Fact Check: राहुल गांधी के हाथ धोने के बाद जूता पहनने के दावे के साथ वायरल वीडियो एडिटेड है
2021 में तमिलनाडु विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान एक यू-ट्यूब चैनल के शो पर खाना खाते हुए राहुल गांधी के वीडियो के एडिटेड क्लिप को आधे-अधूरे संदर्भ में दुष्प्रचार की मंशा से वायरल किया जा रहा है।
- By Vishvas News
- Updated: May 3, 2023

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स राहुल गांधी से संबंधित एक वीडियो क्लिप को शेयर कर रहे हैं, जिसमें उन्हें हाथ साफ करने के बाद जूता पहनते हुए देखा जा सकता है। वीडियो क्लिप को शेयर करते हुए यूजर्स दावा कर रहे हैं कि राहुल गांधी ने हाथ धोने के बाद अपने जूते पहने। यूजर्स इस वीडियो क्लिप को शेयर करते हुए राहुल गांधी का मजाक उड़ा रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में वायरल वीडियो क्लिप को आधा-अधूरा पाया। वास्तव में यह एडिटेड क्लिप है, जिसे उसके संदर्भ से अलग कर शेयर किया जा रहा है। राहुल गांधी ने खाना खाने के बाद अपना हाथ धोकर जूता पहना था, लेकिन वायरल क्लिप में इस हिस्से को जानबूझकर शामिल नहीं किया गया है, जिससे यह प्रतीत हो रहा है कि राहुल गांधी जूता पहनने से पहले अपने हाथ धो रहे हैं।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘विशाल वार्ष्णेय आनंद भाजपा’ ने वायरल वीडियो क्लिप (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “बताओ बताओ बताओ…हाथ धोने के बाद जूते कौन पहनता है।”
ट्विटर पर भी कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो क्लिप को समान दावे के साथ शेयर किया है।
पड़ताल
वायल वीडियो क्लिप करीब 15 सेकेंड का है, जिसमें राहुल गांधी को हाथ धोने के बाद जूता पहनते हुए देखा जा सकता है। वीडियो क्लिप को देखकर यह स्पष्ट हो जाता है कि यह एक एडिटेड क्लिप है, जिसे उसके संदर्भ से अलग कर साझा किया जा रहा है।
वायरल क्लिप के संदर्भ को समझने के लिए ऑरिजिनल वीडियो को देखना जरूरी थी। वायरल क्लिप के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर ‘Village Cooking Channel’ नाम के यू-ट्यूब चैनल पर 29 जनवरी 2021 को अपलोड किया हुआ वीडियो मिला। वायरल वीडियो में 11.55 सेकेंड से 12.24 सेकेंड के फ्रेम को देखने पर वायरल वीडियो क्लिप का पूरा संदर्भ मिल जाता है।
साफ नजर आ रहा है कि राहुल गांधी पहले लोगों के साथ बैठकर खाना खाते हैं और फिर एक व्यक्ति जूठे हाथ को धुलाने में उनकी मदद करता है, जिसके बाद वह जूता पहनते हैं और फिर लोगों का धन्यवाद करते हैं।
अन्य न्यूज रिपोर्ट्स में भी राहुल गांधी की इस यात्रा का जिक्र है। हिंदी न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक, राहुल गांधी 2021 में तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का प्रचार कर रहे थे और इसी दौरान वह वहां के एक यू-ट्यूब चैनल के शो पर भी पहुंचे, जहां उन्होंने मशरूम बिरयानी का लुत्फ उठाया। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने शो के दौरान बिरयानी बनाने वाले लोगों से बातचीत भी की।

हमारी जांच से स्पष्ट है कि राहुल गांधी का वायरल हो रहा वीडियो 2021 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव प्रचार से संबंधित है, जिसके एडिटेड क्लिप को दुष्प्रचार की मंशा से गलत संदर्भ में वायरल किया जा रहा है। वायरल क्लिप को लेकर हमने यूपी कांग्रेस के प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी के खिलाफ दुष्प्रचार का यह कोई नया मामला नहीं है। कोई भी व्यक्ति वीडियो को देखकर उसके संदर्भ को समझ सकता है।
वायरल वीडियो क्लिप को शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब 250 लोग फॉलो करते हैं। राहुल गांधी से संबंधित अन्य फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को यहां पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: 2021 में तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के दौरान एक यू-ट्यूब चैनल के शो पर खाना खाते हुए राहुल गांधी के वीडियो के एडिटेड क्लिप को आधे-अधूरे संदर्भ में दुष्प्रचार की मंशा से वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : हाथ धोने के बाद जूता पहनते राहुल गांधी।
- Claimed By : FB User-विशाल वार्ष्णेय आनंद भाजपा
- Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
-
वॅाट्सऐप नंबर 9205270923
-