Fact Check: मुकेश अंबानी महाकुंभ के अवसर पर लकी ड्रॉ में नहीं दे रहे मोटरसाइकिल, वायरल दावा फर्जी
महाकुंभ के नाम से वायरल लकी ड्रॉ को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। मुकेश अंबानी या फिर उनकी कंपनी रिलायंस की तरफ से इस तरह का कोई लकी ड्रॉ नहीं चलाया जा रहा है। यूजर्स के साथ धोखाधड़ी करने के मकसद से वायरल पोस्ट को शेयर किया जा रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Feb 17, 2025 at 01:11 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर लकी ड्रॉ को लेकर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि महाकुंभ के अवसर पर मुकेश अंबानी की तरफ से लकी ड्रॉ निकाला गया है। पोस्ट में एक नंबर बताया गया है। इस नंबर को सही बताने वाले एक लकी शख्स को हीरो मोटोकॉर्प की स्प्लेंडर बाइक दी जाएगी।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। मुकेश अंबानी या फिर उनकी कंपनी रिलायंस की तरफ से इस तरह का कोई लकी ड्रॉ नहीं चलाया जा रहा है। यूजर्स के साथ धोखाधड़ी करने के मकसद से वायरल पोस्ट को शेयर किया जा रहा है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि किसी भी अनजान पोस्ट पर इस तरह से क्लिक या भरोसा नहीं करना चाहिए और ना ही अपनी निजी जानकारी को शेयर करना चाहिए।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘पकंज1999’ ने पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “इनाम जितना हुआ आसान आप भी जल्दी करें।” पोस्ट में लिखा है, “मुकेश अंबानी की तरफ से महाकुंभउत्सव फ्री लकी ड्रा इस सर्कल में कितना नंबर लिखा है..जल्दी करें…स्प्लेंडर बाइक जीतने के लिए नीचे लाइक करके अपना नाम दर्ज करें।”
पोस्ट के आर्कइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। एबीपी न्यूज की वेबसाइट पर 1 फरवरी 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, रिलायंस की ओर से महाकुंभ को लेकर ‘तीर्थ यात्री सेवा’ नाम की एक पहल को शुरू किया है। इस पहल के तहत रिलायंस तीर्थयात्रियों को मुफ्त भोजन, मेडिकल सहायता, सुरक्षा के लिए लाइफ जैकेट, परिवहन सेवाएं और बेहतर कनेक्टिविटी दे रहा है। इस पहल में किसी भी लकी ड्रॉ का जिक्र नहीं किया गया है।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने रिलायंस की आधिकारिक वेबसाइट पर सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली। हमने सोशल मीडिया अकाउंट्स को भी खंगाला। हमें वहां पर भी दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली।
हमने हीरो मोटोकॉर्प की वेबसाइट पर जाकर इस लकी ड्रॉ के बारे में सर्च किया। हमें वहां पर भी इस दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली।
अधिक जानकारी के लिए हमने साइबर एक्सपर्ट एवं सेंटर फॉर रिसर्च ऑन साइबर क्राइम एंड साइबर लॉ के चेयरमैन अनुज अग्रवाल से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि हैकर्स अक्सर लोगों को ठगने के लिए ट्रेडिंग टॉपिक का इस्तेमाल करते हैं, जैसे कि इस समय महाकुंभ के नाम पर हो रहा है। महाकुंभ के नाम पर इस तरह के लकी ड्रॉ निकाले जा रहे हैं और फिर उनसे उनकी निजी जानकारी मांगी जाती है,ताकि, ठगी करने वाले उन्हें आर्थिक हानि पहुंचा सके। किसी भी अनजान पोस्ट पर भरोसा करना कई तरीके से खतरनाक हो सकता है। यूजर्स की निजी जानकारी को चोरी किया जा सकता है। उसे आर्थिक हानि पहुंचाई जा सकती है। यूजर के सिस्टम को हैक किया जा सकता है। इसलिए लुभावने ऑफर के लालच में न आएं और सावधान रहें।
अंत में हमने पोस्ट को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर के 956 के फॉलोअर्स हैं। यूजर्स इसी तरह की फर्जी पोस्ट को शेयर करता है।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि महाकुंभ के नाम से वायरल लकी ड्रॉ को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। मुकेश अंबानी या फिर उनकी कंपनी रिलायंस की तरफ से इस तरह का कोई लकी ड्रॉ नहीं चलाया जा रहा है। यूजर्स के साथ धोखाधड़ी करने के मकसद से वायरल पोस्ट को शेयर किया जा रहा है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि किसी भी अनजान पोस्ट पर इस तरह से क्लिक या भरोसा नहीं करना चाहिए और ना ही अपनी निजी जानकारी को शेयर करना चाहिए।
- Claim Review : महाकुंभ के अवसर पर मुकेश अंबानी ने निकाला लकी ड्रॉ, जीतने वाले को मिलेगी मोटरसाइकिल।
- Claimed By : FB User pankaj1999
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












