X
X

Fact Check: कुल्लू में जमींदोज होते मकानों का यह वीडियो पुराना है, भ्रामक दावा वायरल

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि जमींदोज होते मकानों का वायरल वीडियो हालिया नहीं है। यह वीडियो साल 2023 का है। जब कुल्लू के आनी उपमंडल में बस स्टैंड के पास एक के बाद एक करके कई मकान गिर गए थे। अब उसी वीडियो को हालिया संदर्भ में शेयर किया है। वीडियो का हालिया स्थिति से कोई संबंध नहीं है। 

  • By: Jyoti Kumari
  • Published: Jun 27, 2025 at 04:36 PM
  • Updated: Aug 22, 2025 at 06:31 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। हाल ही में हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में बादल फटने से भारी तबाही हुई। इस कारण आई बाढ़ में कई मकान और लोग बह गए। लोगों को भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें बस स्टैंड के पास इमारतों को ताश के पत्तों की तरह गिरते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को हालिया संदर्भ में शेयर कर रहे हैं। दावा किया गया कि कुल्लू के आनी बस स्टैंड में यह हादसा अभी हुआ है।

विश्वास न्यूज ने जांच में वायरल दावे को भ्रामक पाया। असल में वायरल किया जा रहा वीडियो साल 2023 का है, जब कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में बस स्टैंड के पास कई मकान एक के बाद एक ताश के पत्तों की तरह गिर गए थे। अब उसी वीडियो को हालिया बताकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट में ?

फेसबुक पेज Una Uppdates ने 24 जून 2025 को वायरल वीडियो को शेयर किया है और लिखा है,”ओर बड़ा हादसा आनी बस स्टैंड पर ||”

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस वीडियो को हालिया समझकर शेयर किया है। पोस्ट का आर्काइव लिंक यहां देखें।

पड़ताल

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो से जुड़ी खबर zeenews.india.com की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 25 अगस्त 2023 को प्रकाशित किया गया है। दी गई जानकारी अनुसार,” हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में एक साथ कई इमारत गिर गई। इस दौरान कई बसें भी खड़ी थी, जब इमारतें गिरी तो लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। कई लोग जान बचाने के लिए खड्डे में ही कूद गए थे।”

हमें वीडियो से जुड़ा वीडियो अमर उजाला के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी मिला। वीडियो को 24 अगस्त 2023 को अपलोड किया गया है। दी गई जानकारी के मुताबिक,”कुल्लू में आनी बस स्टैंड के पास पहाड़ धंसने से कई मकान ढह गए। मकानों को एक हफ्ते पहले ही खाली करा लिया गया था।”

वायरल वीडियो से जुड़ी खबर दैनिक जागरण की वेबसाइट पर भी मिली। 24 अगस्त 2023 को प्रकाशित खबर में बताया गया,कुल्लू के आनी उपमंडल के बसअड्डे के समीप मकान देखते ही देखते जमींदोज हो गए। इसमें से दो भवनों में एसबीआई और कांगड़ा केंद्रीय सरकारी बैंक की शाखाएं चल रही थी। मकान को समय रहते खाली करवा लिया गया था।”

वीडियो से जुड़ी अन्य न्यूज रिपोर्ट्स को यहां पढ़ा जा सकता है।

हमने वीडियो को दैनिक जागरण कुल्लू के रिपोर्टर देवेंद्र ठाकुर के साथ शेयर किया। उन्होंने हमें बताया कि यह पुराना वीडियो है। यह जिला कुल्लू के आनी बस अड्डे के है। जहां पर यह भवन गिरे थे। यहां एक के बाद एक कई मकान गिर गए थे।

बाढ़ से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं, जिनकी पड़ताल को विश्वास न्यूज की वेबसाइट पर पढ़ा जा सकता है।

अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। पता चला कि यूजर को 17 हजार लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि जमींदोज होते मकानों का वायरल वीडियो हालिया नहीं है। यह वीडियो साल 2023 का है। जब कुल्लू के आनी उपमंडल में बस स्टैंड के पास एक के बाद एक करके कई मकान गिर गए थे। अब उसी वीडियो को हालिया संदर्भ में शेयर किया है। वीडियो का हालिया स्थिति से कोई संबंध नहीं है। 

  • Claim Review : ओर बड़ा हादसा आनी बस स्टैंड पर
  • Claimed By : फेसबुक पेज -Una Uppdates
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later