Fact Check: देहरादून में वाहनों के सीट कवर को ब्लेड से काटने का वीडियो सांपद्रायिक दावे से वायरल
देहरादून में कोचिंग संचालक धीरज ने वाहनों के सीट कवर को ब्लेड से काट दिया था। उस घटना के वीडियो को सांप्रदायिक रंग देकर शेयर किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Dec 26, 2024 at 05:06 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल कर समुदाय विशेष पर निशाना साधा जा रहा है। इसमें एक व्यक्ति को स्कूटी और बाइक की सीट कवर पर ब्लेड चलाते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि मेाहम्मद जुनेद ने अपने सीट कवर का बिजनेस बढ़ाने के लिए सीट कवर को ब्लेड से काट दिया।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो देहरादून का है और सीट कवर पर ब्लेड चलाने वाले शख्स का नाम धीरज अग्रवाल है। वीडियो को गलत सांप्रदायिक रंग देकर शेयर किया जा रहा है।
वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर ‘अपने किसान भाई’ ने 24 दिसंबर को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,
“ये हैं मियां मोहम्मद जुनेद इसका रोड के पास में ही पंक्चर साटने और सीट कवर की दुकान है, अपने बिजनेस को बढ़ाने के लिए मियां साहब को एक तरकीब सूझी.
उसने पास खड़े हुए वाहनों को पंक्चर करना शुरू कर दिया और ब्लेड से सीट कवर काट डाले, उसकी किसी ने विडियो बना कर वायरल कर दी, आप भी देखें शांतिदूत की करतूत!!!”

पड़ताल
वायरल वीडियो में एक स्कूटी का नंबर यूके 07 नजर आ रहा है। गूगल सर्च करने पर यह नंबर देहरादून का निकला।

इसके बाद वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट निकालकर गूगल लेंस से सर्च करने पर हमें एक्स यूजर @divyakumaari की एक पोस्ट (आर्काइव लिंक) मिली। इसमें इस वीडियो को देहरादून के नेहरूग्राम क्षेत्र का बताया गया है।
इस बारे में हमने देहरादून में दैनिक जागरण के संपादकीय प्रभारी देवेंद्र सती से संपर्क किया। उन्होंने इसको देहरादून का पुराना वीडियो बताया। साथ ही उन्होंने इसकी जगह नेहरूग्राम होने की पुष्टि की।
नेहरूग्राम रायपुर थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए हमने रायपुर थाना प्रभारी प्रदीप नेगी से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि यह वीडियो अगस्त 2024 का है। नेहरूग्राम में कोचिंग संचालक धीरज अग्रवाल पुत्र राधे श्याम अग्रवाल ने कोचिंग के सामने खड़े वाहनों के सीट कवर को ब्लेड से काट दिया था। इस मामले में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं है।
वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 46 फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: देहरादून में कोचिंग संचालक धीरज ने वाहनों के सीट कवर को ब्लेड से काट दिया था। उस घटना के वीडियो को सांप्रदायिक रंग देकर शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : मोहम्मद जुनेद ने अपना बिजनेस बढ़ाने के लिए सीट कवर को ब्लेड से काट दिया।
- Claimed By : FB User- अपने किसान भाई
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












