Fact Check: नवजोत सिद्धू ने अजित अगरकर और गौतम गंभीर को लेकर नहीं दिया यह बयान, Fake पोस्ट वायरल
विश्वास न्यूज ने जांच में वायरल दावे को फर्जी पाया। नवजोत सिंह सिद्धू ने अजित अगरकर और गौतम गंभीर को लेकर ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। नवजोत सिद्धू ने स्वयं पोस्ट कर वायरल दावे का खंडन किया है। सोशल मीडिया पर उनके नाम से वायरल किया जा रहा बयान गलत है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Oct 21, 2025 at 03:48 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारत और ऑस्ट्रेलिया सीरीज के बीच टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर और मशहूर कमेंटेटर नवजोत सिंह सिद्धू के नाम से एक पोस्ट वायरल हो रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि नवजोत सिद्धू ने बीसीसीआई से कहा है,“अगर भारत को 2027 वर्ल्ड कप जीतना है, तो अजीत अगरकर और गौतम गंभीर को हटाकर रोहित शर्मा को कप्तान बना देना चाहिए।” कई यूजर्स इस दावे को सच मानकर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने जब इसकी जांच की तो पता चला कि नवजोत सिंह सिद्धू ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। सोशल मीडिया पर नवजोत सिद्धू के नाम से झूठा बयान शेयर किया जा रहा है। उन्होंने स्वयं पोस्ट शेयर कर दावे का खंडन किया है।
वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर Cricket Hub ने 19 अक्टूबर 2025 को वायरल पोस्ट (आर्काइव लिंक) शेयर करते हुए लिखा, “नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा – अगर भारत 2027 का एकदिवसीय विश्व कप जीतना चाहता है, तो बीसीसीआई को जल्द से जल्द अजीत अगरकर और गौतम गंभीर को हटाकर पूरे सम्मान के साथ रोहित शर्मा को फिर से कप्तानी सौंप देनी चाहिए।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। हमें वायरल दावे से जुड़ी कई मीडिया रिपोर्ट मिली। tv9hindi.com की वेबसाइट पर वायरल दावे से जुड़ी खबर मिली। 20 अक्टूबर 2025 को प्रकाशित खबर में बताया गया,सोशल मीडिया पर नवजोत सिंह सिद्धू के नाम से एक फेक पोस्ट वायरल हो रही है। पोस्ट में सिद्धू के नाम से एक झूठा बयान जोड़ा गया। जिसमें दावा किया गया है कि सिद्धू ने कहा,“अगर भारत को 2027 वर्ल्ड कप जीतना है, तो बीसीसीआई को जल्द से जल्द अजीत अगरकर और गौतम गंभीर को हटाकर रोहित शर्मा को दोबारा पूरे सम्मान के साथ कप्तान बना देना चाहिए।” बयान को वायरल होता देख नवजोत सिंह सिद्धू ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया और इस दावे को खारिज कर दिया।
जांच के दौरान हमें वायरल दावे से जुड़ी कई अन्य खबरें भी मिली, जिनमें वायरल दावे को फर्जी बताया गया है।
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने नवजोत सिंह सिद्धू के सोशल मीडिया हैंडल को सर्च किया। हमें सिद्धू के वेरिफाइड एक्स हैंडल पर एक पोस्ट मिली। 20 अक्टूबर 2025 को की गई पोस्ट में लिखा हुआ है,”Never said it , don’t spread fake news ,never imagined it. Shame on you https://x.com/jod_insane/sta/jod_insane/status/1979883365655539996” (हिंदी अनुवाद: ऐसा कभी नहीं कहा, झूठी खबरें मत फैलाओ, इसकी कभी कल्पना भी नहीं की। आपको शर्म आनी चाहिए।)
इस बारे में हमने दैनिक जागरण के खेल संपादक अभिषेक त्रिपाठी से संपर्क किया और उन्हें वायरल मैसेज भेजा। उन्होंने इसे फेक बताया। उन्होंने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।
अंत में हमने वायरल पोस्ट करने वाले यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। पता चला कि यूजर के करीब 6 हजार फॉलोअर्स हैं।
पहले भी कई क्रिकेटर्स के नाम से सोशल मीडिया पर फर्जी बयान वायरल हुए हैं। जिनकी पड़ताल को विश्वास न्यूज की वेबसाइट पर पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने जांच में वायरल दावे को फर्जी पाया। नवजोत सिंह सिद्धू ने अजित अगरकर और गौतम गंभीर को लेकर ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। नवजोत सिद्धू ने स्वयं पोस्ट कर वायरल दावे का खंडन किया है। सोशल मीडिया पर उनके नाम से वायरल किया जा रहा बयान गलत है।
- Claim Review : नवजोत सिद्धू ने कहा अजीत अगरकर और गौतम गंभीर को हटाकर रोहित शर्मा को कप्तान बना देना चाहिए।
- Claimed By : फेसबुक यूजर -Cricket Hub
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












