X
X

Fact Check: एडवोकेट अमेंडमेंट विधेयक के खिलाफ वकीलों के प्रदर्शन का वीडियो वक्फ संशोधन बिल के विरोध से जोड़कर वायरल

फरवरी 2025 में वकीलों ने तीस हजारी कोर्ट के बाहर प्रस्तावित एडवोकेट अमेंडमेंट बिल, 2025 का विरोध किया था। उस प्रदर्शन के वीडियो को वक्फ संशोधन बिल से जोड़कर वायरल किया जा रहा है।

lawyers protest, Advocate Amendment Bill, Waqf Act, viral video, fact check, lawyers protest Advocate Bill, Advocate Amendment Bill protest

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। वक्फ संशोधन विधेयक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मंजूरी के बाद कानून बन चुका है। इसको लेकर कुछ जगह विरोध-प्रदर्शन भी हो रहे हैं। अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल कर दावा किया जा रहा है कि वकीलों ने वक्फ संशोधन बिल के खिलाफ प्रदर्शन किया है। वीडियो में तीस हजारी कोर्ट के बाहर वकीलों को कानून वापस लेने की मांग करते हुए प्रदर्शन करते हुए देखा जा सकता है।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वकीलों के प्रदर्शन का यह वीडियो वक्फ संशोधन कानून से संबंधित नहीं है। दरअसल, करीब एक माह पहले तीस हजारी कोर्ट के बाद वकीलों ने प्रस्तावित एडवोकेट अमेंडमेंट बिल 2025 के खिलाफ प्रदर्शन किया था। उस वीडियो को अब भ्रामक दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर ‘बीआरसीएस इन्टरनेशनल’ ने 5 अप्रैल को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,

वक्फ बोर्ड बिल के खिलाफ़ वकीलों ने सड़क जाम कर भारी तादाद में प्रोटेस्ट कर रहे हैं!! वकीलों का नारा,सांसद के दम पर तानाशाही नहीं चलेगी अपना काला कानून वापस लो

एक्स यूजर @AmjadAsR ने भी इस वीडियो को समान दावे के साथ पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है।

https://twitter.com/AmjadAsR/status/1908346148236005559

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो को ध्यान से देखा। इसमें रिपोर्टर वीडियो को तीस हजारी कोर्ट के बाहर का बता रहा है। वीडियो में पोस्टर पर The Advocate (Amendment) Bill 2025 लिखा दिख रहा है। इससे हमें दावा संदिग्ध लगा।

एक्स यूजर @AmjadAsR की पोस्ट पर यूजर @jaijeet_k ने भी इस वीडियो को एडवोकेट अमेंडमेंट बिल के विरोध से जुड़ा बताया।

https://twitter.com/jaijeet_k/status/1908491053197410347

इस बारे में कीवर्ड से सर्च करने पर हमें Forum4 News यूट्यूब चैनल पर इससे संबंधित वीडियो न्यूज मिली। 21 फरवरी 2025 को अपलोड वीडियो न्यूज के अनुसार, एडवोकेट संशोधन विधेयक को लेकर वकील तीस हजारी कोर्ट के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसमें वकील एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट पास करने की मांग करते दिख रहे हैं। वायरल वीडियो और इस वीडियो में दिख रहे लोग एक ही हैं।

यूट्यूब चैनल HNP NEWS HINDI पर भी 22 फरवरी 2025 को इससे संबंधित वीडियो न्यूज को अपलोड किया गया है। इसमें वायरल वीडियो क्लिप को देखा जा सकता है। इसमें भी वीडियो को एडवोकेट संशोधन विधेयक से जुड़ा बताया गया है।

21 फरवरी को नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर छपी खबर के मुताबिक, तीस हजारी कोर्ट के बाहर वकीलों ने प्रस्तावित एडवोकेट अमेंडमेंट बिल, 2025 के विरोध में रोड जाम कर दी।

22 फरवरी को प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो की प्रेस रिलीज की अनुसार, संशोधित अधिवक्ता (संशोधन) विधेयक, 2025 को नए सिरे से बदला जाएगा।

एक महीने पहले दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर छपी खबर के मुताबिक, केंद्र सरकार 1961 के एडवोकेट एक्ट में बदलाव के लिए बिल लाने की तैयारी कर रही है। ​इसका फाइनल ड्राफ्ट आने के बाद वकीलों का विरोध शुरू हो गया था।

वहीं, वक्फ संशोधन बिल 2025 राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद कानून बन चुका है। दैनिक जागरण की वेबसाइट पर पीटीआई के हवाले से छपी खबर के मुताबिक, संसद के दोनों सदनों में पारित विधेयक को राष्टपति ने 5 अप्रैल को मंजूरी दे दी है। कांग्रेस, एआईएमआईएम और आम आदमी पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट में इस कानून को चुनौती दी है।

इस बारे में हमने ईटीवी भारत में कोर्ट कवर करने वाले रिपोर्टर राहुल चौहान से बात की। उनका कहना है कि वायरल वीडियो तीस हजारी कोर्ट के बाहर का है। वहां वकीलों ने प्रस्तावित एडवोकेट संशोधन बिल को लेकर विरोध जताया था। इसका वक्फ संशोधन बिल से कोई संबंध नहीं है।

वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक विचारधारा से प्रभावित यूजर के करीब 1 लाख 37 हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: फरवरी 2025 में वकीलों ने तीस हजारी कोर्ट के बाहर प्रस्तावित एडवोकेट अमेंडमेंट बिल, 2025 का विरोध किया था। उस प्रदर्शन के वीडियो को वक्फ संशोधन बिल से जोड़कर वायरल किया जा रहा है।

  • Claim Review : वकीलों ने वक्फ संशोधन बिल के खिलाफ प्रदर्शन किया है।
  • Claimed By : FB User- बीआरसीएस इन्टरनेशनल
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later