X
X

Fact Check: फुकेट से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के विमान में हालिया टर्बुलेंस के नाम पर वायरल किया गया आठ साल पुराना वीडियो

फुकेट से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के विमान में 4 अगस्त 2026 को हुए टर्बुलेंस के नाम पर आठ साल पुराना वीडियो वायरल किया गया।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के विमान में 4 अगस्त 2026 को तेज टर्बुलेंस के कारण कई यात्री और क्रू मेंबर्स घायल हो गए थे। अब इसी घटना का बताकर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एयर इंडिया के विमान के अंदर यात्रियों को देखा जा सकता है।

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स इस वीडियो को 4 अगस्त 2026 की घटना का बताकर शेयर कर रहे हैं। विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की। वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई। दरअसल, यह वीडियो फुकेट से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के विमान में हुई घटना का नहीं है। वायरल वीडियो हमें 22 अप्रैल 2018 की तारीख को अपलोड किया हुआ मिला। यह फ्लाइट अमृतसर से दिल्ली जा रही थी, तभी टर्बुलेंस के कारण विमान में मौजूद यात्री घबरा गए थे। हमारी जांच में पता चला कि 2018 के वीडियो को अब 4 अगस्त 2026 के हादसे का बताकर वायरल किया जा रहा है।

क्या है वायरल?

इंस्टाग्राम हैंडल ‘litt.lestarsfamily’ ने 5 अगस्त 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “दिल्ली आने वाली एयर इंडिया फ्लाइट में मचा हडकंप, भीषण टरबुलेंस में 12 से ज्यादा घायल ! दिल्ली आने वाली एयर इंडिया की फ्लाडट A2379 उडान के दौरान भीषण टर्बलेंस की चपेट में आ गर्ड। तेज डटकों से विमान में अफरा-तफरी मच गई और 12 से अधिक यात्री व क्र सदस्य घायल हो गए। हालांकि, पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान की दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई। सभी घायलों को चिकित्सा सहायता दी गई है और एयर इंडिया ने घटना की जांच शुरू कर दी है।”

पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों लिखा गया है। इसका आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने जांच की शुरुआत वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स सर्च से की। सबसे पहले वायरल वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले गए। फिर इन्हें सर्च किया गया। हमें सबसे पुराना वीडियो 22 अप्रैल 2018 की तारीख का ‘एबीपी न्यूज’ के इंस्टाग्राम हैंडल पर मिला। वीडियो के कैप्शन में बताया गया, “अमृतसर से दिल्ली जा रहे एयर इंडिया के विमान को जबरदस्त टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा, जिससे खिड़की के पैनल का अंदरूनी हिस्सा निकल गया और कुछ ऑक्सीजन मास्क अपने-आप बाहर निकल आए। रिपोर्ट के मुताबिक, विमान को करीब 10 से 15 मिनट तक टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा।”

सर्च के दौरान वायरल वीडियो हमें डेली मेल के चैनल पर भी मिला। इसे 23 अप्रैल 2018 को अपलोड करते हुए बताया गया कि अमृतसर से दिल्ली जा रहा एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर 15,000 फीट की ऊंचाई पर पहुंचा, तो उसे टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा।

विश्वास न्यूज को कीवर्ड सर्च के जरिए ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की एक पुरानी खबर मिली। 22 अप्रैल 2018 की इस खबर में वायरल वीडियो के ग्रैब्स का भी इस्तेमाल किया गया था। इस खबर में बताया गया कि 19 अप्रैल 2018 को अमृतसर से दिल्ली जा रहे विमान में टर्बुलेंस की वजह से तीन यात्री घायल हो गए थे।

इसी तरह ‘एनडीटीवी’ की 22 अप्रैल 2018 की खबर में भी इस घटना के बारे में विस्तार से कवर किया गया। खबर के अनुसार, विमान में 236 यात्री और छह क्रू मेंबर्स मौजूद थे।

विश्वास न्यूज ने जांच के दौरान दिल्ली एयरपोर्ट की खबरों को कवर करने वाले दैनिक जागरण के वरिष्ठ संवाददाता गौतम कुमार मिश्रा से संपर्क किया। उन्होंने वायरल वीडियो की पुष्टि करते हुए बताया कि यह वीडियो पुराना है। हालिया घटना से इसका कोई संबंध नहीं है।

क्या है संदर्भ?

‘दैनिक जागरण’ में 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित एक खबर में बताया गया कि थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रहा एयर इंडिया का विमान टर्बुलेंस की चपेट में आ गया। टर्बुलेंस के कारण एयरबस ए320 विमान अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गया। इस दौरान जोरदार झटकों से 13 यात्री और चार क्रू मेंबर घायल हो गए। कई यात्री अपनी सीटों से उछलकर केबिन की छत और आसपास के हिस्सों से जा टकराए, जिससे विमान में चीख-पुकार मच गई। विमान में 134 यात्री सवार थे।

दैनिक जागरण, नई दिल्ली में 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित खबर।
दैनिक जागरण, नई दिल्ली में 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित खबर।

जांच के अंत में भ्रामक पोस्ट करने वाले यूजर के अकाउंट की जांच की गई। इंस्टाग्राम पर इस यूजर को दो हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट मार्च 2026 में बनाया गया था।

निष्कर्ष: फुकेट से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के विमान में 4 अगस्त 2026 को हुए टर्बुलेंस के नाम पर आठ साल पुराना वीडियो वायरल किया गया। हमारी जांच में वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई।

  • Claim Review : फुकेट से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के विमान में टर्बुलेंस का वीडियो।
  • Claimed By : IG User litt.lestarsfamily
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later