X
X

Fact Check : हैदराबाद में पटाखों की दुकान में लगी आग का पुराना वीडियो जयपुर के नाम से वायरल

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच में पाया की पटाखों की दुकान पर आग लगने का वायरल वीडियो हैदराबाद का है। कुछ लोग हैदराबाद के साल 2024 के वीडियो को जयपुर के नाम से फर्जी दावे से शेयर कर रहे हैं। वीडियो का जयपुर से कोई संबंध नहीं है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोगों को एक पटाखे वाली दुकान से सामान बाहर निकालते हुए देखा जा सकता है। वहीं, वीडियो में पटाखों से आग लगते हुए देखा जा सकता है। अब कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि जयपुर में एक पटाखे की दुकान में आग लग गई है।

विश्‍वास न्‍यूज कई बार पहले भी इस वीडियो की जांच कर चुका है। दरअसल, वायरल वीडियो साल 2024 का है। जब हैदराबाद के सदर बाजार में स्थित पटाखों की दुकान में आग लग गई थी। उसी वीडियो को अब जयपुर का बताकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है। वीडियो का जयपुर से कोई संबंध नहीं है।

क्या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर Rajesh Gurjar Sandeda ने 19 अक्टूबर 2025 को एक वीडियो अपलोड करते हुए दावा किया, “Live आज जयपुर में एक पटाखे की दुकान में लगी आग काफी नुकसान हुआ।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

यह वीडियो पहले भी कई बार गलत दावे के साथ वायरल हो चुका है। उस वक्‍त भी विश्‍वास न्‍यूज ने पड़ताल कर सच्‍चाई जनता के सामने लाई थी। विश्वास न्यूज की फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ें।

हमने गूगल लेंस टूल के जरिए जब वीडियो के कीफ्रेम को सर्च किया गया तो ‘द न्यू इंडियन एक्सप्रेस ‘ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर वीडियो अपलोड किया हुआ मिला। 28 अक्टूबर 2024 को अपलोड वीडियो में बताया गया कि हैदराबाद में पटाखे की एक दुकान पर ऐसी भीषण आग लगी कि सब कुछ जलकर खाक हो गया। इस दौरान एक महिला घायल हो गई।”

हमें वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट thehindu.com की वेबसाइट की एक खबर में मिली। 28 अक्टूबर 2024 को प्रकाशित खबर में बताया गया, हैदराबाद में एक पटाखा दुकान में आग लग गई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो से जुड़ी अन्य खबरें यहां पढ़ें।

सर्च के दौरान हमें bhaskar.com की एक खबर मिली। जिसमें बताया 21 अक्टूबर को प्रकाशित खबर में बताया गया,”जयपुर के एक घर में मंगलवार देर शाम आग लग गई। फर्नीचर-फाइबर शॉप बंद करने के बाद घर की छत पर टीनशेड लगाकर शॉप का सामान रखा था। आग से लाखों रुपए कीमत का यह सामान जलकर राख हो गया।”

पिछली पड़ताल के दौरान विश्‍वास न्‍यूज ने हैदराबाद के जर्नलिस्ट श्री हर्षा के साथ संपर्क किया था। उन्होंने कन्फर्म किया था कि वायरल वीडियो हैदराबाद की घटना का है। यहां पटाखे की एक दुकान में भीषण आग लग गई थी।

जांच के अंतिम चरण में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की सोशल स्‍कैनिंग की। पता चला कि यूजर को करीबन 4 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने स्वयं को जयपुर का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्‍वास न्‍यूज ने जांच में पाया की पटाखों की दुकान पर आग लगने का वायरल वीडियो हैदराबाद का है। कुछ लोग हैदराबाद के साल 2024 के वीडियो को जयपुर के नाम से फर्जी दावे से शेयर कर रहे हैं। वीडियो का जयपुर से कोई संबंध नहीं है।

  • Claim Review : जयपुर में एक पटाखे की दुकान में लगी आग
  • Claimed By : फेसबुक यूजर -Rajesh Gurjar Sandeda
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later