X
X

Fact Check: अयोध्‍या में आग लगने से नहीं मरे 1200 लोग, सोशल मीडिया पर फर्जी पोस्‍ट की गई शेयर

विश्वास न्यूज की जांच में वायरल दावा बेबुनियाद साबित हुआ। मार्च के अंत में अयोध्या में एक यज्ञशाला में आग लग गई थी, लेकिन इसमें किसी की मौत नहीं हुई थी।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर एक वीडियो को वायरल करते हुए दावा किया जा रहा है कि अयोध्या में राम मंदिर के पास महायज्ञ के दौरान आग लगने से 1200 लोगों की जलकर मौत हो गई। 22 सेकंड के इस वीडियो में भीषण आग देखी जा सकती है। कई सोशल मीडिया यूजर्स इस दावे को सच मानकर वीडियो को वायरल कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने विस्‍तार से वायरल पोस्‍ट की जांच की। पड़ताल में दावा फेक पाया गया। यह सही है कि अयोध्या में एक यज्ञशाला में आग लग गई थी, लेकिन इसमें किसी की मौत नहीं हुई थी। वायरल वीडियो के साथ किया गया दावा बेबुनियाद और फर्जी है।

क्या है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘सरफराज अहमद’ ने 28 मार्च 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए दावा किया, “अयोध्या राममंदिर के पास, आग से 1200 लोगों की मौत। अयोध्या के राजघाट क्षेत्र में चल रहे महायज्ञ में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में जनता जलकर राख हो गई।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्‍यूज ने सबसे पहले वायरल वीडियो के कई ग्रैब्‍स निकाले। फिर इन्‍हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें ‘जागरण डॉट कॉम’ पर 28 मार्च 2026 की एक खबर मिली। इसमें वायरल वीडियो का इस्‍तेमाल करते हुए बताया गया कि अयोध्या के राजघाट पर बाटी वाले बाबा घाट के निकट यज्ञशाला में आग लग गई थी। दमकल की कई गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था। आग में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई थी।

सर्च के दौरान वायरल वीडियो हमें ‘न्‍यूज पिंच’ नाम के एक इंस्‍टाग्राम हैंडल पर भी मिला। इसे भी 28 मार्च 2026 को पोस्‍ट करते हुए अयोध्‍या का बताया गया था। इसमें भी किसी की मौत की कोई जानकारी नहीं दी गई थी।

विश्वास न्‍यूज ने जांच के दौरान दैनिक जागरण, अयोध्‍या के ई-पेपर को स्‍कैन किया। हमें 29 मार्च 2026 के अखबार में इस आग से जुडी एक खबर मिली। इसमें बताया गया कि इस आग से जानमाल की कोई हानि नहीं हुई। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया था।

अयोध्‍या पुलिस ने भी अपने एक्‍स हैंडल पर जानकारी देते हुए बताया, “सोशल मीडिया पर यह असत्य खबर प्रसारित की जा रही है कि अयोध्या के राम मंदिर के पास, आग से 1200 लोगों की मौत हुई है। अयोध्‍या पुलिस इस असत्य/भ्रामक खबर का खंडन करती है। ऐसे असत्य/भ्रामक खबर फैलाने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”

विश्वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए दैनिक जागरण, अयोध्या के ब्यूरो चीफ रमाशरण अवस्थी से संपर्क किया और उनके साथ वायरल पोस्‍ट को शेयर किया। उन्‍होंने जानकारी देते हुए बताया कि वायरल वीडियो के साथ किया गया दावा बेबुनियाद है। किसी की भी जान इस घटना में नहीं गई थी।

जांच के अंत में फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि यह अकाउंट जुलाई 2014 में बनाया गया था। धनबाद के रहने वाले इस यूजर को फेसबुक पर सात हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं ।

निष्‍कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल दावा बेबुनियाद साबित हुआ। मार्च के अंत में अयोध्या में एक यज्ञशाला में आग लग गई थी, लेकिन इसमें किसी की मौत नहीं हुई थी।

  • Claim Review : अयोध्‍या में महायज्ञ के दौरान आग लगने से 1200 लोग जलकर मरे।
  • Claimed By : FB User Sarfaraz Ahmad
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later