X
X

Fact Check: महाकुंभ में भगदड़ से जुड़ा बताकर पुर्तगाल का वीडियो वायरल

प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ की वजह से 30 लोगों की मौत हो गई थी। उसके बाद का बताकर वायरल हो रहा वीडियो पुर्तगाल का है। उसका महाकुंभ से कोई संबंध नहीं है।

Mahakumbh 2025

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। प्रयागराज महाकुंभ में 28 जनवरी की देर रात मौनी अमावस्या पर भगदड़ मचने से 30 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें हजारों लोगों को खुले आसमान के नीचे सोते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे महाकुंभ में भगदड़ के बाद का वीडियो बताकर शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल वीडियो पुर्तगाल का निकला, जहां अगस्त 2023 में वर्ल्ड यूथ डे (WYD) पर करीब डेढ़ लाख युवा पहुंचे थे और उन्होंने पूरी रात लिस्बन के तेजो पार्क में बिताई थी। वहीं, महाकुंभ में हुई भगदड़ की जांच के लिए न्यायिक आयोग गठित कर दिया गया है।

वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर Rambabu Maurya ने 30 जनवरी को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है,

“महाकुंभ मेला में भगदड़ के बाद”

पड़ताल

वायरल वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च करने पर हमें Solo Catecumenos यूट्यूब चैनल पर 6 अगस्त 2023 को अपलोड किया गया वायरल वीडियो मिला। इसे लिस्बोआ पुर्तगाल के हैशटैग के साथ अपलोड किया गया है।

एक्स यूजर Álvaro de Juana ने 6 अगस्त 2023 को इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा कि लिस्बोआ में इस तरह लाखों लोगों ने रात बिताई।

इंस्टाग्राम यूजर iamsolocatecumenos ने भी लिस्बोआ पुर्तगात का बताते हुए 6 अगस्त 2023 को पोस्ट किया है।

वेबसाइट lopezdoriga पर 6 अगस्त 2023 को छपी रिपोर्ट के अनुसार, पोप फ्रांसिस ने करीब 15 लाख लोगों के सामने वर्ल्ड यूथ डे मनाया। लाखों युवाओं ने पुर्तगाल के लिस्बन के तेजा पार्क में रात गुजारी थी।

इससे यह साबित हो गया कि वायरल वीडियो पुर्तगाल का है।

दैनिक जागरण के 30 जनवरी के प्रयागराज संस्करण में छपी खबर के अनुसार, महाकुंभ में मौनी अमावस्या के दिन मची भगदड़ में 30 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है। हादसे में घायल 60 लोगों में से 36 अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 24 को डिस्चार्ज कर दिया गया है। इसकी जांच के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट के पूर्व न्यायमूर्ति हर्ष कुमार की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच आयोग गठित किया गया है। पुलिस भी इसकी जांच करेगी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का एलान किया है।

नवभारत टाइम्स में 30 जनवरी को छपी खबर के मुताबिक, महाकुंभ में मची भगदड़ के बाद प्रयागराज की सभी सीमाएं सील कर दी गई हैं। लोगों से मेला क्षेत्र में नहीं आने को कहा जा रहा है। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।

इस बारे में हमने प्रयागराज में दैनिक जागरण के रिपोर्टर तारा गुप्ता से बात की। उनका कहना है कि मेला क्षेत्र में अब स्थिति सामान्य है। वायरल वीडियो महाकुंभ का नहीं है।

पुर्तगाल के वीडियो को महाकुंभ का बताकर शेयर करने वाले यूजर के करीब 5300 फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ की वजह से 30 लोगों की मौत हो गई थी। उसके बाद का बताकर वायरल हो रहा वीडियो पुर्तगाल का है। उसका महाकुंभ से कोई संबंध नहीं है।

  • Claim Review : महाकुंभ में भगदड़ के बाद का वीडियो
  • Claimed By : FB User- Rambabu Maurya
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later