X
X

Fact Check: रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने के बाद नहीं, केजरीवाल के CM रहते खरीदी गई थी MG ग्लॉस्टर

दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने के बाद रेखा गुप्ता के लिए लग्जरी कार को खरीदे जाने का दावा गलत और सियासी दुष्प्रचार है। रेखा गुप्ता के लिए जो कार आवंटित की गई, उसकी खरीदारी 2022 में अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री रहते हुए की गई थी। केजरीवाल के बाद बतौर मुख्यमंत्री आतिशी ने इस कार का इस्तेमाल किया और अब यह कार मुख्यमंत्री बनने के बाद रेखा गुप्ता को मिली है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार बनने के बाद सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि मुख्यमंत्री बनने के 48 घंटों के भीतर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के लिए 50 लाख रुपये की कार खरीदी गई, जबकि बीजेपी ने यह कहा था उनकी सरकार का मुख्यमंत्री ‘शीशमहल’ में नहीं रहेगा।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वास्तव में रेखा गुप्ता को जो कार मिली है, वह अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री रहते हुए खरीदी गई थी और बतौर मुख्यमंत्री आतिशी ने भी इस कार का इस्तेमाल किया गया। अब यही कार दिल्ली के मुख्यमंत्री होने के नाते रेखा गुप्ता इस्तेमाल कर रही हैं। गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने के बाद इस कार के खरीदे जाने का दावा गलत और सियासी दुष्प्रचार है।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘Dobol News’ ने वायरल पोस्ट (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “CM बनने के 48 घंटे के भीतर 50 लाख की कार, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ‘शीश महल’ नहीं जाएंगी,सड़क पर ही ‘शीश महल’ बनवाएंगी: पत्रकार प्रेम कुमार।”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस तस्वीर को समान दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले रेखा गुप्ता ने कहा था कि वे अरविंद केजरीवाल के बनवाए गए आलीशान महल (जो दिल्ली में प्रमुख चुनावी मुद्दा रहा) में नहीं रहेंगी।

इसी संदर्भ में वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए दावा किया गया है कि जिस मुख्यमंत्री ने ‘शीशमहल’ में रहने से मना कर दिया, उनके मुख्यमंत्री बनने के 48 घंटों के भीतर लग्जरी कार की खरीदारी कर ली गई। वायरल पोस्ट में नजर आ रही कार एमजी ग्लॉस्टर है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर ‘DL11CM0001’ है।

वायरल वीडियो में नजर आ रही कार।

आरटीओ व्हीकल इन्फॉर्मेशन.कॉम की वेबसाइट पर हमने इस कार की जानकारी को चेक किया। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, ग्लॉस्टर DE 4X4 6 SEAT SAVVY मॉडल की इस कार की रजिस्ट्रेशन तारीख 22 अप्रैल 2022 है।

DL11CM0001 रजिस्ट्रेशन नंबर वाले वाहन का विवरण।

यानी इस कार की खरीदारी 2022 में की गई थी, जबकि दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आठ फरवरी को आए थे और रेखा गुप्ता ने 20 फरवरी को मुख्यमंत्री के पद की शपथ ली थी।

हमारी पड़ताल से स्पष्ट है कि यह कार रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने के बाद नहीं खरीदी गई। सर्च में हमें 16 अप्रैल 2023 का एएनआई का ट्वीट मिला, जिसमें तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को इसी कार में मुख्यमंत्री भवन में आते हुए देखा जा सकता है।

केजरीवाल के इस्तीफा देने के बाद जब आतिशी दिल्ली की मुख्यमंत्री बनी, तो ये कार उन्हें मिली।

इसके बाद जब रेखा गुप्ता को दिल्ली का मुख्यमंत्री चुना गया, तो यही कार उन्हें मिली।

नेशनल हेराल्ड की 10 जुलाई 2022 की रिपोर्ट के मुताबिक, आरटीआई के तहत हाल ही में मांगी गई जानकारी के मुताबिक दिल्ली राज्य सरकार ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के लिए वाहन खरीदने पर 2014 से 1.44 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।

यह आरटीआई केजरीवाल के एमजी ग्लॉस्टर में नजर आने के बाद दायर की गई थी। इससे पहले वे टोयोटा इनोवा और महिंद्रा अल्टुरास जी4 का इस्तेमाल करते थे। वायरल पोस्ट में किए गए दावे को लेकर हमने दैनिक जागरण दिल्ली राज्य ब्यूरो के प्रमुख संवाददाता वी के शुक्ला से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि ये कार अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान ही खरीदी गई थी।

वायरल पोस्ट को फेक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब 70 हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। दिल्ली चुनाव से संबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को यहां पढ़ा जा सकता है।

निष्कर्ष: दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने के बाद रेखा गुप्ता के लिए लग्जरी कार को खरीदे जाने का दावा गलत और सियासी दुष्प्रचार है। रेखा गुप्ता के लिए जो कार आवंटित की गई, उसकी खरीदारी 2022 में अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री रहते हुए की गई थी। केजरीवाल के बाद बतौर मुख्यमंत्री आतिशी ने इस कार का इस्तेमाल किया और अब यह कार मुख्यमंत्री बनने के बाद रेखा गुप्ता को मिली है।

  • Claim Review : CM बनने के 48 घंटे के भीतर रेखा गुप्ता के लिए खरीदी गई 50 लाख की कार।
  • Claimed By : FB Page-Dobol News
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later