Fact Check: महिला पुलिस अधिकारी से बदसलूकी का स्क्रिप्टेड वीडियो सांप्रदायिक दावे से वायरल
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि महिला पुलिस अधिकारी से बदसलूकी करके युवकों का यह वीडियो असल में एक स्क्रिप्टेड क्लिप है, जिसे गलत और सांप्रदायिक दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। यह घटना वास्तविक नहीं है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Oct 6, 2025 at 01:47 PM
- Updated: Oct 7, 2025 at 10:11 AM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दो युवकों को एक महिला पुलिस अधिकारी से बदसलूकी करते देखा जा सकता है। पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि दो मुस्लिम युवकों ने महिला पुलिस अधिकारी से बदतमीज़ी की, जिसके बाद महिला पुलिस अधिकारी ने इन्हें सबक सिखाया।
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह दावा गलत है। असल में यह एक स्क्रिप्टेड वीडियो है।
वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर Khabar Bharti ने 1 अक्टूबर 2025 को इस वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “पुलिस में भी शेरनी रहती हैं” वीडियो के ऊपर टेक्स्ट लिखा था “पुलिस में भी शेरनी रहती है पैसे से दबाने की कोशिश। इनको देखो कानून का डर भी नहीं है।”
एक और इंस्टाग्राम यूजर soniy.aa200 ने भी 2 अक्टूबर 2025 को इस वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा “2 मुस्लिम बॉय ने पुलिस वाली सिस्टर से की बदतमीजी । अभी में कुछ बोल दूंगा तो आप लोग ही बोलेंगे की हिन्दू मुस्लिम करता है।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के स्क्रीनशॉट्स को गूगल लेंस पर रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें Amit Dixit Social Message नाम के यूट्यूब चैनल पर यह वीडियो 21 सितंबर 2025 को अपलोड मिला।
इस वीडियो में 3 सेकंड पर डिस्क्लेमर दिया गया था, जिसमें लिखा था,” इस कहानी के सभी पात्र व घटनाएं काल्पनिक हैं इसका किसी जीवित या मृत व्यक्ति से कोई सम्बन्ध नहीं। अगर ऐसा पाया जाता है तो उसे मात्र संयोग कहा जायेगा।” इस चैनल पर इन्हीं लोगों के और भी कई वीडियो थे, जिससे साफ़ होता है कि यह कंटेंट क्रिएटर्स द्वारा बनाये गए क्लिप्स हैं।

हमें यह वीडियो, स्क्रिप्टेड होने के डिस्क्लेमर के साथ, इसी यूजर के फेसबुक पेज पर भी 21 सितंबर 2025 को अपलोड मिला।

हमने इस विषय में इस पेज के एडमिन को मेल किया। बदले में इस पेज के एडमिन अमित दीक्षित ने हमें कॉल करके बताया, “यह एक स्क्रिप्टेड वीडियो है और इस वीडियो में दिख रहे सभी लोग एक्टर हैं, जिनमें वे खुद भी शामिल हैं।”
स्क्रिप्टेड वीडियोज को अक्सर फर्जी दावों के साथ वायरल किया जाता रहा है। विश्वास न्यूज़ द्वारा किये गए स्क्रिप्टेड वीडियोज के फैक्ट चेक्स को यहाँ पढ़ा जा सकता है।
वायरल पोस्ट फर्जी दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर Khabar Bharti को फेसबुक पर 1.4 लाख से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि महिला पुलिस अधिकारी से बदसलूकी करके युवकों का यह वीडियो असल में एक स्क्रिप्टेड क्लिप है, जिसे गलत और सांप्रदायिक दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। यह घटना वास्तविक नहीं है।
- Claim Review : दो मुस्लिम युवकों ने महिला पुलिस अधिकारी से बदतमीज़ी की
- Claimed By : FB User Khabar Bharti
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












