Fact Check: इथियोपिया में ज्वालामुखी के विस्फोट का बताकर वायरल किया गया AI वीडियो
विश्वास न्यूज की पड़ताल में इथियोपिया में ज्वालामुखी में हुए विस्फोट के नाम पर एआई निर्मित वीडियो को वायरल करके भ्रम फैलाया जा रहा है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Nov 27, 2025 at 05:19 PM
- Updated: Nov 27, 2025 at 05:28 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अफ्रीकी देश इथियोपिया में 23 नवंबर को ज्वालामुखी में विस्फोट हुआ। जिसके बाद दुनिया के कई देशों के आसमान में राख का गुबार देखने को मिला। इसी से जोड़ते हुए अब सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल किया जा रहा है। इसमें सड़कों पर खड़ी कारों के बीच से लावा बहते हुए देखा जा सकता है। लावा के बीच लोगों को चलते हुए दिखाया गया है। वीडियो को सच समझकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की। यह फर्जी साबित हुआ। दरअसल ज्वालामुखी में विस्फोट के नाम पर वायरल वीडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल यानी एआई की मदद से तैयार करके झूठ फैलाया जा रहा है ।
क्या हो रहा है वायरल
इंस्टाग्राम हैंडल kedarnathupdate1234 ने 26 नवंबर को एक वीडियो को अपलोड करते हुए लिखा, “जब इथोपोया में 12000 साल बाद फटा ज्वालामुखी”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच समझकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने जांच की शुरुआत वीडियो की स्कैनिंग से की। इसमें लावा के बीच लोगों को बिना किसी चिंता के चलते हुए देखा जा सकता है। इतना ही नहीं, कुछ लोगों को लावा के बीच खड़े हुए भी देखा जा सकता है। एआई वीडियो में अक्सर लोगों की ऐसी हरकत देखने को मिलती है। इस वीडियो को देखकर साफ समझ में आ गया कि यह असली नहीं है।
जांच के अगले चरण में ज्यादा पुष्टि के लिए हमने हमारे सहयोगी ट्रस्टेड इन्फॉर्मेशन एलायंस (TIA) की पहल डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट (डीएयू) से संपर्क किया। WasitAI, AIorNot और IsItAI जैसे टूल की मदद से चेक करने पर वीडियो के एआई से क्रिएटेड होने की संभावना की पुष्टि हुई। डीएयू ने अपने निष्कर्ष में वीडियो को असली नहीं बताया।



इसके बाद इथियोपिया में फटे ज्वालामुखी के बारे में जानने के लिए सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल किया। कीवर्ड से सर्च करने पर हमें कई न्यूज वेबसाइट और यूट्यूब चैनल पर इससे जुड़ी खबर मिली। 25 नवंबर को अल जजीरा अंग्रेजी के यूट्यब चैनल ने ज्वालामुखी के फुटेज का इस्तेमाल करते हुए विस्तार से पूरे मामले की कवरेज की।
इसी तरह बीबीसी हिंदी की वेबसाइट पर भी हमें एक खबर मिली। इसमें बताया गया कि इथियोपिया के अफ़ार क्षेत्र में स्थित हायली गुब्बी ज्वालामुखी 21 नवंबर (रविवार) की सुबह फट गया था। इस खबर में स्मिथसोनियन संस्थान के ग्लोबल वोल्कैनिज़्म प्रोग्राम के हवाले से बताया गया कि पिछले 12,000 वर्षों में हायली गुब्बी ज्वालामुखी के विस्फोट का यह पहला मामला है। इस घटना से कोई हताहत नहीं हुआ।
ज्वालामुखी से जुड़े फुटेज बीबीसी, ग्लोबल न्यूज और एपी जैसे इंटरनेशनल न्यूज वेबसाइट के यूट्यूब चैनल पर भी मिले। इन्हें नीचे देखा जा सकता है।
जांच के अंत में हमने फेक वीडियो पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की। पता चला कि यूजर को एक लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में इथियोपिया में ज्वालामुखी में हुई विस्फोट के नाम पर एआई निर्मित वीडियो को वायरल करके भ्रम फैलाया जा रहा है। हमारी जांच में वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई।
- Claim Review : इथियोपिया में ज्वालामुखी में हुई विस्फोट का वीडियो
- Claimed By : IG User
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












