Fact Check: महिला कल्याण मंच ट्रस्ट की अध्यक्ष का अधूरा वीडियो ज्योति मल्होत्रा की मां का बताकर किया गया शेयर
महिला कल्याण मंच ट्रस्ट की अध्यक्ष का क्लिप्ड वीडियो ज्योति मल्होत्रा से जोड़कर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है। वीडियो में ज्योति की मां नहीं, बल्कि महिला कल्याण मंच ट्रस्ट की अध्यक्ष हैं।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: May 24, 2025 at 03:19 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। हरियाणा के हिसार की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक महिला को यह कहते हुए दिखाया गया है कि मेरी बेटी वीजा पर पाकिस्तान गई थी, वहां इसको दानिश मिला, जिसने उसे जासूसी के लिए अपने जाल में फंसाया। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि वीडियो में दिख रही महिला ज्योति मल्होत्रा की मां है।
विश्वास न्यूज की जांच में वायरल दावा गलत निकला। दरअसल, वीडियो में दिख रही महिला ज्योति मल्होत्रा की मां नहीं, बल्कि महिला कल्याण मंच ट्रस्ट की अध्यक्ष पूनम सलुजा हैं। पूनम सलुजा के अधूरे क्लिप्ड वीडियो को शेयर कर गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
वायरल पोस्ट
इंस्टाग्राम यूजर “updates_todayindia” ने 23 मई को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है,
“जासूस ज्योति मल्होत्रा की माँ ने किया खुलासा”
इसमें महिला कह रही हैं, “मेरी बेटी पाकिस्तान गई थी, वीजा के साथ गई थी। जैसा कि हमारे पंजाबियों में बैसाखी होती है 13 अप्रैल को। और साल में एक बार हिन्दुस्तान और पाकिस्तान का बॉर्डर खोला जाता है और पाकिस्तान के ननकाना साहिब गुरुद्वारे में जाते हैं सारे पंजाबी हिन्दुस्तान से। जो पाकिस्तान वो गई थी ननकाना साहिब गुरुद्वारे में गई थी। वहां जाने के बाद इसको दानिश मिला और दानिश से इसको प्यार-मोहब्बत, क्योंकि वो तो फंसाएंगे ही फंसाएंगे। वो तो चाहते हैं कि हिन्दुस्तान के किसी को फंसाकर जासूसी कराएं। इसको फंसाया गया और ये जाल में फंस गई।“

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। यूट्यूब चैनल Chaupal Bharat पर कुछ शॉर्ट्स अपलोड हैं। इनमें वायरल वीडियो वाली महिला को पूनम सहलुजा या पूनम मल्होत्रा बताया गया है।
इस चैनल पर वायरल रील से मिलती-जुलती कुछ और वीडियो क्लिप्स मिली, जिसमें पूनम को ज्योति मल्होत्रा के बारे में बोलते हुए देखा जा सकता है।

22 मई को इसी चैनल से अपलोड एक वीडियो क्लिप में पूनम को ज्योति के बारे यह कहते हुए देखा जा सकता है, “मैंने तो उसके फादर का इंटरव्यू देखा है, बेचारा मतलब मिडिल क्लास फैमिली से बिलांग करते हैं। साधारत टाइप का आदमी है।”
हालांकि, हमें चैनल पर वायरल वीडियो क्लिप नहीं मिली। इस चैनल से संबंधित फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट हमें डिलीटेड मिले।
पूनम के बारे में हमने कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया तो Mahila Kalyan Manch Trust का फेसबुक पेज मिला। इस पर दी गई जानकारी के अनुसार, इस ट्रस्ट की अध्यक्ष पूनम सलुजा हैं।

इस पेज पर उनके वीडियो अपलोड किए गए हैं।

इस बारे में हमने पूनम सलुजा से संपर्क कर उनको वायरल पोस्ट भेजी। उन्होंने कहा कि वह बिहार के पटना में रहती हैं। यह फेक है। एक चैनल ने उनके कार्यालय में यह बाइट ली थी। उन्होंने वीडियो बाइट में ज्योति के पिता का जिक्र करते हुए कहा था कि उनकी बेटी पाकिस्तान गई थी, वीजा के साथ गई थी। मेरी छवि खराब करने के लिए वीडियो का अधूरा हिस्सा वायरल किया जा रहा है।
पूनम ने हमारे साथ वायरल वीडियो क्लिप का बड़ा वर्जन शेयर किया। इसमें वह कह रही हैं, “मैंने उसके फादर का इंटरव्यू देखा है, बेचारा मतलब मिडिल क्लास फैमिली से बिलांग करता है। इतना साधारण टाइप का आदमी है, रो-रोकर बोल रहा था हमको तो पता ही नहीं है। मेरी बेटी पाकिस्तान गई थी, वीजा के साथ गई थी।”

पूनम ने कॉल कॉन्फ्रेंस के जरिए हमारी बात यूट्यूब चैनल Chaupal Bharat के ओनर बाल कृष्ण से कराई। उन्होंने बताया कि उस वीडियो को उन्होंने डिलीट कर दिया है। पूनम ने ज्योति के पिता का जिक्र करते हुए पाकिस्तान जाने वाली बात कही थी।
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 22 मई को छपी खबर में लिखा है, ज्योति को 16 मई को पुलिस ने पकड़ा था। उस पर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का आरोप है। हिसार पुलिस ने प्रेस रिलीज जाारी कर भ्रामक खबरों से बचने की सलाह दी है।

क्लिप्ड वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 7393 फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: महिला कल्याण मंच ट्रस्ट की अध्यक्ष का क्लिप्ड वीडियो ज्योति मल्होत्रा से जोड़कर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है। वीडियो में ज्योति की मां नहीं, बल्कि महिला कल्याण मंच ट्रस्ट की अध्यक्ष हैं।
- Claim Review : वीडियो में दिख रही महिला ज्योति मल्होत्रा की मां है।
- Claimed By : Insta User- updates_todayindia
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












