X
X

Fact Check : दिल्ली के नाम से वायरल हो रहा पुलिस लाठीचार्ज का यह वीडियो राजकोट का है

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि पुलिस लाठीचार्ज का यह वीडियो दिल्ली का नहीं है। असल में यह वीडियो राजकोट का है, जहां जनवरी 2025 में पुलिस और लोगों के बीच झड़प हो गई थी। अब उस घटना के वीडियो को दिल्ली का बताकर शेयर किया जा रहा है। 

  • By: Jyoti Kumari
  • Published: Apr 28, 2025 at 02:30 PM
  • Updated: Apr 29, 2025 at 06:31 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर भीड़ का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिस को हाथ में डंडा लिए लोगों की भीड़ को तितर-बितर करते हुए हुए देखा जा सकता है। अब कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो दिल्ली में हुए हादसे का है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो का दिल्ली से कोई संबंध नहीं है। असल में यह वीडियो राजकोट का है जहां जनवरी 2025 में पुलिस और लोगों के बीच झड़प हो गई थी। अब उस घटना के वीडियो को दिल्ली का बताकर शेयर किया जा रहा है। 

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘Ramkishor Prajapati ’ ने 28 अप्रैल 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “दिल्ली में हुआ सबसे बड़ा हादसा।”

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे से शेयर किया है। पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल से जुड़ी खबर गुजराती जागरण की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 6 जनवरी 2025 को प्रकाशित किया गया है। दी गई जानकारी के अनुसार, राजकोट जिले के विंचिया के थोरियाली गांव में जमीन हड़पने की शिकायत करने वाले एक व्यक्ति की हत्या की घटना सामने आई थी। जिसके बाद पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की थी। सात में से छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लाया था। जब पुलिस आरोपियों को लेकर घटनास्थल पर पहुंची, भीड़ पुलिस स्टेशन के बाहर जमा हो गई। लोगों ने मांग की कि आरोपियों का विंछिया कस्बे में जुलूस निकाला जाए। पुलिस ने ऐसा करना से मना किया। इसके बाद कुछ लोगों ने पुलिस स्टेशन पर पथराव कर दिया। पुलिस ने जवाब में लाठीचार्ज किया था। खबर में बताया गया कि आंसू गैस के गोले भी दागे गए।” पूरी खबर यहां देखें।

वायरल वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट Zee News के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिली। वीडियो को 7 जनवरी 2025 को अपलोड किया गया है। दी गई जानकारी के अनुसार,वीडियो राजकोट का है, जहां हत्या आरोपियों की परेड देखने भीड़ पहुंची थी। लेकिन पुलिस ने मना कर दिया। जिस पर लोग भड़क गए और भीड़ ने पुलिस पर पथराव करना शुरू कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया और टियर गैस छोड़े।”

वायरल वीडियो से जुड़ी खबर दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर भी मिली। 4 महीने पहले प्रकाशित हुई खबर में इस घटना को राजकोट का बताया गया है।

वायरल वीडियो से जुड़ी अन्य खबरें यहां पढ़ी जा सकती हैं।

हमने वीडियो को गुजराती दैनिक जागरण में एसोसिएट एडिटर जीवन कपूरिया के साथ शेयर किया। उन्होंने बताया, “राजकोट जिले के थोरियाली गांव में जमीन हड़पने की शिकायत करने वाले एक व्यक्ति की हत्या की घटना सामने आई थी। इसके बाद पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ शिकायत भी दर्ज की, जिनमें से छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।  गिरफ्तार किए गए आरोपियों को घटनास्थल पर घटना के रीक्रिएट के लिए ले जाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में एक पक्ष  के लोग एकत्र हो गए, जिसके परिणामस्वरूप झड़प हो गई। पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़े।”

अंत में हमने वीडियो को दिल्ली का बताकर शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। पता चला यूजर को 56 हजार लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि पुलिस लाठीचार्ज का यह वीडियो दिल्ली का नहीं है। असल में यह वीडियो राजकोट का है, जहां जनवरी 2025 में पुलिस और लोगों के बीच झड़प हो गई थी। अब उस घटना के वीडियो को दिल्ली का बताकर शेयर किया जा रहा है। 

  • Claim Review : यह वीडियो दिल्ली में हुए हादसे का है।
  • Claimed By : फेसबुक यूजर -Ramkishor Prajapati
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later