Fact Check : पत्नी व बेटी को बचाने के लिए तेंदुए की हत्या करने वाले शख्स का वीडियो फिर से वायरल
2021 की घटना से जुड़े वीडियो को हालिया बताकर वायरल करते हुए लोगों में भ्रम पैदा किया जा रहा है। कर्नाटक में यह घटना 2021 में घटी थी। उस वक्त एक शख्स अपनी पत्नी और बेटी की जान बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गया था। विश्वास न्यूज पहले भी इस वीडियो की जांच कर चुका है।
- By Vishvas News
- Updated: May 26, 2023

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया में एक बार फिर से एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक घायल शख्स को मरे हुए तेंदुए के साथ जमीन पर बैठे देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इस वीडियो को अभी का बताकर वायरल कर रहे हैं। विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। यह पोस्ट भ्रामक साबित हुई। 2021 की घटना से जुड़े वीडियो को हालिया बताकर वायरल करते हुए लोगों में भ्रम पैदा किया जा रहा है। कर्नाटक में यह घटना 2021 में घटी थी। उस वक्त एक शख्स अपनी पत्नी और बेटी की जान बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गया था। विश्वास न्यूज पहले भी इस वीडियो की जांच कर चुका है।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबक यूजर धर्मेंद्र मौर्य ने 23 मई को एक वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा, “जय जोहार अपनी बेटी और पत्नी को बचाने के लिए एक पिता तेंदुए से भिड़ गया और तेंदुए का गला घोंट दिया। धन्य है ऐसे पिता को मेरा प्रणाम। जय जोहार। ट्राईबल टाइगर भी किसी टाइगर से कम नहीं।”
पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। इसे हालिया मानकर दूसरे यूजर्स भी वायरल कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने एक बार पहले भी इस पोस्ट की जांच की थी। उस वक्त वीडियो को हिमाचल प्रदेश के मंडी का बताकर वायरल किया गया था। उस वक्त इनविड टूल की मदद से वीडियो के कुछ कीफ्रेम्स निकालकर सर्च करने पर कई वेबसाइट पर संबंधित घटना से जुड़ी खबर मिली। यूके न्यूज डॉट न्यूज याहू डॉट कॉम पर 23 फरवरी 2021 को घटना से जुड़े वीडियो को पब्लिश किया गया। इसमें बताया गया कि कर्नाटक के एक गांव में एक शख्स ने अपनी पत्नी और बेटी की जान बचाने के लिए तेंदुए को मार डाला। पूरी खबर यहां देखें।

इसी तरह द न्यूज मिनट डॉट कॉम ने लिखा कि कर्नाटक के हासन जिले के एक गांव में राजगोपाल नाम का एक आदमी जब अपनी पत्नी और बच्ची के साथ बाइक से जा रहा था, तो रास्ते में एक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। अपने परिवार को बचाने के लिए राजगोपाल ने निहत्थे ही इस तेंदुए को मार डाला। 24 फरवरी 2021 को पब्लिश खबर को यहां पढ़ा जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने 20 सितंबर 2022 को विस्तार से वायरल वीडियो की सच्चाई पाठकों के सामने रखी थी। इसे यहां क्लिक करके पढ़ा जा सकता है।
पड़ताल के अंत में फेसबुक यूजर धर्मेंद्र मौर्य के अकाउंट की जांच की गई। इस अकाउंट को पांच हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर पंजाब के रहने वाले हैं। यह अकाउंट अप्रैल 2017 में बनाया गया था।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई। 2021 की घटना के वीडियो को कुछ यूजर्स अभी का बताकर वायरल कर रहे हैं। तेंदुए से अपनी पत्नी और बेटी को बचाने के लिए इस जंगली जानवर की हत्या करने की यह घटना कर्नाटक में 2021 में घटी थी।
- Claim Review : तेदुए की हत्या करने का हालिया वीडियो
- Claimed By : फेसबुक यूजर धर्मेंद्र मौर्य
- Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
-
वॅाट्सऐप नंबर 9205270923
-