X
X

Fact Check: बैंकॉक में भूकंप की वजह से बिल्डिंग ढहने के वीडियो को मुंबई का बताकर किया जा रहा वायरल 

मुंबई हादसे के नाम से वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वीडियो का मुंबई से कोई संबंध नहीं है। वायरल वीडियो मार्च में बैंकॉक में आए बेहद शक्तिशाली भूकंप का है।

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Jun 27, 2025 at 05:14 PM
  • Updated: Jun 27, 2025 at 06:05 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक बड़ी-सी इमारत के ढहने का वीडियो काफी वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह मुंबई में हाल ही में हुई एक घटना का है। जहां इमारत के निर्माण का काम चल रहा था, लेकिन अचानक से ही हादसा हो गया और बिल्डिंग ढह गई। इस हादसे में मुंबई में हजारों लोगों की जान चली गई। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो का मुंबई से कोई संबंध नहीं है। वायरल वीडियो मार्च में बैंकॉक में आए बेहद शक्तिशाली भूकंप का है, जिसे अब लोग भ्रामक दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।

क्या हो रहा है वायरल ?

इंस्टाग्राम यूजर rinku_tyagi_ji ने 22 मार्च 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “मुंबई में कंस्ट्रक्शन चलते समय अचानक से गिरने से गई हजारों लोगों की जान…बहुत भयानक हादसा 19/06/25”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने इनविड टूल की मदद से कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो Next9 Political Byte नाम के यूट्यूब चैनल पर 28 मार्च 2025 को अपलोड हुआ मिला। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो बैंकॉक में आए बेहद शक्तिशाली भूकंप का है। झटकों के कारण इमारत गिर गई और हादसा हो गया।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो का एक दूसरा एंगल थाई यूट्यूब चैनल Bright TV पर मिला, वीडियो 28 मार्च 2025 को अपलोड मिला। थाई भाषा में मौजूद जानकारी के मुताबिक, म्यांमार में भूकंप का असर बैंकॉक में भी देखने को मिला। Chatuchak क्षेत्र में स्टेट ऑडिट के ऑफिस की बिल्डिंग के निर्माण का काम चल रहा था, लेकिन भूकंप के कारण वो ढह गई।

अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां पर देखा जा सकता है। 

थाईलैंड न्यूज वेबसाइट थाई पीबीएस पर 28 मार्च 2025 को प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, म्यांमार में आए भूकंप का असर थाईलैंड के भी कई शहरों में देखने को मिला। भूकंप के कारण कई जगह पर तबाही मच गई। Chatuchak में स्टेट ऑडिट के ऑफिस की बिल्डिंग ढह गई। खनिज संसाधन विभाग के डायरेक्टर जनरल ने भी इसकी जानकारी दी थी और कहा था कि बीएमए अधिकारी हादसे वाली जगह का निरीक्षण कर रहे हैं और प्रभावित लोगों को सहायता प्रदान कर रहे हैं। रिपोर्ट में बिल्डिंग ढहने के बाद की तस्वीर भी मौजूद है। 

Thaipbs ने 28 मार्च 2025 को इस भूकंप से जुड़ी कई तस्वीरों को शेयर किया था। पोस्ट के अनुसार, Chatuchak में निर्माणाधीन इमारत ढह गई। इमारत के अंदर लगभग 50 कर्मचारी थे, जिनमें से 7 बच गए, जबकि 43 इमारत के अंदर फंस रह गये थे। 

https://twitter.com/ThaiPBS/status/1905521215743426692

अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां पर देखा जा सकता है।

अधिक जानकारी के लिए हमने मुंबई के स्थानीय पत्रकार वरुण सिंह से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। यह वीडियो मुंबई का नहीं है और ना ही यहां पर इस तरह का कोई हादसा हुआ है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर इसी तरह की फेक पोस्ट को शेयर करता है। यूजर को 586के लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि मुंबई हादसे के नाम से वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वीडियो का मुंबई से कोई संबंध नहीं है। वायरल वीडियो मार्च में बैंकॉक में आए बेहद शक्तिशाली भूकंप का है, जिसे अब लोग भ्रामक दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।

  • Claim Review : मुबंई में बिल्डिंग ढहने का वीडियो।
  • Claimed By : Inst user rinku_tyagi_ji
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later