X
X

Fact Check: संदिग्ध फेरीवालों की छह साल पहले जारी की गईं तस्वीरें अब हिमाचल प्रदेश पुलिस का अलर्ट बताकर वायरल 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल पोस्ट को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। यह तस्वीर साल 2019 में कर्नाटक की मंगलुरु पुलिस ने जारी किया था। यह फोटो अलग-अलग शहरों के नाम से पहले भी वायरल हो चुकी है। अब इस तस्वीर को हिमाचल पुलिस के नाम से भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

  • By: Jyoti Kumari
  • Published: Dec 4, 2025 at 05:45 PM
  • Updated: Dec 4, 2025 at 05:52 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर हो रही है, जिसमें कई लोगों की तस्वीर देखी जा सकती है। फोटो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि हिमाचल प्रदेश पुलिस ने इसे हाल ही में जारी किया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यह लोग कंबल विक्रेता बनकर लोगों के घर पर जाते हैं और लूटपाट करते हैं। वायरल हो रही पोस्‍ट में लोगों को सावधान रहने के लिए भी कहा गया है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। यह तस्वीर साल 2019 में कर्नाटक की मंगलुरु पुलिस ने जारी की थी और लोगों को इस गिरोह से बचकर रहने की चेतावनी दी थी। इसी तस्वीर को अब हालिया बताकर हिमाचल प्रदेश पुलिस के नाम से भ्रामक दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘Anuj Sharma’ ने 3 दिसंबर 2025 को वायरल पोस्ट को शेयर किया है। कैप्शन में लिखा हुआ है,”हिमाचल प्रदेश में संदिग्ध घूमते हुए फेरीवाले—पुलिस ने जारी की सावधानी अपील हिमाचल वासियों सावधान रहें! बीते दिनों प्रदेश के कई शहरों व कस्बों में कुछ संदिग्ध फेरीवाले घर–घर कपड़े, कंबल, चादर आदि बेचने के नाम पर घूमते पाए गए हैं। कई स्थानों पर ऐसे लोगों द्वारा… घरों की रेकी (नज़र रखना) अकेले लोगों की जानकारी जुटाना संदिग्ध गतिविधियाँ…जैसा व्यवहार नोट किया गया है। यह संदेश केवल आपकी सुरक्षा के लिए है—किसी भी व्यक्ति, जाति, धर्म या समुदाय से इसका कोई संबंध नहीं है। कृपया ऐसे किसी भी अजनबी को घर के अंदर न आने दें। उनके पहचानपत्र की जाँच करें। संदिग्ध लगे तो तुरंत 112 या नज़दीकी पुलिस थाना में सूचित करें। यह पोस्ट हिमाचल में सुरक्षा जागरूकता के लिए जारी की जा रही है।सतर्क रहें सुरक्षित रहें#HimachalAlert #safetyfirst #himachalpolice #PublicAwareness”

वायरल पोस्ट का आर्काइव लिंक यहां देखें।

पड़ताल

यह पोस्ट पहले भी वायरल हो चुकी है। उस दौरान इस फोटो को दिल्ली पुलिस की चेतावनी के दावे से वायरल किया जा चुका है। हमने उस वायरल पोस्‍ट की पड़ताल कर सच्चाई सामने रखी थी। उस समय हमने पोस्ट को लेकर कर्नाटक के पत्रकार यासिर खान से संपर्क किया था। उन्होंने हमें बताया था कि वायरल तस्वीर करीब पांच  साल से ज्यादा पुरानी थी।

हमने गूगल लेंस के जरिए फोटो को सर्च किया। हमें इससे जुड़ी खबर ‘daijiworld’ की वेबसाइट पर मिली। खबर को 29 जुलाई 2019 को प्रकाशित किया था। दी गई जानकारी के अनुसार,, “शहर के बाहरी इलाके में बाजपे पुलिस ने एक खूंखार ईरानी गिरोह के बारे में जनता को सतर्क किया है, जिसके सदस्य कंबल बेचने की आड़ में आते हैं। उक्त गिरोह चिकमंगलूर जिले और इसके शहरी क्षेत्रों में पहले से ही सक्रिय है। गिरोह के सदस्य दिन में कंबल बेचने वाले बनकर लोगों के पास आते हैं, घर का मुआयना करते हैं और बाद में घर लूट लेते हैं।”

सर्च में पता चला कि यह पोस्ट पहले भी कई बार अलग-अलग जगहों के नाम से सोशल मीडिया पर भ्रामक दावों के साथ वायरल हुई थी। इससे यह साफ होता है की पोस्ट पुरानी है और दावा भ्रामक है।

हमने पोस्ट को दैनिक जागरण के हिमाचल प्रदेश के स्टेट एडिटर नवनीत शर्मा के साथ शेयर किया। उन्होंने बताया कि यह दावा गलत है। ऐसी कोई चेतावनी राज्‍य में जारी नहीं की गई है।

अंत में हमने पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। हमें पता चला कि इस यूजर को 31 हजार लोग फेसबुक पर फॉलो करते हैं। यूजर ने स्वयं को दिल्ली का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल पोस्ट को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। यह तस्वीर साल 2019 में कर्नाटक की मंगलुरु पुलिस ने जारी किया था। यह फोटो अलग-अलग शहरों के नाम से पहले भी वायरल हो चुकी है। अब इस तस्वीर को हिमाचल पुलिस के नाम से भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : हिमाचल प्रदेश पुलिस ने संदिग्ध फेरीवालों की फोटो जारी की है।
  • Claimed By : फेसबुक यूजर -Anuj Sharma
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later