Fact Check: संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रीय दिवस के जश्न के वीडियो को किया जा रहा दिवाली का बताते हुए वायरल
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। वायरल वीडियो दिसंबर 2023 में संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रीय दिवस के जश्न में हुई आतिशबाजी का है। इस वीडियो का दिवाली मनाये जाने से कोई संबंध नहीं है।
- By: Umam Noor
- Published: Oct 28, 2025 at 03:44 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पिछले दिनों देश और दुनिया के कई हिस्सों में दिवाली मनाई गई। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल हो रहे इस वीडियो में आसमान में आतिशबाजी होते हुए देखा जा सकता है। इसी आतिशबाजी को कुछ लोग अपने फ़ोन से शूट करते हुए भी नजर आ रहे हैं। वीडियो को शेयर करते हुए यूजर दावा कर रहे हैं कि यह सऊदी अरब में दिवाली मनाये जाने का वीडियो है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। वायरल वीडियो दिसंबर 2023 में संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रीय दिवस के जश्न में हुई आतिशबाजी का है। इस वीडियो का दिवाली मनाये जाने से कोई संबंध नहीं है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
फेसबुक यूजर ‘त्रिपाठी राज’ ने 20 अक्टूबर को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “सऊदी अरब में दीपावली
असली वाले मुसलमान धूमधाम से पटाखे फोड़ रहे हैं।”
वीडियो को कई एक्स यूजर भी समान दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।
पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने गूगल लेंस के जरिये वायरल वीडियो के की- फ्रेम को सर्च किया। सर्च किए जाने पर हमें यह वीडियो कैंडिड मोमेंट्स नाम के एक यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया हुआ मिला। 23 सितंबर 2025 को अपलोड हुए इस वीडियो के साथ दी गई जानकारी के अनुसार, यह सऊदी अरब के राष्ट्रीय दिवस के जश्न का वीडियो है।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने इसी बुनियाद पर वीडियो को तलाश करना शुरू किया। सर्च में हमें यह वीडियो एक और यूट्यूब चैनल पर 2 दिसंबर 2024 को अपलोड किया हुआ मिला। दी गई जानकारी के अनुसार, यह संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रीय दिवस का वीडियो है।
सर्च में हमें यह वीडियो कई यूट्यूब चैनल पर दिसंबर 2023 में अपलोड हुआ मिला। यहां भी वीडियो को संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रीय दिवस का बताया गया है।
वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने संयुक्त अरब अमीरात की पत्रकार सानिया अजीज से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया, यह वीडियो यूएई का है।
अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘त्रिपाठी राज’ की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर को 38 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो दिसंबर 2023 में संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रीय दिवस के जश्न में हुई आतिशबाजी का है। इस वीडियो का दिवाली मनाये जाने से कोई संबंध नहीं है।
- Claim Review : यह सऊदी अरब में दिवाली मनाये जाने का वीडियो है।
- Claimed By : FB User- Tripathi Raj
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












