Fact Check: बुर्का नहीं पहनने पर युवती की हत्या की खबर करीब सात माह पुरानी है, हाल की नहीं
बुर्का नहीं पहनने पर महिला की हत्या का मामला पिछले साल सितंबर का है, हाल का नहीं। यह वारदात मुंबई में हुई थी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था।
- By Vishvas News
- Updated: April 15, 2023

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक युवक और युवती की फोटो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि बुर्का नहीं पहनने पर मोहम्मद इकबाल ने हिंदू महिला रूपाली की हत्या कर दी। दोनों ने प्रेम विवाह किया था। एक हफ्ते में कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे शेयर किया है, जिससे यह घटना हाल में होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल मामला सितंबर 2022 का है, हाल का नहीं। मामला मुंबई का है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था।
क्या है वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर Gurumaaradhikasaraswati Saraswati (आर्काइव लिंक) ने 14 अप्रैल को तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा,
“एक और सूटकेस में पैक
बुरखा नहीं पहनने की वजह से मोहम्मद इक़बाल शेख़ ने रूपाली हिन्दू की हत्या कर दी। मोहम्मद इकबाल से किया था प्रेम विवाह….
मेरा अब्दुल ऐसा नही है“

ट्विटर यूजर विष्णु मिश्रा (आर्काइव लिंक) ने भी 14 अप्रैल को इन तस्वीरों को शेयर करते हुए समान दावा किया है।

पड़ताल
वायरल दावे की पड़ताल के लिए हमने सबसे पहले तस्वीरों को गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। इस बारे में भास्कर में सात महीने पहले खबर छपी है। इसमें दोनों तस्वीरें भी अपलोड की गई हैं। खबर में लिखा है कि मुंबई के तिलक नगर निवासी मुस्लिम युवक इकबाल मोहम्मद शेख ने हिंदू पत्नी रूपाली की हत्या कर दी। शुरुआती जांच में पता चला है कि महिला ने ससुराल में मुस्लिम रीति-रिवाज को मानने और बुर्का पहनने से इनकार कर दिया था। दोनों ने लव मैरिज की थी। उनका एक दो साल का बेटा भी है। पुलिस ने इकबाल को गिरफ्तार कर लिया है।

27 सितंबर 2022 को इस बारे में एएनआई ने ट्वीट कर जानकारी दी है। उसके अनुसार, “पुलिस इंस्पेक्टर विलास राठौर ने कहा कि मुंबई में 26 सितंबर को इकबाल मोहम्मद शेख ने अपनी पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी। उन्होंने 3 साल पहले शादी की थी और उनका एक बच्चा है। शिकायत में कहा गया है, उसका परिवार और वह पीड़िता को मुस्लिम परंपराओं को अपनाने और बुर्का पहनने के लिए मजबूर करता था, लेकिन उसने मना कर दिया। इस वजह से दोनों बहस करते थे।”
27 सितंबर 2022 को एनडीटीवी में भी इस बारे में खबर छपी है कि 26 सितंबर की रात को यह वारदात हुई है। आरोप है कि महिला का पति उस पर मुस्लिम रीति-रिवाज मानने और बुर्का पहनने का दबाव बनाते थे। रूपाली और इकबाल का तीन साल पहले विवाह हुआ था।

इस बारे में अधिक जानकारी के लिए हमने तिलक नगर थाने के सीनियर इंस्पेक्टर सुनील काले से संपर्क किया। उनका कहना है, “यह पिछले साल सितंबर का मामला है। इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था।“
पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर Gurumaaradhikasaraswati Saraswati की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। इसके मुताबिक, वह गुन्नौर में रहते हैं और एक विचारधारा से प्रभावित हैं। उनके 3 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: बुर्का नहीं पहनने पर महिला की हत्या का मामला पिछले साल सितंबर का है, हाल का नहीं। यह वारदात मुंबई में हुई थी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था।
- Claim Review : बुर्का नहीं पहनने पर मोहम्मद इकबाल ने हिंदू महिला रूपाली की हत्या कर दी। दोनों ने प्रेम विवाह किया था।
- Claimed By : FB User- Gurumaaradhikasaraswati Saraswati
- Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
-
वॅाट्सऐप नंबर 9205270923
-