Fact Check : मिलिट्री गेम के वीडियो को भारत-पाक तनाव से जोड़कर किया जा रहा शेयर
भारत-पाक के तनाव के दावे के साथ वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो करीब तीन साल पुराना है और वीडियो गेम आर्मा 3 का है। वीडियो गेम के वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: May 9, 2025 at 04:47 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर आसमान में जाती एक मिसाइल का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव का है। पाकिस्तान ने भारत की तरफ कई टारगेट्स भेजे थे, जिन्हें भारतीय वायु सेना ने एस-400 सुदर्शन चक्र मिसाइल सिस्टम का इस्तेमाल करते हुए असफल कर दिया। वीडियो को ‘एस-400 सुदर्शन चक्र मिसाइल’ का बताते हुए शेयर किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो करीब तीन साल पुराना है और वीडियो गेम आर्मा का है। वीडियो गेम के वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘जितेश कुमार यादव’ ने 8 मई 2025 को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “भारतीय सेना ने शुरू किया अभियान, भारत पाकिस्तान का आखिरी युद्ध शुरू, अब पाकिस्तान का नक्शा बदला जाएगा, भारतीय मिसाइलों का स्वाद लो अब पाकिस्तानियों, अब कोई दया, कोई क्षमा नहीं।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

एक्स यूजर ने 8 मई 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए अंग्रेजी में लिखा है, “जालंधर में भारत का सुदर्शन चक्र S-400 लड़ाकू विमान।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो का लंबा वर्जन कंपेयर्ड कंपेरिजन नामक एक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 19 फरवरी 2022 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो आर्मा 3 का है। वायरल वीडियो को 29 सेकंड तक देखा जा सकता है।
यूट्यूब चैनल को खंगालने पर हमने पाया कि यह चैनल इसी तरह के मिलिट्री से जुड़े वीडियो को शेयर करता है। चैनल पर इस तरह के कई अन्य वीडियो भी मौजूद हैं।

वायरल वीडियो हमें इसी जानकारी के साथ कई अन्य यूट्यूब चैनल पर भी अपलोड हुआ मिला।
इस वीडियो क्लिप को लेकर हमने डायनेमो गेम्स के फाउंडर अनीश जैन से बातचीत की। उन्होंने हमें बताया कि यह आर्मा 3 गेमिंग का क्लिप है।
पीआईबी पर हमें रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी की गई प्रेस रिलीज मिली। इसके मुताबिक, “7-8 मई की रात को पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइलों का उपयोग करके अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, भटिंडा, चंडीगढ़, नल, फलोदी, उत्तरलाई और भुज सहित उत्तरी और पश्चिमी भारत में कई सैन्य ठिकानों पर हमला करने की कोशिश की। इन हमलों को नाकाम कर दिया गया। भारतीय सेना ने पाकिस्तान की ड्रोन हमले की कोशिश को असफल कर दिया।”

गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत आतंकी ढांचे पर हमला किया है। भारतीय सेना ने पाक और पीओके के कुल 9 आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की है। इस एयर स्ट्राइक में किसी भी पाकिस्तानी सैन्य ढांचे को निशाना नहीं बनाया गया है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर जितेश कुमार यादव के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को पांच हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को बिहार का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि भारत-पाक के तनाव के दावे के साथ वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो करीब तीन साल पुराना है और वीडियो गेम आर्मा 3 का है। वीडियो गेम के वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : पाकिस्तान के ड्रोन हमले को असफल करती भारतीय वायु सेना की एस-400 सुदर्शन चक्र मिसाइल का वीडियो।
- Claimed By : FB User Jitesh Kumar Yadav
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












