Fact Check: प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा की शादी की तस्वीर फिर से गलत दावे के साथ हुई वायरल
प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा की शादी कश्मीरी पंडित इकबाल किशन रेउ ने कराई थी। ये गांधी परिवार के कुलपुरोहित हैं । फोटो को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
- By Vishvas News
- Updated: March 2, 2023

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और रॉबर्ट वाड्रा की शादी को लेकर पोस्ट वायरल हो रही है। कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि प्रियंका गांधी की शादी मौलवी ने कराई थी।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में दावे को गलत और गांधी परिवार के खिलाफ दुष्प्रचार पाया। दरअसल, प्रियंका की शादी कश्मीरी पंडित ने कराई थी, किसी मौलवी ने नहीं। उनका नाम इकबाल किशन रेउ है।
क्या है वायरल पोस्ट में
फेसबुक यूजर ‘मनोज कुमार’ ने 21 फरवरी को तस्वीर शेयर की है। तस्वीर में लिखा है ,”प्रियंका गांधी के निकाह में पधारे थे महान मौलवी । ये लोग हिन्दू बोलकर हिन्दुओ का अपमान करते है। सबूत देखलो कायरो तुम्हे मूर्ख बनाने वाले मुस्लिम है ।। काजी साहब निकाह पढ़ने आये थे।”
सोशल मीडिया पर कई यूज़र्स इस तस्वीर को समान दावे के साथ शेयर कर रहे हैं। वायरल पोस्ट का आर्काइव लिंक यहां देखा जा सकता है।
पड़ताल
यह तस्वीर पहले भी कई बार अलग-अलग मौकों पर समान दावों के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी है , जिसकी जांच विश्वास न्यूज़ ने की थी।
हमारी पड़ताल में यह साबित हुआ था कि प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा की शादी कश्मीरी पंडित इकबाल किशन रेउ ने कराई थी। ये गांधी परिवार के कुलपुरोहित हैं। आई कश्मीर डॉट नेट के एक आर्टिकल में बताया गया, ‘पंडित स्वरूप किशन रेउ कश्मीर के पहले क्रिकेट अंपायर और पद्मश्री थे। इकबाल किशन रेउ इन्हीं स्वरूप किशन के भाई हैं, जिनका जन्म 1932 में हुआ था और वह अपने यजमानों के यहां कश्मीरी कर्मकांड कराते थे। इकबाल किशन रेउ का परिवार कई पीढ़ियों से नेहरू-गांधी परिवार का यजमान रहा है।’
अधिक जानकारी के लिए हमने कांग्रेस के मीडिया कम्युनिकेशन हेड प्रणव झा से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया, “वायरल दावा गलत है। तस्वीर में दाढ़ी में नजर आ रहे व्यक्ति पंडित इकबाल किशन रेयू हैं। वह पहले कश्मीरी पंडित क्रिकेट अंपायर और पद्मश्री से सम्मानित पंडित स्वरूप किशन रे के भाई हैं। 2009 में कश्मीर सेंटिनल में छपे एक लेख के अनुसार, पंडित इकबाल किशन रेयू रेलवे में कार्यरत थे और उन्हें कश्मीरी कर्म कांड का पूरा ज्ञान था। वह कुलपुरोहित थे और अपने जजमानों के लिए धार्मिक अनुष्ठान का कार्य किया करते थे। 1996 में कुल पुरोहित की परंपरा का निर्वहन करते हुए उन्होंने रॉबर्ट वाड्रा और प्रियंका गांधी की शादी कराई और इसके बाद उन्होंने यह काम छोड़ दिया।
पड़ताल के अंत में हमने इस तस्वीर को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की जांच की। जांच में पता चला कि यूजर के फेसबुक पर 691 मित्र हैं।
निष्कर्ष: प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा की शादी कश्मीरी पंडित इकबाल किशन रेउ ने कराई थी। ये गांधी परिवार के कुलपुरोहित हैं । फोटो को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : मौलवी ने कराई थी प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा की शादी।
- Claimed By : फेसबुक यूजर -मनोज कुमार
- Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
-
वॅाट्सऐप नंबर 9205270923
-