X
X

Fact Check: नागपुष्प के 36 साल में खिलने का दावा फेक, हर साल खिलने वाली कोबरा लिली की है यह तस्वीर

दावा किया जा रहा है कि यह फोटो 36 साल में एक बार खिलने वाले नागपुष्प की है।

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Dec 20, 2024 at 10:00 AM
  • Updated: Dec 20, 2024 at 10:08 AM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर अजीब से दिखने वाले फूल की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। फोटो में देखा जा सकता है कि फूल का आकार सांप की तरह नजर आ रहा है। पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि फूल का नाम नागपुष्प है और यह 36 साल में सिर्फ एक बार हिमालय में खिलता है। ये पुष्प शेषनाग की तरह दिखता है।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि वायरल दावा गलत है। यह फूल हर साल मार्च से लेकर जून महीने तक में खिलता है और इसका नाम कोबरा लिली है। पहले भी यह दावा वायरल हो चुका है। विश्वास न्यूज ने पड़ताल कर सच्चाई सामने रखी थी। 

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘राजेंद्र धुरंधर’ ने 18 दिसंबर 2024 को पोस्ट शेयर किया था। पोस्ट पर लिखा हुआ है, “हिमालय में खिला नागपुष्प बरसो बाद दिखाई दिया.. ये पुष्प शेषनाग की तरह दिखता है जो करीब 36 सालो में एक बार ही देखा जा सकता है ! जरुर शेयर करे ताकी और लोग भी देख सके।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

पहले भी यह दावा वायरल हो चुका है। उस दौरान विश्वास न्यूज ने पड़ताल कर सच्चाई सामने रखी थी। उस दौरान हमने पाया था कि यह नागपुष्प नहीं कोबरा लिली (अरिसेमा एलफस) का फूल है। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।

गूगल पर कीवर्ड्स की मदद से सर्च करने पर हमें दावे से जुड़ी एक पोस्ट कार्निवोरस प्लांट सोर्स नामक वेबसाइट पर मिली। मौजूद जानकारी के मुताबिक, फूल का नाम कोबरा लिली (अरिसेमा एलफस) है।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें फूल की कई तस्वीरें इमेज का स्टॉक रखने वाली वेबसाइट आलमी पर मिली। वेबसाइट पर फूल की कई तस्वीरें मौजूद हैं और यहां पर भी फूल को कोबरा लिली ही बताया गया है। 

वाइल्ड फ्लावर की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह फूल अमेरिका, नेपाल, हिमालय और भूटान जैसी जगहों पर पाया जाता है। यह फूल मार्च से लेकर जून महीने तक हर साल खिलता है। यह फूल करीब दो फीट का होता है।

फ्लावर्स ऑफ इंडिया डॉट नेट के अनुसार, यह फूल कोबरा लिली की प्रजाति का है और इसे कोबरा लिली की यह प्रजाति ग्रिफ़िथ कोबरा लिली भी कहा जाता है। 

हमें कई अन्य वेबसाइट पर भी इस फूल से जुड़ी यही जानकारी मिली। 

अधिक जानकारी के लिए हमने मेरठ के सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के हेड राकेश सिंह सेंगर से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया, “वायरल दावा गलत है। इस फूल का नाम  कोबरा लिली है और यह हर साल खिलता है।”

अंत में हमने पोस्ट को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब पांच हजार लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया नागपुष्प के नाम से वायरल किया जा रहा पोस्ट गलत है। यह फूल हर साल मई-जून में खिलता है और इसका नाम कोबरा लिली है। पहले भी यह दावा वायरल हो चुका है। उस समय भी विश्वास न्यूज ने पड़ताल कर सच्चाई सामने रखी थी। 

  • Claim Review : 36 साल में एक बार खिलने वाले नागपुष्प की फोटो।
  • Claimed By : FB User Rajendra Dhurandhar
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later