Fact Check: राफ्टिंग करते हुए नदी में बहते लोगों का यह वीडियो ऋषिकेश का नहीं, बोस्निया का है
विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि राफ्टिंग करते हुए नदी में बहते युवकों का वायरल वीडियो ऋषिकेश का नहीं है। असल में यह वीडियो मार्च 2025 में पश्चिमी बोस्निया और हर्जेगोविना के बंजा लुका की व्रबास नदी पर राफ्टिंग करने गए लोगों के साथ हुए हादसे का है। जिसे अब ऋषिकेश के नाम से शेयर किया जा रहा है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Jun 5, 2025 at 06:34 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोगों को नदी में राफ्टिंग करते हुए देखा जा सकता है। अचानक एक बड़ी लहर के कारण नाव पलट जाती है और सभी लोगों को पानी में बहते हुए देखा जा सकता है। अब कुछ यूजर्स इस वीडियो को ऋषिकेश का बताकर शेयर कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि ऋषिकेश में राफ्टिंग के दौरान 6 लोग बह गए।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की और दावे को भ्रामक पाया। वायरल किया जा रहा वीडियो ऋषिकेश का नहीं है। यह घटना मार्च 2025 में पश्चिमी बोस्निया और हर्जेगोविना के बंजा लुका की है। जब व्रबास नदी पर राफ्टिंग करने गए लोगों के साथ यह हादसा हुआ था। उसी वीडियो को अब ऋषिकेश का बताकर शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल
इंस्टाग्राम यूजर theworldixe ने 3 जून 2025 को वायरल वीडियो को शेयर किया है और दावा किया है,”ऋषिकेश में Rafting के दौरान 6 लोग बह गए।”
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल
वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने सबसे पहले इसके कई की-फ्रेम्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस और यान्डेक्स टूल के जरिए सर्च किया। हमें वायरल वीडियो से जुड़ी कई खबरें मिली। हमें www.sd.rs की वेबसाइट पर वीडियो से जुड़ी खबर मिली। 30 मार्च 2025 को प्रकाशित खबर में इसे व्रबास नदी का बताया गया है।

सर्च के दौरान हमें वीडियो से जुड़ी खबर slobodna-bosna.ba की वेबसाइट पर मिली। 30 मार्च 2025 को प्रकाशित खबर में बताया गया,”बोस्निया और हर्ज़ेगोविना के उत्तरी भाग में व्रबास नदी पर राफ्टिंग का एक वीडियो वायरल हुआ। पानी में नाव पलट गई। खबर में बताया गया कि सभी लोग सुरक्षित हैं।”
Nezavisne novine के यूट्यूब चैनल पर भी यह वीडियो मिला। 29 मार्च 2025 को अपलोड किये गए वीडियो में इस घटना को बोस्निया और हर्जेगोविना स्थित बंजा लुका की व्रबास नदी पर की गई राफ्टिंग का बताया गया है।”
कई न्यूज वेबसाइट पर बताया गया कि यह वीडियो “बुक” राफ्टिंग क्लब के सदस्यों का है। जो इस तरह की राफ्टिंग करते रहते हैं।
सर्च के दौरान हमें raftingbuk के इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी यह वीडियो मिला। वीडियो को 30 मार्च 2025 को शेयर किया गया है।
हमने वीडियो को दैनिक जागरण, ऋषिकेश के रिपोर्टर गौरव ममगई के साथ शेयर किया। उन्होंने बताया कि वीडियो ऋषिकेश का नहीं है।
हालांकि, सर्च के दौरान हमें दैनिक जागरण की वेबसाइट पर ऋषिकेश में राफ्टिंग के दौरान हुए हादसों से जुड़ी कई खबरें मिली।
अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। पता लगा कि 1,384 लोग यूजर को फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि राफ्टिंग करते हुए नदी में बहते युवकों का वायरल वीडियो ऋषिकेश का नहीं है। असल में यह वीडियो मार्च 2025 में पश्चिमी बोस्निया और हर्जेगोविना के बंजा लुका की व्रबास नदी पर राफ्टिंग करने गए लोगों के साथ हुए हादसे का है। जिसे अब ऋषिकेश के नाम से शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : ऋषिकेश में Rafting के दौरान 6 लोग बह गए।
- Claimed By : इंस्टाग्राम यूजर -theworldixe
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












