X
X

Fact Check: ऑटो रिक्शा से स्टंट करने का वायरल वीडियो प्रयागराज नहीं, दिल्ली का है

दिल्ली के सिग्नेचर ब्रिज पर 2023 में हुई एक घटना के वीडियो को अब प्रयागराज के ब्रिज का बताकर झूठ फैलाया जा रहा है। प्रयागराज के नैनी ब्रिज पर ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इसमें एक शख्स को ऑटो रिक्शा से लटककर खतरनाक स्टंट करते हुए दिखाया गया है। दावा किया जा रहा है कि वायरल वीडियो यूपी के प्रयागराज के नैनी ब्रिज का है। वीडियो में ऑटो रिक्शा पर स्टंट करने वाले लड़के को एक साइकिल चालक से टकराते हुए देखा जा सकता है।

इस वीडियो को प्रयागराज का मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं। विश्वास न्यूज ने विस्तार से वायरल पोस्ट की जांच की। हमने पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो प्रयागराज का नहीं, बल्कि दिल्ली का है और पुराना भी है। वर्ष 2023 में यह वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने एक्शन लेते हुए आरोपी पर भारी-भरकम जुर्माना भी लगाया था। वायरल वीडियो वाली घटना दिल्ली के सिग्नेचर ब्रिज पर हुई थी।

क्या है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Rajeshh C Kushwah’ ने 28 जून 2026 को एक वीडियो पोस्ट करते हुए दावा किया, “प्रयागराज के नैनी ब्रिज पर आप 1 घंटे खड़े रह जाएंगे तो ऐसे नमूने मिल जाएंगे। कार्यवाही आवश्यक।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। इसका आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने सबसे पहले वायरल वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले। फिर उन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें यह वीडियो एक्स हैंडल पर भी काफी वायरल मिला। डीसीपी यमुना नगर, प्रयागराज के एक्स हैंडल की ओर से यूजर्स को जवाब देते हुए बताया गया, “उक्त प्रकरण/वीडियो की गहनता से जांच करने पर नैनी यमुना पुल का होना नहीं पाया गया है, बल्कि 2.5 वर्ष पुराना दिल्ली सिग्नेचर ब्रिज का पाया गया है। कृपया भ्रामक सूचना नहीं फैलाएं, अन्यथा इसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”

विश्वास न्यूज ने इसके आधार पर कुछ कीवर्ड बनाकर गूगल ओपन सर्च टूल के जरिए सर्च किया। हमें कई पुरानी खबरें मिलीं, जिनमें वायरल वीडियो को दिल्ली के सिग्नेचर ब्रिज का बताया गया।

‘एबीपी लाइव’ की वेबसाइट पर 15 दिसंबर 2023 को पब्लिश एक खबर में बताया गया कि दिल्ली के सिग्नेचर ब्रिज पर ऑटो रिक्शा चालक के स्टंट का मामला सामने आने पर दिल्ली पुलिस ने सख्त एक्शन लेते हुए वायरल वीडियो के आधार पर ऑटो रिक्शा चालक की पहचान की और वाहन को सीज करते हुए कुल ₹32 हजार रुपये का चालान भी किया ।

सर्च के दौरान दिल्ली पुलिस के एक्स हैंडल पर हमें एक पोस्ट मिली। इसमें वायरल वीडियो का इस्तेमाल करते हुए लिखा गया कि सिग्नेचर ब्रिज पर ऑटो रिक्शा द्वारा स्टन्ट करने के प्रकरण का संज्ञान लेते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने ऑटो रिक्शा को सीज करते हुए मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कई धाराओं में कुल ₹32,000 का चालान किया।

यह पोस्ट 14 दिसंबर 2023 को की गई थी।

इससे जुड़ी खबर हमें ‘ईटीवी भारत डॉट कॉम’ पर भी मिली। इसे 12 दिसंबर 2023 को प्रकाशित किया गया था। 15 दिसंबर 2023 की ‘नवभारत टाइम्स डॉट कॉम’ की खबर में बताया गया कि दिल्ली के व्यस्त सिग्नेचर ब्रिज पर स्टंट करने वाले एक शख्स पर दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई की और मोटा चालान लगाया ।

विश्वास न्यूज ने जांच के दौरान ‘दैनिक जागरण’, प्रयागराज के संपादकीय प्रभारी श्याम मिश्रा से संपर्क किया और उनके साथ वायरल वीडियो शेयर किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि वायरल वीडियो का प्रयागराज के किसी ब्रिज से कोई संबंध नहीं है। स्थानीय पुलिस ने भी इसका खंडन किया है।

क्या है संदर्भ?

प्रयागराज के ‘नवीन यमुना सेतु’ को नैनी ब्रिज के नाम से भी जाना जाता है। यह नैनी को प्रयागराज शहर से जोड़ता है। प्रयागराज जिला की सरकारी वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, ”इस ब्रिज को साल 2004 में पुराने नैनी ब्रिज पर यातायात कम करने के लिए बनाया गया था। पुल का निर्माण हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी और हुंडई इंजीनियरिंग और निर्माण ने संयुक्त रूप से किया था।” इस तरह का एक ब्रिज दिल्ली में भी है, जिसे सिग्नेचर ब्रिज के नाम से जाना जाता है।

जांच के अंतिम चरण में फेसबुक यूजर ‘राजेश कुशवाह’ की जांच की गई। इसी यूजर ने दिल्ली के वीडियो को प्रयागराज का बताकर झूठ फैलाया है। इसकी जांच में पता चला कि यूजर को फेसबुक पर चार हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट 11 मई 2019 को बनाया गया था।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फेक साबित हुई। दिल्ली के सिग्नेचर ब्रिज पर 2023 में हुई एक घटना के वीडियो को अब प्रयागराज के ब्रिज का बताकर झूठ फैलाया जा रहा है। प्रयागराज के नैनी ब्रिज पर ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।

  • Claim Review : प्रयागराज के नैनी ब्रिज पर ऑटो रिक्शा पर स्टंट
  • Claimed By : FB User Rajeshh C Kushwah
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later