Fact Check: मुकेश खन्ना ने नहीं किया राम मंदिर और शिरडी साईं को लेकर यह एक्स पोस्ट, फर्जी दावा फिर से वायरल
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस पोस्ट को फर्जी पाया। खुद मुकेश खन्ना ने भी पुष्टि की थी कि उन्होंने एक्स पर ऐसा कोई पोस्ट नहीं किया है।
- By: Umam Noor
- Published: Dec 16, 2025 at 04:14 PM
- Updated: Dec 16, 2025 at 06:18 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक बार फिर से अभिनेता मुकेश खन्ना के नाम से एक एक्स पोस्ट का एक स्क्रीनशॉट वायरल हो रहा है। वायरल हो रहे इस पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि मुकेश खन्ना ने एक्स पोस्ट कर लिखा है कि शिरडी साईं ट्रस्ट ने राम मंदिर के निर्माण के लिए पैसे देने से इनकार कर दिया है।
विश्वास न्यूज एक बार पहले भी इस पोस्ट की पड़ताल कर चुका है। अपनी जांच में हमने इस पोस्ट को फर्जी पाया। खुद मुकेश खन्ना ने भी पुष्टि की थी कि उन्होंने एक्स पर ऐसा कोई पोस्ट नहीं किया है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘Chanchal Singh Takuli’ ने वायरल स्क्रीनशॉट को 16 दिसंबर 2025 को शेयर किया। यह स्क्रीनशॉट एक एक्स पोस्ट का है, जिसमें मुकेश खन्ना की तस्वीर और यूजर नेम में मुकेश खन्ना लिखा हुआ है। वहीं, एक्स पोस्ट में लिखा है, “राम मंदिर को चंदा नहीं देने का कारण “सांई ट्रस्ट” ने अपने को ‘हिंदुओं से अलग होना बताया। जबकि इस ट्रस्ट की कुल संपत्ति हिंदुओं की देन है और हिंदुओं से ही अलग बताना धोखा नहीं है ???:.”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखा जा सकता है।

पड़ताल
वायरल दावा एक बार पहले भी वायरल हो चुका है। उस वक्त भी विश्वास न्यूज ने इसकी पड़ताल की थी और इसे फर्जी पाया था। वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने मुकेश खन्ना के आधिकारिक एक्स अकाउंट @actmukeshkhanna को सर्च किया था। हमें यहां ऐसी ऐसी कोई पोस्ट नहीं मिली थी। हमने एक बार फिर इस अकाउंट की जांच की। हमें यहाँ ऐसी कोई हालिया पोस्ट नहीं मिली।
अक्टूबर 2024 में की गई जांच के दौरान हमें पता चला था कि वायरल स्क्रीनशॉट में दिख रहे यूजर की एक्स आईडी पूरी तरह लिखी हुई नहीं थी। संबंधित कीवर्ड्स को गूगल पर सर्च करने पर यह जानकारी सामने आई कि यह स्क्रीनशॉट साल 2021 से ही सोशल मीडिया पर मौजूद है। उस समय भी कई यूजर्स ने इसे शेयर किया था और इन पोस्ट में आईडी @ThemukeshK_ दिखाई दे रही थी। जब हमने इस आईडी को सर्च किया, तो हमें एक एक्स अकाउंट मिला। हालांकि, इस अकाउंट की सभी पोस्ट्स को जांचने पर वहां ऐसा वायरल पोस्ट नहीं मिला। इसके अलावा, वेब आर्काइव टूल की मदद से भी हमने उस अकाउंट की पुरानी एक्स पोस्ट्स को खंगाला, लेकिन वहां भी इस तरह का कोई पोस्ट नहीं मिला।
इससे पहले अक्टूबर 2024 में जब यह पोस्ट वायरल हुई थी, तो अधिक जानकारी के लिए हमने मुकेश खन्ना से संपर्क किया था। उन्होंने हमें बताया था, “वायरल दावा गलत है। मैंने ऐसा कोई एक्स पोस्ट नहीं किया है। यह मेरा अकाउंट नहीं है।”
अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर Chanchal Singh Takuli की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर हरियाणा का रहने वाला है। यूजर को साढ़े सात हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस पोस्ट को फर्जी पाया। खुद मुकेश खन्ना ने भी पुष्टि की थी कि उन्होंने एक्स पर ऐसा कोई पोस्ट नहीं किया है।
- Claim Review : शिरडी साईं ट्रस्ट ने राम मंदिर के निर्माण के लिए पैसे देने से इनकार कर दिया है।
- Claimed By : फेसबुक यूजर Chanchal Singh Takuli
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












