Fact Check: पाक क्रिकेटर फरहान के ‘बंदूक’ वाले एक्शन पर सूर्यकुमार यादव का ‘आतंकी’ वाला वायरल बयान फेक है
एशिया कप-2025 के सुपर-4 के मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को हराया था। मैच के दौरान पाकिस्तानी क्रिकेटर फरहान ने ‘बंदूक’ वाला एक्शन किया था। हालांकि, इससे जोड़कर वायरल हो रहा भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार का बयान फेक है। उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Sep 23, 2025 at 04:08 PM
- Updated: Sep 23, 2025 at 05:41 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। एशिया कप-2025 के सुपर-4 मुकाबले में 21 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच मैच हुआ था। इसमें भारत ने पाक को छह विकेट से हराया था। मैच के दौरान पाकिस्तान के क्रिकेटर साहिबजादा फरहान ने मैच में 50 रन बनाने के बाद ‘बंदूक चलाने’ जैसा एक्शन किया था।
इसको लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें दावा किया जा रहा है कि मैच के बाद जब एक पत्रकार ने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव से इस मामले में पूछा तो उन्होंने कहा कि आतंक की धरती से आए खिलाड़ी, आतंक जैसा ही बर्ताव करेंगे।
विश्वास न्यूज ने जब इसकी जांच की तो पता चला कि सूर्यकुमार ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। सोशल मीडिया पर सूर्यकुमार के नाम से झूठा बयान शेयर किया जा रहा है।
वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर Sunny Raj Ranjan Yadav ने 22 सितंबर को सूर्य कुमार यादव की तस्वीर पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “भारत पाकिस्तान से क्रिकेट 75 साल से खेल रहा है लेकिन ऐसा बेबाक खिलाडी नहीं मिला सब सेक्युलर भांड धनपशु मिला लगभग, लेकिन ये बंदा गजब का बेबाक है…
प्रेस में पत्रकार का सवाल : “साहिबज़ादा फरहान के अजीबोगरीब सेलिब्रेशन पर आपका क्या कहना है?”
SKY : “जिस देश की पहचान ही आतंकवाद हो, वहाँ के नागरिकों से सभ्यता की उम्मीद करना बेकार है। आतंक की धरती से आए खिलाड़ी, आतंक जैसा ही बर्ताव करेंगे।
सूर्या ने एक बार फिर इन भिखारियों की इनकी औकात दिखा दी !!”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया, लेकिन ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली।
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 22 सितंबर को छपी खबर के मुताबिक, “एशिया कप-2025 के सुपर-4 मैच में भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हरा दिया। मैच के बाद एक वरिष्ठ पाकिस्तानी पत्रकार के सवाल पर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि हमें अब भारत बनाम पाकिस्तान मैचों को प्रतिद्वंद्विता कहना बंद कर देना चाहिए। जब पत्रकार ने कहा कि वह ‘मानकों, न कि प्रतिद्वंद्विता’ की बात कर रहा है, तो भारतीय कप्तान ने कहा कि प्रतिद्वंद्विता और मानक सभी एक ही हैं। अब प्रतिद्वंद्विता क्या है? अगर दो टीमों ने 15 मैच खेले हैं और स्कोर 8-7 है, तो वह प्रतिद्वंद्विता है। यहां तो स्कोर 13-1 (12-3) या कुछ ऐसा है। अब दोनों टीमों के बीच कोई मुकाबला नहीं है।” खबर में वायरल तस्वीर भी अपलोड की गई है।

खबर में वायरल बयान के बारे में कोई जिक्र नहीं मिला।
Asian Cricket Council के यूट्यूब चैनल से 22 सितंबर को इस प्रेस कॉन्फ्रेंस की लाइव स्ट्रीमिंग की गई है। इसमें कहीं भी सूर्यकुमार वायरल बयान जैसी कोई बात कहते नहीं दिखे रहे हैं।
इस बारे में हमने दैनिक जागरण के खेल संपादक अभिषेक त्रिपाठी से संपर्क किया और वायरल मैसेज भेजा। उन्होंने इसे फेक बताया। उन्होंने कहा कि सूर्यकुमार ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।
फेक बयान वायरल करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। बिहार के पालीगंज के रहने वाले यूजर के करीब 21 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: एशिया कप-2025 के सुपर-4 के मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को हराया था। मैच के दौरान पाकिस्तानी क्रिकेटर फरहान ने ‘बंदूक’ वाला एक्शन किया था। हालांकि, इससे जोड़कर वायरल हो रहा भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार का बयान फेक है। उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।
- Claim Review : सूर्यकुमार यादव ने कहा, आतंक की धरती से आए खिलाड़ी, आतंक जैसा ही बर्ताव करेंगे।
- Claimed By : FB User- Sunny Raj Ranjan Yadav
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












