X
X

Fact Check: इजरायल पर रॉकेट के हमले का पुराना वीडियो अब भ्रामक दावे के साथ वायरल

पड़ताल में वायरल दावा भ्रामक साबित हुआ। जिस वीडियो को इजरायल पर हुए हमले का बताकर अब वायरल किया गया, वह जंग शुरू होने के पहले से सोशल मीडिया पर मौजूद है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अमेरिका-इजरायल और ईरान के जंग के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें सड़क पर मौजूद कारों को धूं-धूं करके जलते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में रोने की भी आवाज सुनी जा सकती है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो तेल अवीव में ईरान की ओर से दागी गई मिसाइल का है।

विश्वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल दावा भ्रामक साबित हुआ। जिस वीडियो को इजरायल पर हुए हमले का बताकर अब वायरल किया गया, वह जंग शुरू होने के पहले से सोशल मीडिया पर मौजूद है। सबसे पुराना वीडियो अक्‍टूबर 2023 का मिला। इसमें बताया गया कि यह वीडियो इजरायल के अशदोद शहर में हमास की ओर से दागे गए रॉकेट का है।

क्‍या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Shahid Ansari’ ने एक वीडियो शेयर करते हुए दावा किया, “ईरानी मिसाइलें तेल अवीव पर गिरीं, ध्यान से सुनो फ़िलिस्तीन के लोगों को रुलाने वालों के रोने की आवाज़ आ रही है..।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल वीडियो की सच्‍चाई पता लगाने के लिए सबसे पहले इसके कई ग्रैब्‍स निकाले। फिर इन्‍हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें सबसे पुराना वीडियो El Aruku नाम के एक एक्‍स हैंडल पर मिला। 9 अक्‍टूबर 2023 को पोस्‍ट इस वीडियो में बताया गया कि यह इजरायल के अशदोद में हमास की ओर से दागे गए रॉकेट का है।

सर्च के दौरान हमें वायरल वीडियो का कुछ हिस्‍सा स्‍काई न्‍यूज की एक रिपोर्ट में मिला। 9 अक्‍टूबर 2023 की इस रिपोर्ट में बताया गया कि इजरायल-हमास वार के बीच अशदोद में रॉकेट हमले से कारों में आग लग गई। यही रिपोर्ट हमें स्‍काई न्‍यूज के टिकटॉक अकाउंट पर मौजूद एक वीडियो में भी मिली।

पड़ताल के दौरान हमें पता चला कि वर्तमान में चल रही जंग के बीच ईरान तेल अवीव पर लगातार हमले कर रहा है। अल जजीरा की 15 मार्च 2026 की एक रिपोर्ट के अनुसार, इन हमलों में कई कारों में आग लग गई और भारी नुकसान हुआ।

इसी तरह द टाइम्‍स ऑफ इजरायल की ओर से 16 मार्च 2026 की एक रिपोर्ट में बताया गया कि ईरान की ओर से मिसाइलों के हमले के बाद तेल अवीव क्षेत्र और वेस्ट बैंक के कुछ हिस्सों में सायरन बज रहे हैं। आईडीएफ का कहना है कि यह ईरान की ओर से किया गया मिसाइल हमला है।

विश्वास न्‍यूज ने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए इजरायल के फैक्ट चेकर यूरिया बार मेर से बात की और उनके साथ वायरल वीडियो शेयर किया। उन्‍होंने जानकारी देते हुए बताया कि वायरल वीडियो पुराना है।

निष्‍कर्ष: विश्वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल दावा भ्रामक साबित हुआ। 2023 के अक्‍टूबर महीने में इजरायल के अशदोद शहर में हमास की ओर से रॉकेट दागे गए थे। उसी से जुड़े वीडियो को अब जारी जंग के बीच वायरल करके भ्रम फैलाया जा रहा है।

  • Claim Review : ईरानी मिसाइलें तेल अवीव पर गिरीं।
  • Claimed By : FB user Shahid Ansari
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later