X
X

Fact Check: इटावा पुलिस ने लॉकडाउन के वक्‍त करवाया था युवक से डांस, वीडियो अब होली का बताकर किया गया वायरल

वायरल पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। इटावा में लॉकडाउन के दौरान एक युवक को पुलिस चौकी में डांस करवाया गया था। उसी वीडियो को अब होली के दौरान का बताकर वायरल किया गया है।

नई दिल्‍ली (विश्वास न्‍यूज)। होली के नाम पर सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक को किसी पुलिस थाने में हरियाणवी डांसर सपना चौधरी के ‘तेरी आंख्या का यो काजल’ गीत पर डांस करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में कुछ पुलिस‍कर्मियों को भी देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इस वीडियो को होली का बताकर वायरल कर रहे हैं।

विश्वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। दावा फर्जी साबित हुआ। दरअसल, वायरल वीडियो 2020 के लॉकडाउन के दौरान का है। उस समय इटावा की एक पुलिस चौकी में यह घटना घटी थी, जिसके बाद चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया था। उसी पुराने वीडियो को अब वायरल करके भ्रम फैलाया जा रहा है।

क्‍या हो रहा है वायरल?

फेसबुक पेज ‘The News Wave’ ने 4 मार्च 2026 को एक वीडियो को पोस्‍ट करते हुए लिखा, “नई दिल्ली/स्थानीय: होली का त्योहार ही ऐसा है कि क्या आम और क्या खास, हर कोई मस्ती के रंग में सराबोर नजर आता है। लेकिन हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हुआ है जिसने सबको लोटपोट कर दिया है। वीडियो में एक शख्स थाने के अंदर पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में मशहूर गाने ‘तेरी आंख्या का यो काजल’ पर मज़ेदार डांस करता नजर आ रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे यह शख्स बिना किसी डर या हिचकिचाहट के अपने बेहतरीन और मज़ेदार डांस स्टेप्स दिखा रहा है। वहीं ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी भी इस नजारे का आनंद लेते और मुस्कुराते नजर आ रहे हैं। कुछ पुलिसकर्मी तो इस पल को अपने मोबाइल में कैद करते भी दिखे।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्‍यूज ने वायरल वीडियो की सच्‍चाई पता लगाने के लिए सबसे पहले इसके कई ग्रैब्‍स निकाले। फिर इन्‍हें गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। हमें वीडियो से जुड़ी कई पुरानी खबरें मिलीं। हर खबर में यही बताया गया कि वीडियो लॉकडाउन के दौरान का है।

न्‍यूज 18 की वेबसाइट ने 3 मई 2020 को पब्लिश एक खबर में बताया कि इटावा के सदर कोतवाली क्षेत्र के नया शहर पुलिस चौकी में यह घटना घटी थी। लॉकडाउन के दौरान एक युवक से एक गाने पर डांस कराया गया था। वीडियो वायरल होने के बाद चौकी इंचार्ज विश्‍वनाथ मिश्रा को लाइन हाजिर कर दिया गया था।

इसी तरह जागरण डॉट कॉम ने अपनी 4 मई 2020 की खबर में बताया कि लॉकडाउन के दौरान घूम रहे एक युवक को पुलिस ने पकड़ लिया था और उसके बाद चौकी में उससे डांस करवाया गया था।

पड़ताल के दौरान हमें यूपी तक नाम के एक यूट्यूब चैनल पर वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट मिली। 4 मई 2020 की इस रिपोर्ट में बताया गया कि लॉकडाउन तोड़ने पर पुलिसवालों ने एक शख्स को डांस करने पर मजबूर किया था। जिसके बाद चौकी प्रभारी को हटा दिया गया था।

विश्वास न्‍यूज ने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए दैनिक जागरण, इटावा के ब्‍यूरो चीफ गौरव डूडेजा से संपर्क किया। उन्‍होंने पुष्टि करते हुए बताया कि वायरल वीडियो पुराना है। 2020 में लॉकडाउन के दौरान इटावा में पुलिस चौकी के अंदर एक युवक से डांस करवाया गया था। उसी वीडियो को अब वायरल किया गया है।

जांच के अंत में फर्जी पोस्‍ट करने वाले फेसबुक पेज की जांच की गई। पता चला कि ‘द न्‍यूज वेव’ नाम के इस पेज को जुलाई 2025 में बनाया गया था।

निष्‍कर्ष: विश्वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। इटावा में लॉकडाउन के दौरान एक युवक को पुलिस चौकी में डांस करवाया गया था। उसी वीडियो को अब होली के दौरान का बताकर वायरल किया गया है।

  • Claim Review : होली पर थाने में युवक से डांस कराया गया।
  • Claimed By : FB page The News wave
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later