X
X

Fact Check: मोहम्मद सिराज ने विराट कोहली और आरसीबी पर नहीं दिया यह बयान, गलत दावा वायरल

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि मोहम्मद सिराज के नाम से वायरल बयान गलत है। मोहम्मद सिराज ने आरसीबी को लेकर एक भावुक पोस्ट जरूर शेयर की है,लेकिन वायरल दावे से जुड़ी कोई पोस्ट नहीं की है। लोग सोशल मीडिया पर गलत पोस्ट शेयर कर रहे हैं।

  • By: Jyoti Kumari
  • Published: Dec 3, 2024 at 04:55 PM
  • Updated: Dec 4, 2024 at 05:30 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 में मोहम्मद सिराज इस बार गुजरात टाइटंस की तरफ से खेलेंगे। जिसे लेकर मोहम्मद सिराज ने एक भावुक पोस्ट भी शेयर की है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर दावा किया जा रहा है कि मोहम्मद सिराज ने कहा है कि वो आईपीएल में आरसीबी के खिलाफ होने वाले मैच में नहीं खेलेंगे क्योंकि वो विराट कोहली के सामने बॉलिंग नहीं कर पाएंगे। कई यूजर्स इस दावे को सच मानकर शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल दावा गलत निकला। सोशल मीडिया पर मोहम्मद सिराज के नाम से वायरल बयान फर्जी है। असल में मोहम्मद सिराज ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। मोहम्मद सिराज ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को लेकर एक भावुक पोस्ट शेयर की है। 

क्या है वायरल पोस्ट में ?

सोशल मीडिया यूजर Avirat18 ने (आर्काइव लिंक) वायरल पोस्ट को शेयर किया है। पोस्ट पर लिखा हुआ है, “मोहम्मद सिराज ने कहा

मैं आईपीएल 2025 जो दो मैच आरसीबी के खिलाफ होंगे वो मैं नही खेल पाऊंगा क्योंकि उस मैच मैं मुझे विराट भाई के सामने बॉलिंग करनी पड़ेगी और ये मुझसे हो न पाएगा।”

पड़ताल

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने संबंधित कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया। हमें सर्च करने पर ऐसी कोई भी विश्वसनीय मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली, जिससे वायरल दावे की पुष्टि हो सके। अगर मोहम्मद सिराज ने ऐसा कोई भी बयान दिया होता,तो ये सुर्ख़ियों में होता। पर हमें ऐसी कोई खबर या पोस्ट नहीं मिली।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने मोहम्मद सिराज के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल को खंगाला। हमें यहां भी वायरल दावे से जुड़ी कोई पोस्ट नहीं मिली। पर हमें 26 नवंबर 2024 को मोहम्मद सिराज के वेरिफाइड इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट मिली। एक वीडियो को शेयर कर उन्होंने आरसीबी में अपने सफर के बारे में बताया है। पोस्ट में उन्होंने अपने फैंस और टीम का धन्यवाद किया है।

 मोहम्मद सिराज ने लिखा है,”आरसीबी के साथ सात साल उनके दिल के बहुत करीब है। जब मैं आरसीबी कि जर्सी में बिताये उस समय को याद करता हूं, तो मेरा दिल प्यार और सम्मान से भर जाता है। पहली बार जब मैंने आरसीबी की जर्सी पहनी थी, मैंने कभी नहीं सोचा था कि हमारे बीच ऐसा रिश्ता बनेगा। आरसीबी के रंग में फेंकी गई पहली गेंद से लेकर, विकेट लेने तक, खेला गया हर मैच, आपके साथ साझा किया गया हर पल का सफर यादगार है। बहुत उतार-चढ़ाव आए, लेकिन एक चीज स्थिर रही है, वो है आपका समर्थन। आरसीबी एक फ्रेंचाइजी से कहीं अधिक है, यह एक एहसास है, एक धड़कन है, एक परिवार है जो घर जैसा लगता है।

मोहम्मद सिराज ने यह भी लिखा- हालांकि, मैं अपने करियर के अब एक नए अध्याय में कदम रख रहा हूँ, लेकिन आरसीबी हमेशा मेरे दिल का टुकड़ा रहेगी। यह अलविदा नहीं है- यह धन्यवाद है। मुझ पर विश्वास करने, मुझे गले लगाने और मुझे क्रिकेट से कहीं अधिक बड़ी किसी चीज़ का हिस्सा महसूस कराने के लिए धन्यवाद।”

हमें इंग्लिश जागरण की वेबसाइट पर भी मोहम्मद सिराज द्वारा शेयर की गई पोस्ट से जुड़ी खबर मिली। 26 नवंबर 2024 को प्रकशित खबर में भी वायरल दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली।

हमने इस विषय में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और कमेंटेटर सैयद हुसैन से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। मोहम्मद सिराज ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।

अंत में हमने पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर स्पोर्ट्स से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि मोहम्मद सिराज के नाम से वायरल बयान गलत है। मोहम्मद सिराज ने आरसीबी को लेकर एक भावुक पोस्ट जरूर शेयर की है,लेकिन वायरल दावे से जुड़ी कोई पोस्ट नहीं की है। लोग सोशल मीडिया पर गलत पोस्ट शेयर कर रहे हैं।

  • Claim Review : मोहम्मद सिराज ने कहा मैं आईपीएल 2025 जो दो मैच आरसीबी के खिलाफ होंगे वो मैं नही खेल पाऊंगा क्योंकि उस मैच मैं मुझे विराट भाई के सामने बॉलिंग करनी पड़ेगी और ये मुझसे हो न पाएगा।
  • Claimed By : फेसबुक यूजर -Avirat18
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later