Fact Check : पुलिस के सामने लंगड़ाते आरोपी का यह वीडियो यूपी नहीं, गुजरात का है
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल हो रहे वीडियो का यूपी पुलिस से कोई लेना-देना नहीं है। यह वीडियो आनंद गुजरात का है। गुजरात पुलिस ने इस शख्स को बच्ची के बलात्कार तथा हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था।
- By: Umam Noor
- Published: Sep 10, 2025 at 06:01 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर पुलिस थाने के अंदर का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी एक अपराधी को ले जाते हुए देखे जा सकते हैं। वहीं, अपराधी कथित तौर पर लंगड़ा कर चलता हुआ नजर आ रहा है। वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो उत्तर प्रदेश पुलिस का है और पुलिस के कुछ कहने के बाद अपराधी ने इस तरह चलना शुरू किया था। वीडियो को यूपी पुलिस पर निशाना साधते हुए शेयर किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल हो रहे वीडियो का यूपी पुलिस से कोई लेना-देना नहीं है। यह वीडियो आनंद गुजरात का है। गुजरात पुलिस ने इस शख्स को बच्ची के बलात्कार तथा हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
इंस्टाग्राम यूजर ने वायरल पोस्ट को 9 सितंबर को शेयर किया। जिस पर लिखा था, “अपराधी Script भूल गया था दरोगा जी ने कान में कुछ कहा और फिर लंगड़ाना शुरू। UP पुलिस।”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वायरल वीडियो को गौर से देखा। वीडियो में हमें ऑफिस के बाहर लगी प्लेट में गुजराती में कुछ लिखा हुआ नजर आया।

गुजरात की बुनियाद पर हमने वीडियो को तलाश करना शुरू किया। सर्च में हमें इस मामले से जुड़ी कई खबरें मिलीं। गुजराती जागरण की 4 सितंबर की खबर के अनुसार, “अनंद जिले के अंकलाव में पांच साल की बच्ची के साथ बलात्कार और हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने 22 साल के आरोपी अजय पधियार को गिरफ्तार कर चार दिन की रिमांड हासिल की है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बच्ची का गला घोंटकर नदी में फेंकने की बात को स्वीकारा। घटना की नकल कराने के दौरान एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें आरोपी को लंगड़ाते हुए दिखाया गया है। इस पर सवाल उठ रहे हैं, लेकिन पुलिस की तरफ से अभी कोई बयान नहीं आया है। बताया जा रहा है कि शनिवार को बच्ची के गायब होने के बाद शक के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया गया था। POCSO सहित कई धाराओं के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।”
गुजराती न्यूज यूट्यूब चैनल एबीपी अस्मिता पर भी इस मामले का एक वीडियो अपलोड किया हुआ मिला। 3 सितंबर को अपलोड किए गए वीडियो के साथ दी गई जानकारी के अनुसार, बच्ची के अपहरण और हत्या के मामले में गुजरात पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल पर ले जाकर मुआयना करवाया।
इस मामले पर हमें यूपी पुलिस फैक्ट चेक की एक एक्स पोस्ट मिली। 8 सितंबर 2025 को की गई पोस्ट में दी गई जानकारी के अनुसार, “यह घटना उत्तर प्रदेश से न होकर जनपद आनन्द, गुजरात से सम्बंधित है, इसे उत्तर प्रदेश का बताकर अफवाह न फैलाएं।”
वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने हमारे साथी गुजराती जागरण के एसोसिएट एडिटर जीवन कपूरिया से संपर्क किया। उन्होंने भी हमें पुष्टि करते हुए बताया, “यह वीडियो गुजरात का है।”
अब बारी थी भ्रामक पोस्ट को शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर फैन क्लब पेज है। वहीं, इस अकाउंट को साढ़े तीन लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल हो रहे वीडियो का यूपी पुलिस से कोई लेना-देना नहीं है। यह वीडियो आनंद गुजरात का है। गुजरात पुलिस ने इस शख्स को बच्ची के बलात्कार तथा हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था।
- Claim Review : यह वीडियो उत्तर प्रदेश पुलिस का है
- Claimed By : Instagram account- Mallikarjun Kharge FC
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












