X
X

Fact Check: नई दिल्ली के बारापुला पर ब्लास्ट का नहीं, कराची का है यह वीडियो, फर्जी दावा वायरल 

एक पुल के नीचे हुए ब्लास्ट की घटना को नई दिल्ली के बारापुला की बताकर शेयर किया जा रहा है। विश्वास न्यूज ने जांच में दावे को गलत पाया। असल में यह घटना साल 2023 में पाकिस्तान के कराची में हुई थी। वीडियो को दिल्ली के नाम से फर्जी दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। 

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज )। सोशल मीडिया के विभिन्न प्‍लेटफॉर्म पर एक वीडियो क्लिप वायरल हो रही है। इसमें एक पुल के नीचे आग लगी हुई नजर आ रही है। वीडियो में आगे एक बस पुल के ऊपर से गुजरती है, तभी अचानक ब्लास्ट हो जाता है। अब कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो दिल्ली के बारापुला पुल का है, जहां अभी यह हादसा हुआ है।

विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की पड़ताल और दावे को गलत पाया। असल में वायरल किया जा रहा वीडियो कराची में साल 2023 में हुए हादसे का है। वीडियो को अब दिल्ली का बताकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।

क्या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर Raju Verma ने (आर्काइव लिंक) 4 फरवरी को एक वीडियो क्लिप पोस्‍ट करते हुए दावा किया, “अभी-अभी हुआ बड़ा हादसा न्यू दिल्ली  #RajasthanNews #india #indian ”

वीडियो के ऊपर लिखा हुआ है: अभी-अभी हुआ बड़ा हादसा न्यू दिल्ली बारापूला।

कई अन्य यूजर्स ने भी इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए हमने इनविड टूल की मदद से वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो DawnNews के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 9 जनवरी 2023 को अपलोड किया गया है। वीडियो के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक, हादसे का यह वीडियो कराची का है।

सर्च के दौरान वायरल वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट jang.com.pk की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 9 जनवरी 2023 को प्रकाशित किया गया है। दी गई जानकारी अनुसार, कराची के सुरजानी टाउन इलाके में गैस सिलेंडर ब्लास्ट हुआ, जिसमें पुल से जा रही ग्रीन लाइन बस बाल-बाल बच गई।

हमें वायरल वीडियो जर्नलिस्ट गुलाम अब्बास शाह द्वारा एक्स पर शेयर किया हुआ मिला। गुलाम अब्बास ने अपने वेरिफाइड एक्स हैंडल से वीडियो को 9 जनवरी 2023 को शेयर किया है। वीडियो को कराची का बताया गया है।

एबीपी माझा की वेबसाइट पर भी वीडियो से जुड़ी खबर पढ़ी जा सकती है। 9 जनवरी 2023 को प्रकाशित खबर में इस हादसे को पाकिस्तान के कराची का बताया गया है, जहां एक सिलेंडर में ब्लास्ट होने के कारण यह हादसा  हुआ था।

वायरल वीडियो से जुड़ी अन्य खबरें यहां पढ़ी जा सकती हैं।

हमने वीडियो को दक्षिणी दिल्ली में तैनात दैनिक जागरण के चीफ रिपोर्टर शनि शर्मा के साथ शेयर किया। उन्होंने बताया कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। वायरल दावा फर्जी है।

अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। पता चला कि यूजर को 5 हजार लोग फेसबुक पर फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: एक पुल के नीचे हुए ब्लास्ट की घटना को नई दिल्ली के बारापुला की बताकर शेयर किया जा रहा है। विश्वास न्यूज ने जांच में दावे को गलत पाया। असल में यह घटना साल 2023 में पाकिस्तान के कराची में हुई थी। वीडियो को दिल्ली के नाम से फर्जी दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। 

  • Claim Review : अभी-अभी हुआ बड़ा हादसा न्यू दिल्ली बारापूला।
  • Claimed By : फेसबुक यूजर- Raju Verma
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later