Fact Check: प्रियंका गांधी वाड्रा के नाम से फर्जी बयान वायरल
कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी वाड्रा ने यह बयान नहीं दिया है कि मुसलमानों के बिना हमारा काम नहीं चलेगा। फेसबुक पर वायरल दावा फर्जी है।
- By Vishvas News
- Updated: February 21, 2023

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें दावा किया गया है, प्रियंका गांधी ने कहा है कि मुसलमानों के बिना हमारा काम नहीं चलेगा।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि प्रियंका गांधी वाड्रा के नाम से वायरल हो रहा यह बयान फेक है। प्रियंका गांधी ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।
क्या है वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर Sukesh Jain (आर्काइव लिंक) ने 16 फरवरी को एक पोस्ट की। इसमें प्रियंका गांधी की तस्वीर के साथ में लिखा है,
मुसलमानों के बिना हमारा काम नहीं चलेगा : प्रियंका गाँधी
तेरी दादी का ही नहीं चला तो तेरा कैसे चलेगा

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई के लिए हमने कीवर्ड से इसे सर्च किया। ट्विटर पर इस दावे को जून 2020 (आर्काइव लिंक) में भी ट्वीट किया गया है। मतलब यह दावा पहले भी पोस्ट हो चुका है।
गूगल पर कीवर्ड से ओपन सर्च करने पर हमें किसी भरोसेमंद मीडिया वेबसाइट पर ऐसी कोई खबर नहीं मिली, जिससे इस दावे की पुष्टि हो सके। अगर प्रियंका गांधी ने ऐसा कोई बयान दिया होता तो उसे मेन स्ट्रीम मीडिया जरूर कवर करती।
हमने ट्विटर एडवांस सर्च की मदद से प्रियंका गांधी के ट्विटर हैंडल पर भी इस बारे में सर्च किया, लेकिन कोई रिजल्ट नहीं मिला।
कांग्रेस के ट्विटर हैंडल पर भी हमें ऐसी कोई पोस्ट नहीं मिली, जिससे इसकी पुष्टि हो सके।
इस बारे में अधिक जानकारी के लिए हमने प्रियंका गांधी वाड्रा के पीए संदीप सिंह से संपर्क किया और उनके साथ वायरल पोस्ट को शेयर किया। उनका कहना है, ‘वायरल पोस्ट फर्जी है।‘
इससे पहले भी पार्कों में योग के विरोध को लेकर प्रियंका गांधी के नाम से एक फर्जी बयान वायरल हुआ था। विश्वास न्यूज ने उस समय उसकी पड़ताल की थी। फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
फेक पोस्ट शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘सुकेश जैन‘ की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। इसके मुताबिक, वह हरियाणा के जिंद में रहते हैं। उन्होंने अपनी प्रोफाइल को लॉक किया हुआ है।
निष्कर्ष: कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी वाड्रा ने यह बयान नहीं दिया है कि मुसलमानों के बिना हमारा काम नहीं चलेगा। फेसबुक पर वायरल दावा फर्जी है।
- Claim Review : प्रियंका गांधी ने कहा है कि मुसलमानों के बिना हमारा काम नहीं चलेगा।
- Claimed By : FB User- Sukesh Jain
- Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
-
वॅाट्सऐप नंबर 9205270923
-