Fact Check: कांग्रेस विधायक जगत सिंह नेगी का वीडियो फिर से गलत दावे के साथ वायरल
विश्वास न्यूज़ की जांच में यह दावा गलत निकला। वीडियो में दिख रहे व्यक्ति नेपाल के सांसद नहीं है, बल्कि हिमाचल प्रदेश के कांग्रेसी विधायक जगत सिंह नेगी हैं।
- By Vishvas News
- Updated: August 30, 2022

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज़)। सोशल मीडिया पर फिर से एक वीडियो वायरल हो रहा है। 4:10 मिनट के इस वीडियो में एक नेता को पीएम नरेंद्र मोदी और उनकी नीतियों की आलोचना करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर करते हुए सोशल मीडिया यूजर्स दावा कर रहे हैं कि नेपाल के एक सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की आलोचना की।
विश्वास न्यूज पहले भी इस वीडियो की जांच कर चुका है। पड़ताल में पता चला कि इस वीडियो में दिख रहे शख्स नेपाल के सांसद नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश के किन्नौर के कांग्रेस विधायक जगत सिंह नेगी हैं। वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
फेसबुक यूज़र “Maan Punjab Da ” ने 21 अगस्त को वीडियो को शेयर किया है। पोस्ट के साथ लिखा है, “नेपाल सांसद ने नेपाल की संसद मे मोदी के बारे में जो कुछ कहा हर भारतवासी को जरूर सुनना चाहिए। ”
इस पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां देखा जा सकता है।
पड़ताल
पड़ताल शुरू करने के लिए हमने इस वीडियो के बारे में संबंधित कीवर्ड से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो हिमाचल कांग्रेस के वेरिफाइड फेसबुक पेज पर 21 मार्च 2021 को शेयर किया मिला। वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा था, “किन्नौर से कांग्रेस विधायक जगत सिंह नेगी से देश के महान व यशस्वी प्रधानमंत्री के बारे में सुनिए…”
ऐसे ही एक अन्य यूट्यूब चैनल “एप्पल न्यूज़” पर भी यह वीडियो अपलोड मिला। 23 मार्च 2021 को अपलोड वीडियो में दी गई जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो हिमाचल प्रदेश का है और वीडियो में नजर आ रहे नेता का नाम जगत सिंह नेगी हैं। 17 मिनट 45 सेकेंड के इस वीडियो में वायरल वीडियो के हिस्से को 3 मिनट 33 सेकेंड से लेकर 7 मिनट 39 सेकंड के बीच में सुना जा सकता है।
अन्य कई न्यूज़ वेबसाइट पर वायरल वीडियो से जुड़ी खबर को देखा जा सकता है। यह वीडियो पहले भी कई बार समान दावे के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो चूका है , जिसका फैक्ट चेक विश्वास न्यूज़ ने किया था, जिसे यहां पढ़ा जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए दैनिक जागरण डिजिटल, हिमाचल प्रदेश के प्रभारी राजेश शर्मा से संपर्क किया। उनके साथ वायरल पोस्ट को शेयर किया। उन्होंने हमें जानकारी देते हुए बताया कि यह किन्नौर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक जगत सिंह नेगी हैं। वायरल दावा गलत है।
पड़तल के अंत में हमने इस वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले पेज की सोशल स्कैनिंग की। स्कैनिंग से पता चला की पेज को 141 लोग फॉलो करते हैं। फेसबुक पर इस पेज को 25, अप्रैल 2022 को बनाया गया था।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ की जांच में यह दावा गलत निकला। वीडियो में दिख रहे व्यक्ति नेपाल के सांसद नहीं है, बल्कि हिमाचल प्रदेश के कांग्रेसी विधायक जगत सिंह नेगी हैं।
- Claim Review : नेपाल संसद में नेपाली सांसद ने की पीएम मोदी की आलोचना
- Claimed By : Maan Punjab Da
- Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
-
वॅाट्सऐप नंबर 9205270923
-