Fact Check: सासाराम रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में लगी आग का नहीं, बल्कि फिल्म की शूटिंग का है यह वीडियो
सासाराम ट्रेन हादसे के नाम पर वायरल वीडियो किसी असली घटना का नहीं है। असल में वायरल वीडियो साल 2024 में रिलीज हुई गोधरा फिल्म का है। उस फिल्म के एक सीन को गलत दावे के साथ सासाराम स्टेशन पर हुए ट्रेन हादसे का बताकर वायरल किया जा रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: May 19, 2026 at 06:12 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सासाराम से पटना जाने वाली एक ट्रेन में भीषण आग लग गई और ट्रेन हादसे का शिकार हो गई। इसी से जोड़ते हुए आग का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रेन में आग लगी हुई है और महिला गोद में बच्चे को लिए हुए है। वह खुद को और अपने बच्चे को बचाने की कोशिश कर रही है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह सासाराम रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे का है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो किसी असली घटना का नहीं, बल्कि साल 2024 में रिलीज हुई गोधरा फिल्म का है। उस फिल्म के एक सीन को गलत दावे के साथ सासाराम स्टेशन पर हुए ट्रेन हादसे का बताकर वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Sharvan Kumar’ ने 19 मई 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “सासाराम से चलने वाली ट्रेन में आग लगी है बहुत ही भयानक आप देख सकते हैं वीडियो के माध्यम से”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो को गौर से देखा। हमने पाया कि वीडियो में एक शख्स ने कैमरा पकड़ा हुआ है और उसके पीछे एक शख्स ने माइक पकड़ा हुआ है। ऐसे में हमें यह किसी शूटिंग के दौरान का वीडियो होने का संदेह हुआ।
हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘mujahid51183’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। वीडियो को 9 अप्रैल 2026 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो गोधरा फिल्म की शूटिंग के बिहाइंड द सीन्स का है।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने यूट्यूब पर फिल्म के ट्रेलर को सर्च किया। हमें ट्रेलर ‘Zee Music Company’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। ट्रेलर 25 जून 2024 को शेयर किया गया था। वीडियो में 19 सेकंड पर वायरल वीडियो वाली महिला को देखा जा सकता है।
पड़ताल के दौरान हमें पूरी मूवी ‘dailymotion’ पर मिली। वीडियो में 01:59:10 टाइमस्टैम्प पर वायरल वीडियो वाले सीन को देखा जा सकता है।
अधिक जानकारी के लिए हमने सासाराम में ‘दैनिक जागरण’ के ब्यूरो चीफ बृजेश पाठक से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया, “यह वीडियो यहां का नहीं है। यहां रात से खड़ी पैसेंजर ट्रेन में आग लगी थी। उस ट्रेन को सवा घंटे बाद रवाना था और कोई यात्री उसमें नहीं बैठा था।”
क्या है संदर्भ?
गौरतलब है कि 18 मई 2026 को सासाराम रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर छह पर खड़ी सासाराम-पटना पैसेंजर ट्रेन के एक कोच में आग लग गई थी। हादसे का पता चलते ही फायर ब्रिगेड को बुलाया गया और आग पर काबू पाया गया। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर सामने नहीं आई थी। हादसे को लेकर पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया था कि जब आग लगी, उस दौरान ट्रेन खाली थी और कोई यात्री उसमें मौजूद नहीं था। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।
आखिर में हमने वीडियो को गलत जानकारी के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर ने प्रोफाइल में खुद को मुंबई का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सासाराम ट्रेन हादसे के नाम पर वायरल वीडियो किसी असली घटना का नहीं है। असल में वायरल वीडियो साल 2024 में रिलीज हुई गोधरा फिल्म का है। उस फिल्म के एक सीन को गलत दावे के साथ सासाराम स्टेशन पर हुए ट्रेन हादसे का बताकर वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : सासाराम से पटना जा रही ट्रेन में लगी भीषण आग।
- Claimed By : FB User Sharvan Kumar
- Fact Check : झूठ
- Inst Video by Mujahid51183, Posted on 9 Apr 2026
- Youtube by Zee Music Company, Posted on 25 Jun 2024
- Video by Daily Motion
- News Report by Dainik Jagran, 18 May 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












