Fact Check : मिर्जापुर में 2022 में एक ही समुदाय के लोगों में हुई थी मारपीट, वीडियो क्लिप अब झूठे सांप्रदायिक दावे के साथ वायरल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। दावा भ्रामक साबित हुआ। जांच में पता चला कि यूपी के मिर्जापुर में वर्ष 2022 में हुई घटना की क्लिप को अब फिर से झूठे सांप्रदायिक दावे के साथ वायरल किया गया है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Dec 3, 2024 at 12:42 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया पर 39 सेकंड की एक वीडियो क्लिप वायरल हो रही है। इसमें कुछ लोगों को महिलाओं पर और अन्य लोगों पर बुरी तरह हमला करते हुए देखा जा सकता है। क्लिप को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है यह घटना मुस्लिम बहुल्य इलाके में हिंदुओं के साथ हुई है। इस क्लिप को सांप्रदायिक दावे के साथ कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। दावा भ्रामक साबित हुआ। जांच में पता चला कि यूपी के मिर्जापुर में वर्ष 2022 में हुई घटना की क्लिप को अब फिर से झूठे सांप्रदायिक दावे के साथ वायरल किया गया है। इस घटना में दोनों पक्ष एक ही समुदाय के थे।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर ‘Shobhit Mishr’ ने 30 नवंबर को एक वीडियो क्लिप को पोस्ट करते हुए दावा किया, “ये वीडियो बांग्लादेश का नही…….भारत का ही है बांग्लादेश में तो सनातनी की हालत तो दो कौड़ी की रह गयी है भारत के मुस्लिम बहुल क्षेत्रो में रहने वाले हिन्दूओ को यही सब देखने सहने को मिल रहा है।”

कई अन्य यूजर्स ने भी इस वीडियो क्लिप को मिलते-जुलते दावों के साथ कई सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर शेयर किया। फेसबुक पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां क्लिक कर देखा जा सकता है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल क्लिप की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले इसके कई कीफ्रेम्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें सबसे पुराना वीडियो ‘मिर्जापुर ऑफिशियल’ नाम के एक फेसबुक पेज पर मिला। 17 जनवरी 2022 को अपलोड इस वीडियो के बारे में जानकारी देते हुए लिखा गया, “मिर्जापुर में दबंग ने कूड़ा फेकने के मामूली विवाद में लोहे की सरिया से महिलाओं को बेरहमी से पीटा। वीडियो बना रहे युवक पर भी सरिया से किया हमला। आरोपी के खिलाफ दर्ज, कटरा कोतवाली के इमामबाड़ा मोहल्ले के कुंजलगीर बाग की घटना।”

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए संबंधित कीवर्ड का इस्तेमाल करते हुए गूगल ओपन सर्च किया। हमें जागरण डॉट कॉम पर 17 जनवरी 2022 को पब्लिश एक खबर मिली। इस खबर में बताया गया कि मिर्जापुर के कटरा कोतवाली के इमामबाड़ा मोहल्ले में कूड़ा फेंकने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर एक पक्ष के एक युवक ने महिला की रॉड से पिटाई कर दी। यही नहीं, वीडियो बना रहे एक युवक को भी पीट दिया। महिला ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पूरी खबर यहां पढ़ें।
मिर्जापुर पुलिस के अधिकृत एक्स हैंडल पर हमें एक बयान मिला। एडिशनल एसपी सिटी ने 16 जनवरी 2022 को हुई एक ही समुदाय के दो पक्षों में हुई मारपीट पर विस्तार से अपना बयान दिया। छह अप्रैल 2022 की इस बयान के साथ लिखा गया कि थाना_को0कटरा की पुलिस चौकी लालडिग्गी अन्तर्गत मोहल्ला बालकुंजल गिरी में दिनांक 16.01.2022 को एक ही समुदाय के दो पक्षो के मध्य हुई मारपीट की घटना के वायरल हो रहे वीडियो के सम्बन्ध में #Addl_SP_City की बाइट।
विश्वास न्यूज ने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए मिर्जापुरी के कटरा कोतवाल अजीत सिंह से संपर्क किया। उनके साथ वायरल क्लिप को शेयर की। उन्होंने जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि घटना में शामिल दोनों परिवार के ही लोग थे। विवाद को लेकर मारपीट हुई थी। दोनों ही पक्ष मुस्लिम हैं। यह घटना 2022 की है। कटरा कोतवाली के देवपुरवा राजस्थान स्कूल के पास की घटना थी।
विश्वास न्यूज एक बार पहले भी वायरल क्लिप की जांच कर चुका है। उस पड़ताल को यहां पढ़ा जा सकता है।
पड़ताल के अंत में फेसबुक यूजर ‘Shobhit Mishr’ की सोशल स्कैनिंग की गई। पता चला कि फेसबुक पर यूजर के 343 फ्रेंड हैं। जबकि फॉलोअर्स की तादाद 159 है। यूजर ने यह अकाउंट जनवरी 2014 को बनाया था। यूजर यूपी के कानपुर का रहने वाला है।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई। मिर्जापुर में 2022 में एक ही समुदाय के दो पक्षों में आपस में मारपीट हो गई थी। अब उसी घटना से जुड़ी क्लिप को झूठे सांप्रदायिक दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : ये वीडियो बांग्लादेश का नही…….भारत का ही है बांग्लादेश में तो सनातनी की हालत तो दो कौड़ी की रह गयी है भारत के मुस्लिम बहुल क्षेत्रो में रहने वाले हिन्दूओ को यही सब देखने सहने को मिल रहा है।
- Claimed By : FB User Shobhit Mishr
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












