Fact Check: लखनऊ में पुलिस का महिला से अभद्रता का मामला चार साल पुराना है, हाल का नहीं
लखनऊ की अम्बरगंज चौकी में करीब चार साल पहले चौकी इंचार्ज द्वारा महिला से अभद्रता का मामला सामने आया था। उस घटना के वीडियो को हालिया बताकर शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो का आगरा से भी कोई संबंध नहीं है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Mar 8, 2025 at 04:35 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश पुलिस से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें पुलिस चौकी में दारोगा को महिला से अभद्र भाषा में बात करते हुए और इसके बाद हुए हंगामे को देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यूपी पुलिस ने महिला से अभद्रता की और विरोध करने पर उसको पीटा। कुछ यूजर्स इस वीडियो को आगरा का बताकर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो जुलाई 2021 का है और लखनऊ की अम्बरगंज पुलिस चौकी का है। दारोगा ने महिला से अभद्र भाषा का प्रयोग करने के बाद उसे कमरे में बंद कर दिया था। उससे मारपीट का मामला सामने नहीं आया था। अभद्रता करने वाले दारोगा को बाद में चौकी से हटा दिया गया था। इसका आगरा से कोई संबंध नहीं है।
वायरल पोस्ट
एक्स यूजर ‘बेसिक शिक्षा सूचना केंद्र’ ने 6 मार्च को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए डीजीपी यूपी से इस मामले में कार्रवाई की मांग की।

फेसबुक यूजर ‘मैनपुरी सुफर फास्ट न्यूज़’ ने 8 मार्च को इस वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,
“उत्तरप्रदेश की पुलिस ने सारी हदें पार कर दी हैँ दरोगा जी महिला से अपमानजनक भाषा में …. बोलते हैँ जब महिला इस भाषा का विरोध करती है तो उसको कमरे में ले जाकर पीटा जाता है उसका बच्चा गिड़गिड़ाता है पर किसी को तरस नहीं आता अब संघी किसकी गलती बताएँगे!?”

एक्स यूजर Abhi (journalist ) ने इस वीडियो को आगरा का बताते हुए पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है।

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने एक्स यूजर ‘बेसिक शिक्षा सूचना केंद्र’ की पोस्ट को चेक किया। इसमें कुछ यूजर्स ने इस घटना को पुराना बताया है। यूजर Anokhi Khabar Lucknow News ने इसको लखनऊ अम्बरगंज चौकी का पुराना वीडियो बताया।

इस आधार पर सर्च करने पर हमें एक्स यूजर Anil Tiwari की 19 जुलाई 2021 की पोस्ट मिली। इसमें वायरल वीडियो को शेयर किया गया है। इस पर जवाब देते हुए लखनऊ पुलिस के एक्स हैंडल से जानकारी दी गई है कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद आरोपी सब इस्पेक्टर को चौकी से हटाकर डीसीपी पश्चिमी कार्यालय से अटैच कर दिया गया था। इस मामले की जांच एसीपी बाजारखाला को सौंपी गई है।
इसी पोस्ट पर एक्स यूजर Akhlad khan ने घटना का दूसरा वीडियो पोस्ट किया है, जो ज्यादा क्लीयर है। इसके साथ में लिखा है, “यहां देखिए लखनऊ के अंबरगंज थाने में एक महिला की कथित तौर पर पिटाई के वीडियो का सच। महिला ने पुलिस इंस्पेक्टर के साथ दुर्व्यवहार किया और उसकी पिस्तौल खींचने की कोशिश भी की। उसे उसके प्रेमी के रिश्तेदारों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर हिरासत में लिया गया था।”
पोस्ट में जानकारी दी गई है, “महिला का कहना है कि वह युवक के साथ रिलेशनशिप में रह रही थी और शादी करने वाली थी, जबकि उसके प्रेमी के पिता ने महिला पर अपने बेटे का अपहरण करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों को पूछताछ के लिए अम्बरगंज पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां महिला ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। वीडियो वायरल होने के बाद एसआई राकेश कुमार को पद से हटाकर डीसीपी पश्चिमी कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। एसीपी बाजारखाला को जांच के निर्देश दिए गए।”
इसी पोस्ट में महिला का वीडियो बयान भी शेयर किया गया है। इसमें उसने कहा कि पुलिस ने उससे मारपीट नहीं की है।

दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर 20 जुलाई 2021 को इस बारे में खबर छपी है। इसके अनुसार, “लखनऊ के सआदतगंज की अम्बरगंज चौकी में महिला के साथ अभद्रता करने वाले चौकी इंचार्ज राजेश कुमार चौरसिया अब पुलिस कमिश्नर कार्यालय का कामकाज संभालेंगे। पुलिस ने प्रेमी के साथ लिव-इन में रह रही महिला को 18 जुलाई की रात अम्बरगंज चौकी में बुलाया था। उस पर प्रेमी को बंधक बनाकर रखने का आरोप लगा था। वह प्रेमी और बेटे के साथ चौकी पहुंची थी। इस दौरान महिला ने भी हंगामा किया था। महिला को कमरे में बंद कर दिया गया था।” खबर में महिला से मारपीट का जिक्र नहीं है।

इस बारे में हमने लखनऊ में दैनिक जागरण के सीटी चीफ अजय श्रीवास्तव से बात की। उनका कहना है कि यह अम्बरगंज चौकी का पुराना वीडियो है।
पुराने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 38 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: लखनऊ की अम्बरगंज चौकी में करीब चार साल पहले चौकी इंचार्ज द्वारा महिला से अभद्रता का मामला सामने आया था। उस घटना के वीडियो को हालिया बताकर शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो का आगरा से भी कोई संबंध नहीं है।
- Claim Review : यूपी पुलिस ने महिला से अभद्रता की और विरोध करने पर उसको पीटा।
- Claimed By : X User- बेसिक शिक्षा सूचना केंद्र
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












