Fact Check: नगर पालिका अधिकारी को थप्पड़ मारती विधायक का यह वीडियो महाराष्ट्र का है, हरियाणा का नहीं
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। इंजीनियर को थप्पड़ मारती महिला का यह वीडियो साल 2023 का है, जब महाराष्ट्र के ठाणे में बिना नोटिस दिए कार्रवाई करने दो शख्स आ गए थे। जिस पर गीता जैन गुस्सा हो गई थीं और उन्होंने एक इंजीनियर को थप्पड़ मार दिया था। वीडियो उसी घटना का है। जिसे अब कुछ लोग हरियाणा का बताकर शेयर कर रहे हैं।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Nov 13, 2025 at 04:47 PM
- Updated: Nov 13, 2025 at 05:52 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला को बीच सड़क एक शख्स को थप्पड़ मारते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को हालिया बताकर शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो हरियाणा का है, जहां गरीब युवती का घर तोड़ने पर महिला विधायक ने नगर निगम के इंजीनियरों की पिटाई की।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो साल 2023 का महाराष्ट्र के ठाणे जिले का है। वीडियो को हरियाणा के नाम से गलत दावे से शेयर किया जा रहा है। वीडियो का हाल-फिलहाल से कोई संबंध नहीं है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
इंस्टाग्राम यूजर viralindiaalert ने 8 नवंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर किया है। पोस्ट में लिखा हुआ है,“महिला विधायक ने इंजीनियर को बीच रास्ते में सिखाया सबक #army #police #bsf #shortsfeed #shorts”
वीडियो में व्यक्ति को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “यह वीडियो हरियाणा का है।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट दैनिक जागरण की वेबसाइट पर मिली। खबर को 21 जून 2023 को प्रकाशित किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, “महाराष्ट्र के ठाणे जिले की एक महिला विधायक द्वारा एक सिविल इंजीनियर को सार्वजनिक तौर पर थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में ठाणे जिले की विधायक गीता जैन मीरा भायंदर नगर निगम के दो इंजीनियरों को कुछ संरचनाओं को गिराने के लिए गाली देते हुए देखी जा सकती हैं। उनका आरोप था कि इन संरचनाओं को गिराए जाने के बाद लोगों को सड़कों पर रहना पड़ रहा है। इस कदम से मानसून से पहले परिवार सहित बच्चे बेघर हो गए हैं।”
वीडियो इनख़बर ऑफिशियल (InKhabar Official) के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 22 जून 2023 को अपलोड किया गया है। दी गई जानकारी के अनुसार, वीडियो में दिख रहे आदमी मीरा भयंदर नगर पालिका के कर्मचारी हैं। विधायक गीता जैन ने जिस शख्स को थप्पड़ मारा वो नगर पालिका इंजीनियर है। रिपोर्ट के अनुसार, यह लोग कथित रूप से बिना नोटिस के लोगों के घर तोड़ने पहुंचे थे। इसी बात से गुस्सा होकर मीरा जैन ने इंजीनियर को थप्पड़ जड़ दिया था। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।’
वीडियो से जुड़ी जानकारी न्यूज18 की एक खबर में मिली। 21 जून 2023 को प्रकाशित खबर में बताया गया, “यह घटना महाराष्ट्र की है। जहां बिना नोटिस दिए कार्रवाई करने पर मीरा भयंदर की विधायक गीता जैन भड़क गई थी और उन्होंने एक इंजीनियर को थप्पड़ भी मारे।”
वीडियो से जुड़ी अन्य रिपोर्ट्स यहां पढ़ें।
हमने वीडियो को महाराष्ट्र के पत्रकार वरुण सिंह के साथ शेयर किया। उन्होंने बताया कि यह घटना महाराष्ट्र की है और पुरानी है। इसका हाल-फिलहाल से कोई संबंध नहीं है।
अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर को स्कैन किया। पता चला यूजर को इंस्टाग्राम पर 30 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। इंजीनियर को थप्पड़ मारती महिला का यह वीडियो साल 2023 का है, जब महाराष्ट्र के ठाणे में बिना नोटिस दिए कार्रवाई करने दो शख्स आ गए थे। जिस पर गीता जैन गुस्सा हो गई थीं और उन्होंने एक इंजीनियर को थप्पड़ मार दिया था। वीडियो उसी घटना का है। जिसे अब कुछ लोग हरियाणा का बताकर शेयर कर रहे हैं।
- Claim Review : इंजीनियरों की पिटाई करती महिला महिला विधायक का यह वीडियो हरियाणा का है।
- Claimed By : इंस्टाग्राम यूजर- viralindiaalert
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












