Fact Check: हज से जुड़े एक साल पुराने वीडियो को अभी का बताकर किया गया वायरल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। वायरल वीडियो पिछले साल का साबित हुआ। पुराने वीडियो को अभी का बताकर वायरल करने के कारण पोस्ट भ्रामक साबित हुई।
- By: Ashish Maharishi
- Published: May 26, 2025 at 05:07 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें हजारों की तादाद में लोगों को जमीन पर लेटे हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को अभी का बताकर मक्का में हज यात्रियों की व्यवस्था पर सवाल खड़ा किया जा रहा है। वीडियो को महाकुंभ की व्यवस्था से तुलना करते हुए वायरल किया गया।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। वायरल वीडियो पिछले साल का साबित हुआ। पुराने वीडियो को अभी का बताकर वायरल करने के कारण पोस्ट भ्रामक साबित हुई।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर मनीष गुप्ता ने 21 मई को एक वीडियो को अपलोड करते हुए लिखा, “56 इस्लामिक देश, पैसों के मामले में लगभग सभी ताकतवर। इसके बावजूद मक्का में हज यात्रियों की हालत और व्यवस्था देखिए! ये तो कुछ चंद लोगों की भीड़ है, महाकुंभ में तो 65 करोड़ से भी ज्यादा लोग आए, फिर भी ऐसी कुव्यवस्था नहीं रही।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की जांच के लिए सबसे पहले इसके कई कीफ्रेम्स निकाले। इसके बाद, हरेक को गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें यह वीडियो कई यूट्यूब चैनल पर मिला। इसके अलावा फेसबुक व एक्स पर यह वीडियो मिला।

लेकिन हमें सबसे पुराना वीडियो एक फेसबुक अकाउंट पर अपलोड मिला, जिसे 19 जून 2024 को अपलोड किया गया है। इसे सोमालिया के एक यूजर ने पोस्ट किया था।

सर्च के दौरान हमें इंडिया टीवी की वेबसाइट पर एक खबर मिली। इसमें बताया गया, “सऊदी अरब ने कहा कि हज 14 जून से शुरू होगा। आधिकारिक सऊदी प्रेस एजेंसी (एसपीए) ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट ने निर्धारित किया है कि इस्लामी कैलेंडर का 12वां और अंतिम महीना धू अल-हिज्जा शुक्रवार से शुरू होगा। इस साल 14-19 जून के बीच हज किया जा रहा है।”
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए सऊदी अरब के पत्रकार सौद हफीज से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो पुराना है।
पड़ताल के अंत में हमने भ्रामक पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की। पता चला कि मनीष गुप्ता को 1.8 हजार लोग फालो करते हैं। यूजर अलवर का रहने वाला है
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल वीडियो पुराना साबित हुआ। यह वीडियो हमें जून 2024 की तारीख को सोशल मीडिया में अपलोड मिला। इससे यह साबित हो गया कि पुराने वीडियो को हालिया बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है।
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












