X
X

Fact Check : वर्ष 2021 में कोविड कर्फ्यू के दौरान मास्क नहीं पहनने वाले दंपती का वीडियो अभी का बताकर किया गया वायरल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। यह भ्रामक साबित हुई। अप्रैल 2021 की घटना को अभी शेयर करके भ्रम फैलाया जा रहा है।

नई दिल्‍ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक महिला को पुलिस के साथ बदतमीजी करते हुए देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इस वीडियो को अभी का बताकर शेयर कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि पुलिस ने इस महिला और उसके प्रेमी को थाने में ले जाकर पीट-पीटकर सारी हेकड़ी निकाल दी।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। यह भ्रामक साबित हुई। अप्रैल 2021 की घटना को अभी शेयर करके भ्रम फैलाया जा रहा है। उस वक्‍त गाड़ी में मास्‍क नहीं पहनने के कारण दिल्‍ली पुलिस ने आभा और पंकज को रोका था। आभा पुलिस के साथ बदतमीजी करने लगी। इस घटना के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया था।

क्‍या हो रहा है वायरल

nativecraft6 नाम के एक इंस्‍टाग्राम हैंडल पर 11 जून को एक वीडियो को अपलोड करते हुए लिखा गया, “PM मोदी की पुलिस ने निकाली IPS की हेकड़ी।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे हालिया समझकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल वीडियो के कई कीफ्रेम्‍स निकालकर उन्‍हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें संबंधित वीडियो से मिलते-जुलते वीडियो कई न्‍यूज रिपोर्ट्स में मिले। 19 अप्रैल 2021 को नवभारत टाइम्‍स के यूट्यूब चैनल पर एक विस्तृत रिपोर्ट मिली। इसमें वायरल वीडियो वाले फुटेज को देखा जा सकता है।

रिपोर्ट में बताया गया, “दिल्ली के दरियागंज इलाके में रविवार को पुलिस से उलझते, बदसलूकी और गालीगलौज करते इस कपल का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। अब दिल्ली पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पति का नाम पंकज है, पत्नी का नाम आभा। गिरफ्तारी के बाद पति-पत्नी की सारी अकड़ ढीली पड़ गई। मास्क पहनने को लेकर इतना बखेड़ा करने वाले पति-पत्नी की मास्क लगाए ये फोटो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। दोनों चुपचाप खड़े नजर आ रहे हैं, लेकिन इस बीच मामले में एक ट्विस्ट भी आ गया है। महिला के पति पंकज सारा दोष अपनी पत्नी पर मढ़ रहे हैं।”

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने गूगल ओपन सर्च टूल की मदद ली। यहां कीवर्ड से सर्च करने पर हमें कई न्‍यूज रिपोर्ट मिली। इकोनॉमिक टाइम्‍स की वेबसाइट पर 19 अप्रैल 2021 को पब्लिश खबर में बताया गया कि दिल्ली में उस समय बड़ा ड्रामा हुआ, जब एक जोड़े ने दरियागंज में तैनात दिल्ली पुलिस कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया। पुलिस ने उन्हें कोविड-19 कर्फ्यू के दौरान मास्क नहीं पहनने के लिए रोका था।

द वीक पर मौजूद खबर में बताया गया कि घटना के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया था।

20 अप्रैल 2021 को जागरण डॉट कॉम ने विस्‍तार से खबर को प्रकाशित करते हुए लिखा कि पति के साथ बिना मास्क के कार में घूम रही महिला को दिल्ली पुलिस ने जांच के लिए रोका था। कार रोकते ही महिला पुलिसकर्मियों के साथ काफी दर तक बदसलूकी करने लगी। इसके बाद महिला सिपाही को बुलाकर आरोपित महिला को काबू कर थाने लाया गया और फिर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

सर्च के दौरान एएनआई के एक्‍स हैंडल पर हमें वायरल वीडियो मिला। 18 अप्रैल 2021 को पोस्‍ट इस वीडियो के साथ बताया गया कि विभिन्‍न धाराओं के अंदर कपल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए सहयोगी दैनिक जागरण, नई दिल्‍ली के वरिष्ठ मुख्य अपराध संवाददाता राकेश कुमार सिंह से संपर्क किया। उन्‍होंने बताया कि वायरल वीडियो वाली घटना 2021 के अप्रैल महीने की है। उस वक्‍त दरियागंज में एक दंपती ने पुलिस के साथ बदतमीजी की थी।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल पोस्‍ट भ्रामक साबित हुई। वर्ष 2021 की घटना के वीडियो को अब वायरल करके भ्रम फैलाया जा रहा है। उस वक्‍त घटना के बाद दंपती को अरेस्‍ट कर लिया गया था।

  • Claim Review : PM मोदी की पुलिस ने निकाली IPS की हेकड़ी।
  • Claimed By : IG Handel nativecraft6
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later