X
X

Fact Check: PM मोदी के साथ नजर आ रही महिला कुवैत की ‘महारानी’ नहीं, योग प्रशिक्षक शेखा अल-सबा हैं

कुवैत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वहां योग को बढ़ावा देने वाली योग प्रशिक्षक शेखा  अल-सबा से मुलाकात की थी। इस मुलाकात की तस्वीर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुवैत की 'महारानी' से हुई मुलाकात के गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया कुवैत यात्रा के संदर्भ में सोशल मीडिया पर उनकी एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि इस यात्रा के दौरान उन्होंने कुवैत की ‘महारानी’ के साथ मुलाकात की, जो अपनी वेशभूषा की वजह से कहीं से भी किसी मुस्लिम देश की ‘महारानी’ नहीं लग रही हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को भ्रामक पाया। वायरल तस्वीर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुवैत यात्रा से ही संबंधित है, लेकिन उनके साथ मुलाकात कर रही महिला वहां की लोकप्रिय योग प्रशिक्षक शेखा अल-सबा है।  शेखा अल-सबा कुवैत के  पहले लाइसेंस प्राप्त योग स्टूडियो दारात्मा की संस्थापक हैं।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘मन्नत खान’ ने वायरल पोस्ट (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “ये कुवैत की महारानी है ! देख के कोई युरोपियन देश की नेता लग रही है ! *ना कोई बुरका ना कोई जिहाब यही है असली होने की पहचान* और यहा भारत मे नकली #बुल्लियों  को कॉलेज मे ऑफिस मे बुरका और हिज़ाब चाहिए।”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस तस्वीर को समान दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल तस्वीर को लेकर दावा किया गया है कि इसमें भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुवैत की ‘महारानी’ के साथ भेंट करते हुए नजर आ रहे हैं। ऑरिजिनल स्रोत को ढूंढने के लिए हमने रिवर्स इमेज सर्च की मदद ली और यह तस्वीर हमें नरेंद्र मोदी के आधिकारिक एक्स हैंडल और विदेश मंत्रालय के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर लगी मिली।

दी गई जानकारी के मुताबिक, “इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुवैत की शेखा अल-सबा के साथ नजर आ रहे हैं।” पोस्ट में बताया गया है कि शेखा अल-सबा योग और फिटनेस के प्रति अपने जुनून के लिए जानी जाती हैं और उन्होंने अपना योग और वेलनेस स्टूडियो भी स्थापित कर रखा है। अल-सबा कुवैत में बेहद लोकप्रिय हैं।

कई अन्य न्यूज रिपोर्ट्स में भी हमें यह तस्वीर समान संदर्भ के साथ मिली। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दो दिवसीय कुवैत यात्रा संपन्न हुआ और भारत सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, 43 साल बाद किसी भारतीय पीएम की यह पहली कुवैत यात्रा थी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने कुवैत के अमीर शेख मेशाल अल-अहमद अल-जबर अल सबा के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।

इस यात्रा के दौरान उन्हें कुवैत के सर्वोच्च सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ मुबारक अल कबीर’से सम्मानित किया गया और अपनी इस यात्रा के दौरान उन्होंने ‘हाला मोदी’ कार्यक्रम को भी संबोधित किया।

कुवैत की आधिकारिक वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, शेख मेशाल अल-अहमद अल-जबर अल सबा वहां के अमीर हैं और वे दिसंबर 2023 में सत्ता में आए थे।

कुवैत सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, उनके पांच बेटे और सात बेटियां हैं। इस वेबसाइट पर हमें उनकी पत्नी की कोई तस्वीर नहीं मिली और किसी अन्य विश्वसनीय वेबसाइट पर भी हमें उनकी कोई तस्वीर नहीं मिली।

वायरल पोस्ट को लेकर हमने गल्फ न्यूज के पूर्व संपादक बॉबी नकवी से संपर्क किया। उन्होंने कहा, “कुवैत के शासक की पत्नी अमूमन सार्वजनिक दायरे से दूर रहती हैं।”  वायरल तस्वीर को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर 25 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: कुवैत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वहां योग को बढ़ावा देने वाली योग प्रशिक्षक शेखा  अल-सबा से मुलाकात की थी। इस मुलाकात की तस्वीर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुवैत की ‘महारानी’ से हुई मुलाकात के गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : कुवैत यात्रा के दौरान वहां की महारानी के साथ मुलाकात करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।
  • Claimed By : FB User-मन्नत खान
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later