X
X

Fact Check : पंजाब में बाढ़ पीड़ितों की मदद के हवाले से वायरल हो रहा वीडियो बांग्लादेश की एक मस्जिद का है

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल हो रहे वीडियो का पंजाब या भारत से कोई लेना-देना नहीं है। यह वीडियो बांग्लादेश की एक मस्जिद का है। वहीं, ख़बरों के अनुसार पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए कई मुस्लिम समुदाय सामने आये हैं।

  • By: Umam Noor
  • Published: Sep 4, 2025 at 03:33 PM
  • Updated: Sep 11, 2025 at 12:17 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पंजाब के कई इलाकों को बाढ़ का सामना करना पड़ रहा है। बाढ़ की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है तथा जानमाल का भी लोगों को काफी नुकसान हुआ है। बाढ़ पीड़ितों के लिए कई सेलेब्रिटीज और संगठन भी मदद कर रहे हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है।

वायरल हो रहे इस वीडियो में टोपी लगाए हुए कुछ लोगों को एक बोरी से पैसे निकालकर जमीन पर डालते हुए देखा जा सकता है। अब इसी वीडियो को शेयर करते हुए यूजर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो मुस्लिम समुदाय के लोगों का पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद किए जाने से जुड़ा हुआ है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल हो रहे वीडियो का पंजाब या भारत से कोई लेना-देना नहीं है। यह वीडियो बांग्लादेश की एक मस्जिद का है। वहीं, ख़बरों के अनुसार पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए कई मुस्लिम समुदाय सामने आये हैं।

क्या है वायरल पोस्ट में?

फेसबुक यूजर ने इंद्र कुमार ने 31 अगस्त को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “पंजाब में बाढ़ पीड़ित लोगों की मदद के लिए उतरे हमारे मुसलमान भाई।”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने गूगल लेंस के जरिए वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को सर्च किया। सर्च करने पर हमें यह वीडियो एक बांग्लादेशी फेसबुक पेज पर अपलोड मिला। वीडियो के साथ दी गई जानकारी के अनुसार, यह किशोरगंज की एक मस्जिद की दानपेटी खोले जाने का है।

इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और हमें ढाका ट्रिब्यून की इससे जुड़ी खबर मिली। खबर के अनुसार, ढाका के किशोरगंज में बनी मस्जिद एक बार फिर अपनी दान की गई रकम को लेकर खबरों में हैं।

30 अगस्त 2025 की खबर में बताया गया, “किशोरगंज की पागला मस्जिद ने शनिवार को अपनी 13 दान पेटियाँ खोलकर 12.09 करोड़ टका का दान एकत्र किया। इस दान ने अप्रैल में 9.17 करोड़ टका के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। मस्जिद की दूसरी मंजिल पर की गई इस गिनती में 13 घंटे लगे और इसमें मस्जिद के कर्मचारियों, मदरसे के छात्रों, बैंक अधिकारियों और स्वयंसेवकों सहित 450 से ज़्यादा लोगों ने हिस्सा लिया। सेना, पुलिस, आरएबी और अंसार के सदस्यों को तैनात किया गया था और कार्यकारी मजिस्ट्रेटों ने इस प्रक्रिया की निगरानी की थी।

इस मामले से जुड़ा एक वीडियो हमें बांग्लादेशी न्यूज वेबसाइट प्रथम आलो के यूट्यूब चैनल पर भी अपलोड किया हुआ मिला। 31 अगस्त को अपलोड किए गए वीडियो में बताया गया, किशोरगंज की पागला मस्जिद में दिन भर में 13 संदूकों को खोलकर उनकी गिनती करने पर रिकॉर्ड 12.9 करोड़ टका मिले।”

वायरल पोस्ट से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने बांग्लादेश के पत्रकार सदिकुर रहमान से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया, “यह वीडियो बांग्लादेश की ही एक मस्जिद का है।”

टाइम्स ऑफ इंडिया की 3 सितंबर की खबर में बताया गया कि मुस्लिम समुदाय के भी कई लोग और मदरसे पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद करने के लिए सामने आये हैं।

पंजाब में आई बाढ़ के हवाले से विश्वास न्यूज ने और भी फैक्ट चेक किए हैं, जिन्हें यहां पढ़ा जा सकता है।

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर इंद्र कुमार की सोशल स्कैनिंग की। हमने पाया कि यूजर को दस हजार लोग फॉलो करते हैं। वही यूजर हरियाणा के रहने वाले हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल हो रहे वीडियो का पंजाब या भारत से कोई लेना-देना नहीं है। यह वीडियो बांग्लादेश की एक मस्जिद का है। वहीं, ख़बरों के अनुसार पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए कई मुस्लिम समुदाय सामने आये हैं।

  • Claim Review : यह वीडियो मुस्लिम समुदाय के लोगों का पंजाब बाढ़ पीडितों की मदद किए जाने से जुड़ा हुआ है।
  • Claimed By : फेसबुक यूजर इंद्र कुमार
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later