करना शुरू किया। 10 अक्‍टूबर को प्रकाशित एक खबर में बताया गया कि संत प्रेमानंद 19 सालों से दोनों किडनी में संक्रमण से जूझ रहे हैं। अब पिछले दिनों से स्‍वास्‍थ्‍य की परेशानियां और बढ़ गई हैं। खबर में बताया गया कि चार दिन से पदयात्रा बंद है।

इसी तरह 8 अक्‍टूबर को प्रकाशित खबर में बताया गया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का खंडन करते हुए प्रेमानंद ने कहा कि वे एकांतिक वार्ता में और पूरी तरह स्वस्थ है।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने मथुरा पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्‍स को स्‍कैन किया। हमें 8 अक्‍टूबर 2025 की एक पोस्‍ट मिली। इसमें मथुरा पुलिस ने खंडन करते हुए बताया, “अवगत कराना हैं कि परम पूज्य संत श्री प्रेमानंद महाराज जी पूर्णत: स्वस्थ हैं। कृपया झूठी व निराधार अफवाह न फैलायें अन्यथा आपके विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की जायेगी।”

सर्च के दौरान संत प्रेमानंद के आधिकारिक एक्‍स हैंडल पर भी हमें एक मैसेज मिला। 8 अक्‍टूबर के इस संदेश में बताया गया, “आप सभी को अवगत कराया जाता है कि पूज्य गुरुदेव श्री हित प्रेमानन्द गोविंद शरण जी महाराज का स्वास्थ्य ठीक है। गुरुदेव पूर्ववत अपनी दैनिक दिनचर्या कर रहे हैं। केवल प्रातः कालीन पदयात्रा को अनिश्चित काल के लिए स्थगित किया गया है। इसलिए आप सभी से विनम्र निवेदन है कि कृपया किसी भी प्रकार की झूठी या निराधार अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें फैलाएं।”

जांच के अंतिम चरण में पहुंचकर हमने वायरल वीडियो के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की। गूगल लेंस टूल के जरिए वीडियो के कीफ्रेम्‍स को सर्च करने पर हमें अभी वायरल हो रहा वीडियो 18 अक्‍टूबर 2023 को एक यूट्यूब चैनल पर अपलोड मिला। इससे यह तो साफ हो गया कि संत प्रेमानंद का अभी वायरल किया जा रहा वीडियो पुराना है।

जांच के दौरान संत प्रेमानंद के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर हमें कई लेटेस्‍ट वीडियो मिले। 9 अक्‍टूबर के वीडियो में भी उन्‍हें अपने अनुयायियों के प्रश्‍नों का जवाब देते हुए देखा जा सकता है।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने दैनिक जागरण, मथुरा के संपादकीय प्रभारी विनीत मिश्र से संपर्क किया। उन्‍होंने बताया कि संत प्रेमानंद की बीमारी को लेकर सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। वे एकदम स्वस्थ हैं। अफवाहों पर ध्‍यान न दें।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में संत प्रेमानंद के अस्‍पताल में भर्ती होने का दावा करने वाली पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। वे स्वस्थ हैं और वृंदावन स्थित अपने आश्रम में हरदिन एकांतिक वार्ता कर रहे हैं।

  • Claim Review : प्रेमानंद जी महाराज जी की तबीयत बहुत ही खराब है।
  • Claimed By : FB User
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later