Fact Check: दिवाली ऑफर के नाम पर मुकेश अंबानी के हवाले से वायरल हो रहा ‘फ्री गोल्ड’ देने का फर्जी दावा
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह दावा पूरी तरह फर्जी है। मुकेश अंबानी या रिलायंस समूह की तरफ से ऐसा कोई ऑफर घोषित नहीं किया गया है। वायरल वीडियो में किया जा रहा दावा एक स्कैम है।
- By: Umam Noor
- Published: Oct 14, 2025 at 06:32 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिवाली से पहले सोशल मीडिया पर ऑफर्स और गिवअवे से जुड़ी कई पोस्ट वायरल होनी शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में एक वीडियो तेजी से फैल रहा है। वायरल हो रहे इस वीडियो में दावा किया जा रहा है कि मुकेश अंबानी ने दिवाली ऑफर के तहत फ्री गोल्ड और सोने की चेन देने की घोषणा की है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह दावा पूरी तरह फर्जी है। मुकेश अंबानी या रिलायंस समूह की तरफ से ऐसा कोई ऑफर घोषित नहीं किया गया है। वायरल वीडियो में किया जा रहा दावा एक स्कैम है।
क्या हो रहा है वायरल?
‘Free Wala Baba’ नाम के इंस्टाग्राम यूजर ने 14 अक्टूबर को एक रील शेयर करते हुए लिखा, “दिपावली ओफर में मुकेश अंबानी जी ने कर दिया बड़ा ऐलान।”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले रिलायंस इंडस्ट्रीज की आधिकारिक वेबसाइट और रिलायंस जियो, रिलायंस रिटेल तथा जियो मार्ट के सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगाला। हमने पाया कि ऐसा कोई एलान या ऑफर कहीं भी नहीं किया गया है। न ही कंपनी की किसी प्रेस रिलीज़ या मीडिया रिपोर्ट में ‘फ्री गोल्ड देने’ जैसी कोई जानकारी मिली।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने वायरल वीडियो में बताये गए लिंक पर क्लिक किया। इस लिंक के जरिए हम test.arcadda.com नाम की एक वेबसाइट पर पहुंचे हालांकि, हमें यहाँ कहीं भी मुकेश अंबानी द्वारा मुफ्त में गोल्ड देने से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली। इस पेज का स्क्रीनशॉट नीचे देखा जा सकता है।
इससे पहले भी विश्वास न्यूज़ ने इस तरह के कई स्कैम का फैक्ट चेक किया है। इस बारे में साइबर एक्सपर्ट अनुज अग्रवाल का कहना है कि त्योहारों के दौरान इस तरह के फेक ऑफर्स और गिवअवे वीडियो तेजी से वायरल किए जाते हैं, ताकि लोगों से उनकी निजी जानकारी, बैंक डिटेल्स की जुटा सकें या पैसे ठगे जा सकें। ऐसे वीडियो या लिंक पर क्लिक करना जोखिम भरा हो सकता है।
मुकेश अंबानी और जिओ के हवाले से अक्सर ही सोशल मीडिया पर इसी तरह की फर्जी पोस्ट फैलाई जाती है, हमारा फैक्ट चेक यहां पढ़ें।
अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक पेज ‘फ्री वाला बाबा’ की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर को साढ़े सात लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। वहीं,इस प्रोफाइल पर और भी कई फेक पोस्ट शेयर की जा चुकी हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में यह दावा फर्जी साबित हुआ। मुकेश अंबानी या रिलायंस समूह की ओर से फ्री गोल्ड देने का कोई दिवाली ऑफर नहीं चलाया जा रहा है। वायरल वीडियो में किया गया दावा झूठा और भ्रामक है। सभी को ऐसे झूठे ऑफर्स से सावधान रहना चाहिए।
- Claim Review : दिवाली ऑफर के तहत फ्री गोल्ड और सोने की चेन देने की घोषणा की है।
- Claimed By : फेसबुक पेज 'फ्री वाला बाबा'
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












