X
X

Fact Check: अमेरिका में 2001 के हमले का वीडियो ईरान के कतर में अमेरिकी एयरबेस पर हमले के झूठे दावे से वायरल

अमेरिका में 11 सितंबर 2001 को हुए आतंकी हमले का वीडियो गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। ईरान ने जून 2025 में कतर में अमेरिकी एयरबेस पर हमला किया था। हाल-फिलहाल में ऐसा कोई हमला नहीं हुआ है। 

US attack video, Iran Qatar US airbase attack, Iran attack on US airbase, Viral Video, Donald Trump

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई बार सैन्य हस्तक्षेप की बात कर चुके हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक बिल्डिंग में विस्फोट और लोगों को भागते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि ईरान ने कतर में अमेरिकी एयरबेस पर हमला कर दिया है।

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो अमेरिका में 11 सितंबर 2001 को हुए आतंकी हमले का है। वहीं, ईरान ने हाल-फिलहाल में कतर में अमेरिकी एयरबेस पर कोई हमला नहीं किया है। अमेरिका में हुए आतंकी हमले के पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर smartindianews ने 16 जनवरी 2026 को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। इसके साथ में लिखा है, “ईरान ने कतर में अमेरिकी एयरबेस पर हमला कर दिया है। ईरान ने कतर के अल उदीद एयरबेस पर 6 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं हैं। बता दें कि कतर स्थित अल उदीद एयरबेस पश्चिम एशिया में सबसे बड़ा अमेरिकी सैन्य अड्डा है।

वीडियो पर लिखा है, “ईरान ने अमेरिका के ऊपर दाग दी है मिसाइल लगता है ईरान अमेरिका को भी नहीं छोड़ेगा।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। बीबीसी की वेबसाइट पर 24 जून 2025 को पब्लिश खबर के अनुसार, “ईरान ने कतर में एक अमेरिकी मिलिट्री बेस पर मिसाइलें दागीं। उसने कहा कि यह पिछले वीकेंड पर उसके न्यूक्लियर ठिकानों पर अमेरिकी हमलों का बदला था। डोनाल्ड ट्रंप ने इस हमले को ‘बहुत कमजोर’ और ‘उम्मीद के मुताबिक’ बताया और सुझाव दिया कि इलाके में शांति की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है।”

जून 2025 में कतर में अमेरिकी एयरबेस पर हमले की अन्य खबरें भी मिलीं, जिन्हें यहां और यहां देखा जा सकता है, लेकिन ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली, जिससे यह साबित किया जा सके कि हाल-फिलहाल में ईरान ने कतर में अमेरिकी एयरबेस पर हमला किया हो।

इसके बाद हमने वायरल वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। यूट्यूब चैनल Jareau Almeyda पर 7 सितम्बर 2015 को वायरल क्लिप अपलोड की गई है। इसमें इसे अमेरिका में 2001 में हुए 9/11 हमलों का बताया गया।

सीबीएस8 डॉट कॉम पर 11 सितंबर 2001 को अमेरिका पर हुए हमले पर बनी डॉक्यूमेंट्री में भी वायरल क्लिप के हिस्से को देखा जा सकता है।

इससे पहले यह वीडियो अमेरिका के लॉस एंजेलिस में आग लगने की घटना के बाद हुई त्रासदी का बताकर शेयर किया गया था। उस दौरान विश्वास न्यूज ने पड़ताल के दौरान दैनिक जागरण में विदेश मामले कवर करने वाले विशेष संवाददाता जेपी रंजन से संपर्क किया था। उन्होंने वीडियो को 11 सितंबर 2001 को अमेरिका में हुए हमले का बताया था।

ईरान इंटरनेशनल की वेबसाइट पर 21 जनवरी को छपी खबर के अनुसार, “ईरान में विरोध प्रदर्शनों पर घातक कार्रवाई के बाद तेहरान और वाशिंगटन के बीच तनाव बढ़ गया है। ट्रम्प ने ईरान को प्रदर्शनकारियों को न मारने की चेतावनी दी है। वहीं, ईरान के विदेश मंत्री अराघची ने वॉल स्ट्रीट जर्नल में एक संपादकीय में कहा, ‘जून 2025 में ईरान ने जो संयम दिखाया था, उसके विपरीत अगर हम पर फिर से हमला होता है, तो हमारी सेना को जवाबी कार्रवाई करने में कोई हिचकिचाहट नहीं होगी।'”

पुराने वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने चेक किया। यूजर के 6 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: अमेरिका में 11 सितंबर 2001 को हुए आतंकी हमले का वीडियो गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। ईरान ने जून 2025 में कतर में अमेरिकी एयरबेस पर हमला किया था। हाल-फिलहाल में ऐसा कोई हमला नहीं हुआ है। 

  • Claim Review : ईरान ने कतर में अमेरिकी एयरबेस पर हमला कर दिया है।
  • Claimed By : Insta User- smartindianews
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later