Fact Check: महेंद्र सिंह धोनी ने गौतम गंभीर पर नहीं साधा निशाना, वायरल बयान फर्जी
धोनी ने गौतम गंभीर को लेकर कोई बयान नहीं दिया है। एक फर्जी बयान को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Dec 1, 2025 at 02:57 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारत और साउथ अफ्रीका की टीम के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज के बाद, अब 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। इसी का पहला मुकाबला रांची में 30 नवंबर 2025 को हुआ, जिसमें भारतीय टीम को 17 रनों से शानदार जीत मिली। मैच से पहले टीम इंडिया के खिलाड़ी, पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के घर डिनर करने के लिए पहुंचे थे। हालांकि, टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर इस डिनर पार्टी का हिस्सा नहीं थे। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। इस पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि धोनी ने गौतम गंभीर पर निशाना साधते हुए कहा है कि गंभीर ने अपनी मनमानी की वजह से भारतीय क्रिकेट को बर्बाद कर दिया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। धोनी ने गौतम गंभीर को लेकर इस तरह का कोई बयान नहीं दिया है। एक फर्जी बयान को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Arjun Kumar’ ने 24 नवंबर 2025 को इस पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “एक इंटरव्यू में धोनी ने कहा जब से गौतम गंभीर भारत के कोच बने हैं भारतीय टीम में सब कुछ अच्छा नहीं चल रहा है गंभीर अपनी मनमानी करते हैं अपने हिसाब से निर्णय लेते हैं जिस वजह से भारतीय क्रिकेट बर्बाद हो रहा है कोई भी टीम भारत को हरा दे रही है, कोच बदलने की जरूरत है।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने महेंद्र सिंह धोनी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगालना शुरू किया। हमने पाया कि धोनी के आधिकारिक एक्स अकाउंट से आखिरी पोस्ट साल 2021 में की गई थी। है हमें यहां पर वायरल फर्जी दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली।
हमने धोनी के आधिकारिक इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट्स को भी खंगाला। हमें यहां भी ऐसी कोई पोस्ट नहीं मिली, जिसमें गौतम गंभीर को लेकर धोनी ने कोई टिप्पणी की हो।

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण के स्पोर्ट्स एडिटर अभिषेक त्रिपाठी से संपर्क किया। हमने उनके साथ वायरल पोस्ट को शेयर किया। उन्होने वायरल बयान को फर्जी बताया है।
अंत में हमने फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 29 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को यूपी का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि धोनी ने गौतम गंभीर को लेकर कोई बयान नहीं दिया है। एक फर्जी बयान को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : धोनी ने गौतम गंभीर पर साधा निशाना।
- Claimed By : FB User Arjun Kumar
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












