Fact Check: मुहर्रम के जुलूस में करतब दिखाते वक्त झुलसे युवक का वीडियो झूठे दावे के साथ वायरल
विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। मुहर्रम के जुलूस में किसी युवक को जिंदा नहीं जलाया गया था, जैसा कि वायरल पोस्ट में दावा किया गया।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Jul 6, 2026 at 04:56 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक को आग की लपटों में जलते हुए देखा जा सकता है। वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक शख्स को जिंदा जला दिया गया। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की विस्तार से जांच की। यह दावा फर्जी साबित हुआ। दरअसल यूपी के देवरिया में मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक शख्स करतब दिखा रहा था। उस दौरान वह आग की लपटों में घिर गया। उस घटना के वीडियो को अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
इंस्टाग्राम हैंडल ‘livetimesnewschannel’ ने 27 जून 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए दावा किया, “मुहर्रम जुलूस में शख्स को जिंदा जलाया।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। इसका आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले वीडियो के कई ग्रैब्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया गया। यही वीडियो हमें एक यूट्यूब चैनल पर 27 जून 2026 को अपलोड किया हुआ मिला। ‘Scoop Wire’ नाम के इस यूट्यूब चैनल के कैप्शन में लिखा है, “उत्तर प्रदेश के देवरिया में मुहर्रम जुलूस के दौरान फायर स्टंट करते समय एक युवक झुलस गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाकर उसे प्राथमिक उपचार दिलाया। बताया गया कि उसकी हालत सामान्य है। पुलिस के अनुसार जुलूस शांतिपूर्ण रहा।”

सर्च के दौरान घटना का दूसरा एंगल का वीडियो हमें ‘डेन काशी’ नाम के एक यूट्यूब चैनल पर भी मिला। इस वीडियो रिपोर्ट में देवरिया पुलिस का बयान भी शामिल है। 27 जून 2026 की रिपोर्ट में बताया गया कि देवरिया में मुहर्रम जुलूस के दौरान करतब दिखाते समय युवक झुलस गया था। वीडियो में क्षेत्राधिकारी संजय कुमारी रेड्डी को यह बताते हुए सुना जा सकता है कि करतब दिखाते समय युवक झुलस गया था, लेकिन उसे तुरंत बचा लिया गया था।
इसी तरह ‘भास्कर डॉट कॉम’ की 27 जून 2026 की एक खबर में बताया गया कि देवरिया में मुहर्रम जुलूस के दौरान करतब दिखाते समय ‘सद्दाम खान’ नाम का एक युवक ड्रम में बैठकर करतब दिखा रहा था, उसी वक्त वह झुलस गया। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना देवरिया के मालवीय रोड पर हुई थी।
वायरल वीडियो में घटना वाली जगह पर हमें ‘Soni Electricals’ और ‘KK Jewellers’ के बोर्ड नजर आए। इसके आधार पर हमने इस जगह को गूगल मैप्स की मदद से खोजना शुरू किया। हमें देवरिया के मालवीय रोड पर इन्हीं नामों के बोर्ड की दुकानें मिलीं। हमारी अब तक की जांच से यह स्पष्ट हो गया कि वायरल वीडियो इसी स्थान का है।

विश्वास न्यूज ने जांच के दौरान सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि मुहर्रम के दिन देवरिया शहर के मालवीय रोड पर जुलूस के दौरान एक युवक करतब दिखाते समय झुलस गया था। उसका महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया में उपचार कराया गया था।
क्या है संदर्भ?
देशभर में 26 जून 2026 को मुहर्रम के जुलूस निकाले गए। कुछेक स्थानों को छोड़कर बाकी स्थानों पर मुहर्रम शांति से निपट गया। हर जगह पुलिस ने कमान संभाल रखी थी। हालांकि, मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के एक गांव में मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक ताजिया हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। जिसके कारण 20 से ज्यादा लोग झुलस गए।
जांच के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले हैंडल की जांच की गई। पता चला कि इस हैंडल को इंस्टाग्राम पर सात लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट अक्टूबर 2023 को बनाया गया।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। मुहर्रम के जुलूस में किसी युवक को जिंदा नहीं जलाया गया था, जैसा कि वायरल पोस्ट में दावा किया गया। दरअसल, जुलूस में करतब दिखाते समय एक युवक झुलस गया था। इसी वीडियो को अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : मुहर्रम जुलूस के दौरान एक युवक को जिंदा जला दिया गया।
- Claimed By : IG Handle Live Times News Channel
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












