Fact Check : मुरादाबाद में महिला सिपाही कर्मी के साथ हुई घटना में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। दावा गलत साबित हुआ। इस घटना में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं था।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Dec 4, 2024 at 03:09 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक को एक युवती के साथ मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। 2:32 मिनट के इस वीडियो में कुछ अन्य लोगों को भी युवती के साथ अभ्रदता करते हुए दिखाया गया है।
कुछ सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो को सांप्रदायिक दावे के साथ वायरल कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि पीडि़त युवती हिंदू है। समुदाय विशेष के युवक ने हिंदू महिला कॉन्स्टेबल पर जानलेवा हमला किया।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। दावा गलत साबित हुआ। इस घटना में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं था। दोनों ही पक्ष एक ही समुदाय के थे। हमारी जांच में वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई।
क्या हो रहा है वायरल
Nageswararao Yadlapalli नाम के एक फेसबुक यूजर ने एक वीडियो को अपलोड करते हुए दावा किया, “इनका समुह कैसा काम करता है, आप इस छोटी सी वीडियो clip में देख सकते हैं……..मुरादाबाद में एक हिंदू महिला कांस्टेबल जो रास्ते पर जा रही थी………… तभी इरफान नामक मुस्लिम व्यक्ति उसे कुछ पूछने के बहाने रुकवाता है….और जब उसे पता चलता है कि यह हिंदू है तब उसपर जानलेवा हमला कर देता है। इस मुस्लिम बहुल इलाके में पहले तो कोई लड़की को बचाने को आगे नहीं आया, क्योंकि ये उनके कौम का मसला था। फिर जब लड़की ने नंबर प्लेट की फोटो खींचनी चाही तो एक कल परसों की पैदाइश लडका उसके सामने खड़ा हो जाता है और फोटो नहीं खींचने देता…..हमलावर के अलावा अन्य दीन वाले भी उसे गाड़ी की तश्वीर लेने से रोक रहे हैं और उसे घसीट कर गली में ले गए…..देश में कथित मिनी पाकिस्तान ऐसे ही वो इलाके हैं जहाँ पुलिस तक सुरक्षित नहीं चल फिर सकती।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो क्लिप को समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है। वायरल पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले संबंधित कीवर्ड से गूगल ओपन सर्च किया। हमें जागरण डॉट कॉम पर दो दिसंबर को पब्लिश एक खबर में मिली। इसमें बताया गया कि यूपी के मुरादाबाद में एक महिला सिपाही के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना 30 नवंबर की है, महिला सिपाही अपने मकान मालिक के घर पुराना आरटीओ जा रही थी। घटना के दौरान आस-पास के लोगों ने भी मदद नहीं की, लेकिन जब पुलिसकर्मी पहुंचे तब आरोपी भाग खड़े हुए। पुलिस ने महिला सिपाही की शिकायत पर चार नामजद समेत 10 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। पूरी खबर यहां पढ़ें।
पत्रिका डॉट कॉम पर तीन दिसंबर को पब्लिश खबर में बताया गया, “मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में सरेराह महिला सिपाही के साथ की गई छेड़छाड़ का विरोध करने पर मारपीट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता आरक्षी ने आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइंस में गम्भीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। सीओ सिविल लाइंस ने बताया कि महिला सिपाही के साथ छेड़छाड़ करने वाले मुख्य आरोपी नईम अली पुत्र अफसर अली और उसके छोटे भाई सलिम अली पुत्र अफसर अली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।”
विश्वास न्यूज ने पड़ताल के अगले चरण में दैनिक जागरण, मुरादाबाद के इनपुट हेड संजय रस्तोगी से संपर्क किया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि इस घटना में सभी पक्ष समुदाय विशेष के ही हैं। आरोपी और पीड़ित में कोई भी हिंदू नहीं था।
पड़ताल के अंत में झूठा सांप्रदायिक दावा करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि यूजर आंध्र प्रदेश का रहने वाला है। इसके फेसबुक पर 967 फ्रेंड हैं।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में सांप्रदायिक दावे के साथ वायरल हो रही पोस्ट फर्जी साबित हुई। पीड़ित और आरोपी, दोनों ही एक ही समुदाय के हैं। मुरादाबाद में हुई घटना में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं था।
- Claim Review : मुस्लिम युवक ने हिंदू महिला पुलिस वाली के साथ मारपीट की।
- Claimed By : FB User Nageswararao Yadlapalli
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












